Breaking News
गौ आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश

हाथरस। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय अनुश्रवण एवं मूल्यांकन समिति की बैठक में गौ आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी संचालित गौशालाओं को आवश्यक सुविधाओं से पूर्ण रूप से संतृप्त करने, तहसील स्तर पर नियमित बैठकें आयोजित करने तथा सीसीटीवी कैमरों से निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने टीन शेड, भूसा गोदाम, केयरटेकर कक्ष, सड़क, चरही, धनराशि व भूसा की उपलब्धता और पौधरोपण सहित विभिन्न कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि उपलब्ध धनराशि से आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरे कराए जाएं। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी की जिम्मेदारी तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।


उन्होंने गौशालाओं में साफ-सफाई के लिए केयरटेकर एवं सफाई कर्मचारियों की शिफ्ट निर्धारित करने, परिसर को व्यवस्थित रखने तथा आवश्यकता के अनुसार मिट्टी डलवाने के निर्देश दिए। पशु चिकित्सा अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर उपचार एवं टीकाकरण सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी, उप जिलाधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page