Breaking News
43 साल बाद बीएसएफ से सेवानिवृति के बाद गांव पहंुचे इंस्पेक्टर चोब सिंह, हुआ स्वागत

सादाबाद। गांव झगरार निवासी चोब सिंह के बीएसएफ में इंस्पेक्टर पद से 43 वर्षों की लंबी सेवा के बाद सेवानिवृत्त होने पर सादाबाद आगमन पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों व समर्थकों ने फूलमालाओं से उनका जोरदार अभिनंदन किया।
सेवानिवृत्ति के बाद सादाबाद पहुंचे चोब सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर पूर्व विधायक प्रताप चौधरी ने भी उन्हें फूलमालाएं पहनाकर सम्मानित किया और उनके योगदान की सराहना की। चोब सिंह ने कहा कि देश सेवा का अवसर मिलना उनके लिए गर्व की बात रही और उन्होंने हमेशा ईमानदारी व निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। इस मौके पर बनी सिंह, महेश चौधरी, सचिन पचहरा, विष्णु चौधरी, सुनील फौजी, दिनेश, पवन दिसवार, आदित्य चौधरी, दक्ष चौधरी, अंश चौधरी सहित कई लोग मौजूद रहे।

दो सड़कों के निर्माण कार्य का विधायक ने किया शुभारंभ


सादाबाद। सादाबाद विधायक प्रदीप चौधरी उर्फ गुड्डू भैया के प्रयासों से दो महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण कार्य का रविवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। लोक निर्माण विभाग द्वारा स्वीकृत इस परियोजना की शुरुआत पूजा-अर्चना के साथ की गई।
परियोजना के तहत पहली सड़क नगला कला से नगला कला तक बनाई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, इस सड़क की मांग वर्षों से चली आ रही थी, लेकिन अब जाकर इसे मंजूरी मिली है। काफी समय बाद गांव को पक्की सड़क मिलने से ग्रामीणों में खासा उत्साह रहा। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दिनों में कच्चे और जर्जर रास्ते के कारण आवागमन बेहद कठिन हो जाता था। स्कूली बच्चों, किसानों और मरीजों को विशेष रूप से परेशानियों का सामना करना पड़ता था। दूसरी सड़क राया मार्ग से मढनई मोड़ तक बनाई जा रही है। यह मार्ग लंबे समय से खराब स्थिति में था, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को आए दिन दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। जगह-जगह गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती थी। अब निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। विधायक प्रदीप चौधरी उर्फ गुड्डू भैया ने कहा कि जनता की सुविधा उनकी पहली प्राथमिकता है। क्षेत्र की प्रत्येक सड़क, गांव और आवश्यकताओं को चरणबद्ध तरीके से पूरा कराया जा रहा है। जिन इलाकों में अब तक विकास नहीं पहुंचा, वहां भी तेजी से कार्य कराया जाएगा। उन्होंने सादाबाद विधानसभा को विकास का मॉडल क्षेत्र बनाने का संकल्प दोहराया। इस मौके पर इस अवसर पर रालोद जिलाध्यक्ष चौधरी श्याम सिंह, चेयरमैन प्रतिनिधि राधारमण अग्रवाल, मनोज चौधरी, राजेश चौधरी, दीपू चौधरी, रामसहाय सिंह, कर्मवीर सिंह, सुभाष चौधरी बंशी, गंभीर सिंह आदि थे।

