Breaking News
विपक्ष पर बरसे सीएम योगी , डबल इंजन सरकार बिना भेदभाव कर रही विकास ,जनपद को 548 करोड़ की विकास सौगात, मेडिकल कॉलेज व सिकंदराराऊ में बस स्टैंड के लिये जल्द आवंटित होगी धनराशि

हाथरस । जनपद के दौरे पर आये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। वहीं डबल इंजन सरकार द्वारा प्रदेश के सभी 75 जिलों में बिना भेदभाव विकास, सुरक्षा और सुशासन के संकल्प को दोहराया। उन्होंने घोषणा करते हुये हाथरस में मेडिकल कॉलेज और सिकंदराराऊ में बस स्टैंड के निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने की बात कही। वहीँ जनपदवासियों को 548 करोड़ रुपये की लागत वाली 143 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक भी वितरित किए।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को हाथरस के सलेमपुर औद्योगिक आस्थान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुये सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को अयोध्या और मथुरा-श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर चुनौती देते हुए कहा कि अयोध्या को रामभक्तों ने संवारा है और यदि उनमें साहस है तो श्रीकृष्ण जन्मभूमि के विषय पर भी खुलकर अपनी बात रखें। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में पिछले नौ वर्षों में कानून-व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में दंगा, पथराव और कर्फ्यू जैसी स्थिति नहीं बनी तथा सभी पर्व-त्योहार, जिनमें हाल ही में संपन्न हुए लगभग 12 हजार मुहर्रम जुलूस भी शामिल हैं, शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। उन्होंने कहा कि सरकार ने स्पष्ट नीति बनाई है कि ताजिए के नाम पर किसी गरीब का मकान या छज्जा नहीं हटाया जाएगा, आवश्यकता होने पर ताजिए की ऊंचाई कम की जाएगी, लेकिन आम जनता की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा।
मुख्यमंत्री ने किसानों के हितों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में प्रोसेसिंग सेंटर, कोल्ड स्टोरेज और कृषि आधारित ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। आगरा में अंतरराष्ट्रीय पोटैटो सेंटर तथा वाराणसी में अंतरराष्ट्रीय राइस रिसर्च इंस्टीट्यूट स्थापित किए गए हैं, जिससे किसानों को बेहतर बीज और अपनी उपज का उचित मूल्य मिल सकेगा।

उन्होंने कहा कि 1975 के आपातकाल का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर संविधान का अपमान करने का आरोप लगाया और कहा कि आज समाजवादी पार्टी उसी कांग्रेस के साथ खड़ी होकर मुलायम सिंह यादव की विरासत का अपमान कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले विकास कुछ क्षेत्रों तक सीमित था, जबकि डबल इंजन सरकार प्रदेश के सभी 75 जिलों में बिना भेदभाव विकास, सुरक्षा और सुशासन के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत पात्र परिवारों को वर्ष में दो बार निःशुल्क गैस सिलेंडर दिए जा रहे हैं तथा सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने हाथरस की हींग और गुड़ जैसे स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की बात भी कही और विश्वास जताया कि नई विकास परियोजनाओं से जिले की अर्थव्यवस्था और रोजगार के अवसरों को मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने जनपद के स्थानीय उत्पादों के स्टॉलों का अवलोकन किया और ब्रज की पावन भूमि हाथरस को नमन करते हुए कहा कि यह जनपद बलदाऊ जी की पावन भूमि, स्वतंत्रता संग्राम में योगदान, हींग के व्यापार और हास्य कवि काका हाथरसी के कारण देश-विदेश में अपनी अलग पहचान रखता है।

श्री भैरवनाथ सिद्ध पीठ पर 101 हनुमान चालीसा पाठ का हुआ समापन, प्रसादी वितरित

हाथरस। श्री भैरवनाथ सिद्ध पीठ, रमनपुर रोड, हाथरस पर आयोजित 101 हनुमान चालीसा पाठ का समापन शनिवार, 27 जून 2026 को रात्रि 8 बजे श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में हुआ। जेष्ठ मास शुक्ल पक्ष त्रयोदशी के अवसर पर प्रातःकाल से शुरू हुआ यह धार्मिक आयोजन मंदिर परिसर में संपन्न हुआ।
मंदिर के महंत बाबा रामदास जी, जो हनुमान जी के अनन्य भक्त हैं, के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम की व्यवस्थाएं सत्येंद्र स्वरूप शर्मा ‘फौजी’ ने संभालीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।


