परी नर्सरी स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव
हाथरस। परी नर्सरी स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नन्हे-मुन्ने बच्चे भगवान श्रीकृष्ण और राधा के मनमोहक स्वरूप में सजकर विद्यालय पहुंचे। बच्चों के आकर्षक रूप ने सभी का मन मोह लिया।
विद्यालय परिसर में श्रीकृष्ण के भजनों पर बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने उत्साहपूर्वक सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया और भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं को जीवंत किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य अर्चना गुप्ता ने बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा से संबंधित एनिमेशन फिल्म दिखाई और जन्माष्टमी के महत्व के बारे में बताया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को मिठाई वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

प्रधानाचार्य अर्चना गुप्ता ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों को भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक पर्वों की जानकारी मिलती है तथा उनमें संस्कार और अपनी संस्कृति के प्रति लगाव विकसित होता है। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों एवं स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।