सादाबाद में केक काटकर मनाई हाथरस जिले की 29वीं वर्षगांठ


सादाबाद। गांव शेरपुर स्थित बसपा कार्यालय पर रविवार को हाथरस जिले की 29वीं वर्षगांठ उत्साह और धूमधाम के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन बसपा वरिष्ठ नेता डॉ. अविन शर्मा के नेतृत्व में किया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं ने केक काटकर खुशी जाहिर की।
डॉ. अविन शर्मा ने कहा कि बसपा सुप्रीमो एवं पूर्व मुख्यमंत्री बहन कु. मायावती के प्रयासों से ही हाथरस को जिला बनने का गौरव प्राप्त हुआ। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति नहीं, बल्कि बहुजन समाज पार्टी की नीतियों और नेतृत्व का परिणाम है। उन्होंने सादाबाद तहसील के विकास को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। उन्होंने आरोप लगाया कि यहां का सरकारी अस्पताल रैफर सेंटर बनकर रह गया है, जबकि बस स्टेशन पर नियमित बस सेवाएं नहीं पहुंच रही हैं। उन्होंने इसे जनप्रतिनिधियों की उदासीनता बताते हुए कहा कि जनता की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ बसपा नेता जेपी सागर ने किया, जबकि अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजकपूर ने की। इस दौरान दिनेश देशमुख एडवोकेट, डॉ. रईस अहमद अब्बासी, दामोदर सिंह प्रधान, दिनेश भारती, मनोज वर्मा, जलालुद्दीन अब्बासी, मोहन मालती स्वरूप, भगवान सिंह कुशवाह, रूकम पाल सिंह, विन्नट प्रधान सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हाथरस जिले की वर्षगांठ पर बिसावर में मनाया गया काला दिवस

सादाबाद। वीर गोकुला की प्रतापी धरा बिसावर की स्वाभिमानी जनता ने 29 वर्ष पूर्व तत्कालीन बसपा सरकार द्वारा लिए गए जनविरोधी फैसले के विरोध में रविवार को हाथरस जिले की 29 वीं वर्षगांठ के मौके पर अपनी बांहों पर काली पट्टी बांधकर काला दिवस मनाया।
काला दिवस का नेतृत्व करते हुए मनोज पंसारी ने कहा कि 3 मई 1997 को हमारी भावनाओं को कुचलते हुए सादाबाद तहसील के साथ ही बिसावर क्षेत्र को कान्हा की नगरी मथुरा से अलग कर नवसृजित हाथरस जनपद में शामिल कर दिया गया था। यह केवल एक भौगोलिक परिवर्तन नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और सुगमता पर किया गया एक बड़ा प्रहार था। उन्होंने कहा कि बिसावर कोई साधारण जमीन का टुकड़ा नहीं है, यह उस महान योद्धा वीर गोकुला जाट की जन्मभूमि है, जिसने मुगलों की सत्ता हिला दी थी। जिस मिट्टी के सपूत ने मथुरा के मंदिरों की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया, उसी पावन धरा को मथुरा से काटकर अलग रखना वीर गोकुला की विरासत का घोर अपमान है, जिसके विरोध में बिसावर की अवाम आज तक मुखर है। 29 वर्ष पूर्व हमारी भावनाओं को दरकिनार कर बिसावर को मथुरा से अलग कर दिया गया था। इससे यहाँ के लोगों को हर कदम पर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। मुख्यमंत्री से मांग की गई कि सादाबाद तहसील नहीं, तो कम से कम बिसावर न्याय पंचायत को पुनः मथुरा जनपद में शामिल किया जाए। मथुरा से अलग किए जाने के बाद से बिसावर के नागरिकों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। हाथरस कलेक्ट्रेट जाने के लिए जनता को 3 से 4 वाहन बदलने पड़ते हैं, जबकि मथुरा के लिए एक सीधी बस सेवा उपलब्ध है। मथुरा में सभी प्रशासनिक कार्य एक ही परिसर (कलेक्ट्रेट) में संपन्न हो जाते हैं, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है। इसके विपरीत, हाथरस में विभिन्न दफ्तरों के लिए लोगों को दूर-दूर भागना पड़ता है। सादाबाद ब्लॉक से नेरा, बरौली, पटलौनी आदि क्षेत्रों के गांवों के अलग होने से बिसावर बाजार की रौनक और व्यापार पर प्रतिकूल असर पड़ा है। सामाजिक व सांस्कृतिक जुड़ावरू मथुरा भगवान श्री कृष्ण की नगरी है, जहाँ क्षेत्रवासियों का रोम-रोम जुड़ा हुआ है। यहाँ का सामाजिक ताना-बाना और रिश्तेदारियां भी स्वाभाविक रूप से मथुरा से ही जुड़ी हैं। इस अवसर पर भोजराज शर्मा, भगवान सिंह (स्टोव वाले),सुन्दर सिंह, वरुण चौधरी,लाला चौधरी, बलदेव ठाकुर, राजा बाबू, हेमेंद्र चौधरी, रिंकू चौधरी, अनिल अग्रवाल, विशम्बर कुशवाह, तरुण राजपूत, सचिन कुशवाहआदि लोग उपस्थित रहे।

निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर में 131 मरीजों की हुई जांच, 21 मोतियाबिंद रोगियों का होगा मुफ्त ऑपरेशन

सादाबाद। शनिवार को अग्रवाल सेवा सदन में निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर कल्याणं करोति नेत्र संस्थान, गोवर्धन रोड जचौंदा एवं श्याम स्टील लिमिटेड, कोलकाता के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। शिविर में अनुभवी एवं योग्य नेत्र विशेषज्ञों द्वारा अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से मरीजों की जांच कर उपचार की सुविधा प्रदान की गई।
शिविर में कुल 131 मरीजों ने पंजीकरण कराकर अपनी आंखों की जांच कराई। वरिष्ठ चिकित्सकों ने सभी मरीजों का बारीकी से परीक्षण किया। जांच के दौरान 21 मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई, जिन्हें निःशुल्क ऑपरेशन के लिए कल्याणं करोति नेत्र संस्थान, जचौदा भेजा गया है। वहां इन मरीजों का ऑपरेशन आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में किया जाएगा। शिविर में डॉ. अनुभव उपाध्याय के नेतृत्व में टीम ने सेवाएं दीं। टीम में कोऑर्डिनेटर अनिल चौधरी, विशाल सिंह एवं रामेश्वर दयाल शामिल रहे।

बसपाइयों ने बिसावर में वीर गोकुला जाट की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

सादाबाद। बिसावर में शनिवार को बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने वीर गोकुला जाट की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान बड़ी संख्या में बसपाई मौजूद रहे और उन्होंने वीर गोकुला जाट के जीवन और उनके संघर्षों को याद किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ बसपा नेता एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी डॉ. अविन शर्मा ने कहा कि वीर गोकुला जाट वीरता, साहस और संघर्ष के प्रतीक थे। उन्होंने हमेशा किसान, मजदूर और समाज के कमजोर वर्गों के हक के लिए आवाज उठाई और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। जिलाध्यक्ष राजकपूर ने भी उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि वीर गोकुला जाट का जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। आज भी लोग उन्हें सम्मान के साथ याद करते हैं और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लेते हैं। इस अवसर पर सचिन पहलवान, भूरा पहलवान, सौरभ शर्मा, देवेश चौधरी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने वीर गोकुला जाट के आदर्शों को अपनाने और समाज के हित में कार्य करने का संकल्प लिया।

सादाबाद में प्याऊ से मिलेगा ठंडा और शुद्ध पेयजल पूर्व विधायक ने किया शुभारंभ

सादाबाद। भीषण गर्मी के मद्देनजर शनिवार को युवा समाजसेवी दिनेश वार्ष्णेय द्वारा राहगीरों, वाहन चालकों व आम लोगों के लिए पानी की प्याऊ की शुरूआत कराई गई। इस प्याऊ की शुरूआत सादाबाद के पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल ने फीता काटकर की। देवेंद्र अग्रवाल ने कहा कि प्याऊ के जरिए लोगों को शुद्ध ठंडा पेयजल मिल सकेगा, जिससे भीषण गर्मी में आम लोगों, राहगीरों और वाहनचालकों को राहत मिल सकेगी। इस तरह के सामाजिक कार्याें के लिए अन्य लोगों को भी आगे आना चाहिए। उन्होने दिनेश द्वारा किए गए इस सराहनीय कार्य की सराहना की। मौके पर मौजूद लोगों ने विधायक का फूलमालाओं व स्मृति चिन्ह देकर स्वागत व सम्मान किया। मौके पर साकेत ठेंनुआ, मुन्नालाल अग्रवाल, सारांश गर्ग, रिंकू ठेंनुआ, सोनू अग्रवाल, सुरेशचंद्र वार्ष्णेय, लकी गुप्ता आदि थे।