इस अवसर पर राम खिलाड़ी काकू, कैलाश जी, श्रीमती गीता देवी, भगवान देवी, देव स्वरूप शर्मा, मनोज पंडित, आदित्य स्वरूप शर्मा सहित अनेक भक्तों ने आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया।
मंदिर के संस्थापक श्री वेद भगवान एवं अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र स्वरूप शर्मा ‘फौजी’ ने सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का समापन बजरंगबली के जयघोष, “श्री रामचंद्र कृपालु भज मन” की आरती एवं भोग-प्रसादी वितरण के साथ श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ।

29 जून को हाथरस में भामाशाह जयंती पर मनाया जाएगा व्यापारी कल्याण दिवस, 10 उद्योगपति-व्यापारी होंगे सम्मानित

हाथरस। दानवीर महाराजा श्री भामाशाह जी महाराज का जन्म महोत्सव 29 जून 2026 (सोमवार) को उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार व्यापारी कल्याण दिवस के रूप में मनाया जाएगा। यह कार्यक्रम अग्रवाल सेवा सदन, आगरा रोड (द्वितीय तल) पर दोपहर 2:00 बजे से 4:00 बजे तक आयोजित होगा।


कार्यक्रम में जनपद हाथरस के 10 उद्योगपतियों एवं व्यापारियों को उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से सम्मानित किया जाएगा।
राज्य कर (जीएसटी) विभाग के उपायुक्त आर.के. सिंह ने बताया कि दानवीर भामाशाह जी ने राष्ट्र और समाज के हित में अद्वितीय योगदान दिया। उन्होंने युद्ध के कठिन समय में महाराणा प्रताप को अपना संपूर्ण खजाना समर्पित कर भारत के स्वाभिमान और स्वतंत्रता की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ऐसे महान विभूति की जयंती को भव्य रूप से मनाने का निर्णय प्रदेश सरकार ने लिया है।
उपायुक्त ने जनपद के सभी उद्योगपतियों, व्यापारियों एवं व्यापारिक संगठनों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर इसे सफल बनाने की अपील की है।

छत्रपति शिवाजी महाराज ने धर्म की रक्षा, हिन्दू समाज का संगठन तथा हिन्दू पदपादशाही की स्थापना कर राष्ट्र को दी नई दिशा :हरिगढ़ विभाग सह बौद्विक प्रमुख जगदीश ,आरएसएस ने मनाया हिन्दू सम्राज्य दिवस

हाथरस । वीर शिवाजी महाराज ने धर्म की रक्षा और हिन्दू समाज को संरक्षित करने का कार्य किया। उन्होंने हिन्दू पद पादशाही की स्थापना कर सम्पूर्ण हिन्दू समाज को गौरवान्वित किया। छत्रपति शिवाजी महाराज ने हिन्दू समाज को जाग्रत और संगठित करने का जो कार्य किया वही कार्य राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भी कर रहा है। यह देश हिन्दुओं का है।
हिन्दुओं के शासन को विदेशी आताताई एवँ देश में बेठे राष्ट्रविरोधी कभी स्वीकार नही करेंगे और षड्यंत्र रचकर हिन्दू समाज को बांटने का कार्य करेंगे। ऐसे राष्ट्रविरोधीयों के षड्यंत्रों को ध्वस्त कर समस्त हिन्दू समाज को एकजुटता के साथ आगे बढ़ना है तभी विश्व मे भारत माता की जयजयकार होगी। उक्त बातें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के हरिगढ़ विभाग सह बौद्धिक शिक्षण प्रमुख जगदीश ने कही। वह गोपालधाम में आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के हिन्दू साम्राज्य दिवस को संबोधित कर रहे थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा वीर छत्रपति शिवाजी महाराज के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके उपरांत ने अतिथियों ने भारत माता के चित्र पर पुष्पार्चन किया। स्वयंसेवक कन्हैया ने “उठो जवानों, हम भारत के स्वाभिमान सरताज हैं, अभिमन्यु का रथ का पहिया चक्रव्यूह की मार है” गीत प्रस्तुत किया।
मुख्य वक्ता जगदीश ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये कहा कि समर्थ गुरु रामदास ने वीर शिवाजी महाराज को हिन्दू समाज और राष्ट्र को जागृत करने के लिए राजा बनने का आशीर्वाद दिया था। सन 1674 में ज्येष्ठ शुक्ल त्रयोदशी को हिन्दू पदपादशाही की स्थापना हुई और वीर छत्रपति शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक हुआ। इसी दिवस को संघ हिन्दू सम्राज्य दिवस के रूप में मनाता है।
जगदीश ने कहा कि शिवाजी महाराज वीर थे उन्होने कभी झुकना नही सीखा। गोरिल्ला युद्वनीति के उन्नायक शिवाजी महाराज ने क्रूर शासकों से लोहा लेकर मुगलों को धूल
चटाने का कार्य किया और सूझबूझ से अनेकों किलों को जीता। वह कहते थे कि राष्ट्रहित में कुछ भी करना पड़े वह न्यायसंगत है।
जगदीश ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज का जीवन हमें अधर्म एवँ राष्ट्र विरोधियों के खिलाफ लड़ने के लिये ऊर्जा प्रदान कर निरन्तर देश एवँ समाज की सेवा के लिये प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने उपस्थित लोगों से शिवाजी महाराज के आदर्शों और नीतियों को अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता चिकित्सक डॉ. अनुभव वर्मा ने की।

