लक्खी मेला दाऊजी महाराज की तैयारियों को लेकर डीएम ने की बैठक
हाथरस। 17 सितंबर से शुरू होने वाले 115वें तृतीय प्रांतीय लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने मेला संयोजकों एवं समन्वयकों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी कार्यक्रमों को परंपरागत, भव्य एवं गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि मेले की प्रतिष्ठा अनुशासन, बेहतर व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं के अनुभव से निर्धारित होती है। आयोजक कार्यक्रमों की समयबद्ध कार्ययोजना प्रशासन को उपलब्ध कराएं और सुरक्षा व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अश्लील गीतों व राजनीतिक प्रचार से परहेज करने के निर्देश दिए गए।

एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कहा कि मेले की सफलता सामूहिक जिम्मेदारी है। सुरक्षा के लिए करीब 1,000 पुलिसकर्मियों, जिनमें लगभग 300 महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं, की तैनाती की जाएगी। मेले को 9 जोन और 9 सेक्टरों में बांटा गया है।
एडीएम प्रशांत तिवारी ने बताया कि सुरक्षा के लिए 120 एआई कैमरे लगाए गए हैं, जबकि 14 प्रमुख स्थानों पर वाटर कूलर लगाए जाएंगे। अधिकारियों ने संयोजकों से पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवक तैनात करने की अपील की।