आंधी-तूफान में दो मासूमों की मौत पर जनप्रतिनिधियों ने जताया शोक, हर संभव मदद का भरोसा


सादाबाद। गांव बिलारा में गुरुवार को आए तेज आंधी-तूफान से हुए दर्दनाक हादसे में दो बच्चों की मौत के बाद शुक्रवार को क्षेत्र के जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे। सादाबाद विधायक गुड्डू चौधरी, पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल और पूर्व विधायक प्रताप चौधरी ने मृतकों के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और घटना स्थल का मुआयना किया।
जनप्रतिनिधियों ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाया। इस हादसे में जयप्रकाश की बेटी नेहा और जितेंद्र के बेटे मनीष की असामयिक मौत हो गई थी, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर है। नेताओं ने परिजनों को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उच्चाधिकारियों से वार्ता कर पीड़ित परिवारों को आर्थिक मदद दिलाने के प्रयास किए जाएंगे। इस दौरान उन्होंने प्रशासन से भी ऐसे प्राकृतिक हादसों में त्वरित राहत और सहायता पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि प्रभावित परिवारों को समय पर सहयोग मिल सके।

कुरसंडा के अनमोल बने इनकम टैक्स इंस्पेक्टर, हुआ स्वागत


सादाबाद। सादाबाद क्षेत्र के गांव कुरसंडा निवासी अनमोल पुत्र अनिल कुमार का चयन इनकम टैक्स इंस्पेक्टर के पद पर हुआ। इस उपलब्धि से पूरे गांव में खुशी और उत्साह का माहौल है।
अनमोल के सम्मान में एम.आर. इंटर कॉलेज, कुरसंडा में स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य उम्मेद चौधरी, बनी सिंह पहलवान, अजीत चौधरी, रूपेंद्र सिंह, हरिशंकर फौजी, ईसान चौधरी, मुकेश कुमार चौधरी, विक्रम सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। ग्रामीणों ने अनमोल की इस सफलता को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि उनकी मेहनत और लगन से क्षेत्र के युवाओं को नई दिशा मिलेगी

बेंगलुरु मैराथन में दमखम दिखाने वाले खिलाड़ियों का सादाबाद में जोरदार स्वागत

सादाबाद। मुरसान रोड स्थित फाइव स्टार मैरिज होम में मंगलवार को एकमतेज फाउंडेशन की ओर से क्षेत्र के होनहार धावकों का स्वागत किया गया। बेंगलुरु में 26 अप्रैल को आयोजित टीसीएस वर्ल्ड 10 के मैराथन में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को फूल-मालाओं से सम्मानित किया गया।
ग्राम मंस्या निवासी मोहन सिंह आर्य ने 10 किमी मैराथन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अच्छा स्थान प्राप्त किया और ‘प्रो केम अवार्ड’ से सम्मानित हुए। वहीं ग्राम पंचायत शेरपुर निवासी ओमवीर सिंह ने भी 10 किमी दौड़ में बेहतरीन प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। दोनों खिलाड़ियों की घर वापसी पर एकमतेज फाउंडेशन की ओर से उनका जोरदार स्वागत किया गया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने खिलाड़ियों की मेहनत और उपलब्धि की सराहना करते हुए अन्य युवाओं को भी खेलों के प्रति प्रेरित होने का संदेश दिया। इस मौके पर फाउंडेशन के लीगल एडवाइजर धर्मवीर सिंह, अजरूद्दीन फौजी, राजेंद्र सिंह, मौसम शर्मा, ओमवीर सिंह, इकबाल, कन्हैया लाल, रामेश्वर पाराशर, अंशु ठाकुर, यश शर्मा सहित कई लोग उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page