इस अवसर पर जिला संघचालक डॉ यूएस गौड़ ,जिला बौद्धिक प्रमुख पवन शर्मा ,जिला सेवा प्रमुख योगेश बागड़ी ,जिला व्यवस्था प्रमुख मनीष अग्रवाल ,जिला प्रचार प्रमुख आशीष सेंगर ,जिला सोशलमीडिया प्रमुख विकास गुप्ता ,जिला अभलेखगार प्रमुख सागर शर्मा ,नगर संघचालक डॉ पीपी सिंह ,नगर कार्यवाह भानु ,सह नगर कार्यवाह टिंकू राना ,सहित अनेक दायित्वान कार्यकर्ता एवँ स्वयंसेवक मौजूद रहे।

30 जून को मतदान केंद्रों के पुनर्गठन पर होगी बैठक, मान्यता प्राप्त दलों के प्रतिनिधि होंगे शामिल

हाथरस। कार्यालय मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में जनपद के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों के पुनर्गठन को लेकर 30 जून को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी।
अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशान्त तिवारी ने बताया कि मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों का पुनर्गठन अधिकतम 1200 मतदाताओं प्रति मतदेय स्थल के मानक के आधार पर किया जाएगा। इसके लिए पहले सभी मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन कराया जाएगा।
भौतिक सत्यापन के बाद मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श कर मतदेय स्थलों के प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। इस संबंध में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में 30 जून 2026 को अपराह्न 1:30 बजे कलक्ट्रेट सभागार, हाथरस में बैठक आयोजित की गई है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित प्रतिनिधियों से निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित होकर अपने सुझाव एवं सहभागिता सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।

जनपद न्यायालय हाथरस में कर्मचारियों को शिष्टाचार एवं न्यायालयीन कार्यप्रणाली का दिया गया प्रशिक्षण

हाथरस। जे.टी.आर.आई. लखनऊ के निर्देश तथा जनपद न्यायाधीश विनय कुमार के आदेशानुसार जनपद न्यायालय, हाथरस में कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य कर्मचारियों में सतत् सीखने की संस्कृति विकसित करना और न्यायालयीन कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना था।
प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय, हाथरस के प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में पेशकार राजीव कुमार एवं प्रशासनिक लिपिक आशुतोष अग्रवाल ने तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को शिष्टाचार, न्यायालय के तौर-तरीकों तथा कार्यप्रणाली की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को वादकारियों एवं सहकर्मियों के प्रति सम्मानजनक और सौहार्दपूर्ण व्यवहार अपनाने, वरिष्ठ अधिकारियों से कार्य करने की विधि एवं अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव की जानकारी सीखने तथा ईमानदारी, निष्ठा और निर्भीकता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सामान्य नियमावली (सिविल) के निर्धारित प्रारूपों के अनुसार रजिस्टर तैयार करने की तकनीकी जानकारी भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में जनपद न्यायालय, हाथरस के समस्त तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी उपस्थित रहे।

हाथरस मंडी समिति में मजदूर-आढ़तियों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, हवाई फायरिंग से मची अफरा-तफरी

हाथरस। अलीगढ़ रोड स्थित मंडी समिति में शनिवार सुबह मजदूरों और आढ़तियों के बीच हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। हंगामे के दौरान एक व्यक्ति द्वारा हवा में दो राउंड फायरिंग किए जाने से मंडी में अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, एक मजदूर के साथ कथित मारपीट की घटना से नाराज मजदूर बड़ी संख्या में संबंधित आढ़त पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और हंगामे के बीच एक व्यक्ति ने बंदूक से हवा में दो राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग के बाद हाथ में बंदूक लेकर जाते हुए उस व्यक्ति का वीडियो भी सामने आया है।
फायरिंग से आक्रोशित मजदूरों ने आरोपी आढ़तिया को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट कर दी। इससे मंडी परिसर में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम सदर राजबहादुर सिंह एवं सीओ सिटी हिमांशु माथुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मजदूरों से बातचीत कर उन्हें समझाया और स्थिति को नियंत्रित किया।
फिलहाल मंडी समिति में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पुलिस वायरल वीडियो तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

वकीलों, दस्तावेज लेखकों, स्टांप वेंडरों और टाइपिस्टों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी ,’फ्रंट ऑफिस’ प्रणाली लागू करने का विरोध

हाथरस। तहसील सदर में ‘फ्रंट ऑफिस’ प्रणाली लागू करने के विरोध में वकीलों, दस्तावेज लेखकों, स्टांप वेंडरों और टाइपिस्टों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है। संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले यह प्रदर्शन तहसील परिसर में किया जा रहा है, जिसके कारण रजिस्ट्री कार्यालय का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है।

गुरुवार को भी प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने ‘फ्रंट ऑफिस’ व्यवस्था को तानाशाहीपूर्ण निर्णय बताया है। उनकी मुख्य चिंता यह है कि इस प्रणाली से वर्षों से इस कार्य से जुड़े हजारों लोगों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो जाएगा। हड़ताल के कारण तहसील परिसर में सामान्य गतिविधियां बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।

रजिस्ट्री कार्यालय का कामकाज ठप रहने से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, खासकर जमीनों से संबंधित कार्यों में। धरने की अध्यक्षता राकेश चौधरी ने की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार अपना निर्णय वापस नहीं लेती है, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी हड़ताल अनिश्चितकाल तक जारी रहेगी, जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं।

इस अवसर पर मदन मोहन गौड़, सुदर्शन शर्मा, असगर अली, ब्रजकांत, दिनेश कुशवाहा, सुरेश चंद्र देशमुख, वीरेंद्र देशमुख, सुरेश चंद, विजेंद्र सिंह, मुकेश चंद्र, चंद्रवीर सिंह, हरिशंकर कातिब सहित कई लोग मौजूद थे। आंदोलनकारियों ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी बनाई है, जिसमें बुद्धि शुद्धि यज्ञ, काला दिवस और पुतला दहन जैसे कार्यक्रम शामिल हैं।

सड़क हादसे में एक पीआरडी जवान की मौत

हाथरस। सड़क हादसे में एक पीआरडी जवान की मौत हो गई। मंगलवार को हुए इस हादसे में अज्ञात वाहन की टक्कर से रमेश चंद गंभीर रूप से घायल हो गए थे। कल देर रात उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।

सासनी के नगला सिंह निवासी 55 वर्षीय रमेश चंद पुत्र भूरी सिंह पीआरडी में जवान के पद पर तैनात थे। वह अपनी ड्यूटी के लिए मोपेड पर सवार होकर सासनी आ रहे थे। सासनी में गोहाना चौकी पुल के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोपेड में टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि जवान सड़क पर गिर गए और उनकी मोपेड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद राहगीरों और ग्रामीणों ने घायल जवान को तुरंत एक निजी वाहन से सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया।

सीएचसी से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हाथरस के जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां से उन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक ने अपने पीछे चार संतानों को छोड़ा है।

सामुदायिक शौचालय केयर टेकर एसोसिएशन ने सौपा ज्ञापन, डीबीटी से मानदेय भुगतान की मांग

हाथरस।बकाया मानदेय की मांग और समूह द्वारा किए जा रहे भ्रष्टाचार के मामले में कार्यवाही की मांग को लेकर गुरुवार को सामुदायिक शौचालय केयर टेकर एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित एक ज्ञापन जिला कलेक्ट्रेट हाथरस पहुंचकर ओसी कलेक्ट्रेट को सौंपा

एसोसिएशन द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि ग्राम पंचायतों में संचालित सामुदायिक शौचालयों पर कार्यरत केयरटेकर प्रतिदिन सफाई व्यवस्था, रखरखाव, सुरक्षा एवं जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों का निर्वहन कर रहे हैं। स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें समय पर मानदेय नहीं मिल पा रहा है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कई स्थानों पर भुगतान प्रक्रिया में अनावश्यक देरी होती है, जिससे केयरटेकरों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। साथ ही भुगतान व्यवस्था में पारदर्शिता की कमी के कारण भी कर्मचारियों में असंतोष व्याप्त है।

एसोसिएशन ने मांग की है कि प्रदेश के सभी सामुदायिक शौचालय केयरटेकरों का मानदेय सीधे उनके निजी बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेजा जाए, इसके अलावा भुगतान की एक निश्चित समय-सीमा निर्धारित की जाए, ताकि प्रत्येक माह समय पर मानदेय प्राप्त हो सके।

केयरटेकरों का कहना है कि इससे न केवल भुगतान प्रक्रिया पारदर्शी होगी बल्कि कर्मचारियों को समय पर आर्थिक सहायता भी मिल सकेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांगों पर शीघ्र कार्रवाई कर राहत प्रदान करने की अपील की है।

You cannot copy content of this page