सादाबाद। भारतीय किसान यूनियन के बैनरतले 21 अगस्त को दोपहर 12 बजे महापंचायत आयोजित की जाएगी। इस महापंचायत में सादाबाद, सिकंदराराऊ और सासनी व हाथरस के किसान भारी संख्या में शामिल होंगे। तहसील अध्यक्ष विक्रम सिंह वर्मा व मंडल उपाध्यक्ष चंद्रेश चौधरी ने बताया कि भाकियू 10 अगस्त से अपनी चार मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर है। उनकी मांग है कि सरकार किसानों का आलू कोल्ड भाड़ा स्वयं जमा करे। सरकार किसानों के आलू को 1600 रूपया प्रति क्विंटल से खरीद करे। किसानों का बैंक कर्ज माफ किया जाए। किसान फार्मर रजिस्ट्री को रद्द किया जाए।
सादाबाद। समाजवादी पार्टी सादाबाद के वरिष्ठ नेता व समाजसेवी चौधरी सत्यवीर सिकरवार ने लखनऊ स्थित सपा के प्रदेश कार्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष को उनका छायाचित्र भेंट किया। मुलाकात के दौरान चौधरी सत्यवीर सिकरवार ने सादाबाद विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं और राजनीतिक समीकरणों को लेकर अखिलेश यादव को जानकारी दी। दोनों के बीच क्षेत्र की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और आगामी दिनों में उठाए जाने वाले जनहित के मुद्दों को लेकर भी चर्चा हुई। चौधरी सत्यवीर सिकरवार ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का मार्गदर्शन सदैव उत्साहवर्धक रहा है। उन्होंने कहा कि मुलाकात के बाद वे नई ऊर्जा के साथ क्षेत्र की जनता के बीच रहकर बढ़ती महंगाई व अन्य जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उनके समाधान के लिए प्रयास करने के संकल्प के साथ लौट रहे हैं।
सादाबाद। सादाबाद इंटर कॉलेज, सादाबाद में गठित ड्रग अवेयरनेस क्लब के तत्वावधान में बुधवार को विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को नशीले पदार्थों से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी देकर उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रवक्ता धर्मवीर सिंह ने विद्यार्थियों से नशे से सदैव दूर रहने, अपने साथियों को भी इसके प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है, इसलिए युवाओं का स्वस्थ और नशामुक्त रहना समाज एवं राष्ट्र के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर प्रधानाचार्य राजेश कुमार, मु. इमरान, मेवाराम, कपिल गुप्ता, निकेश कुमार तिवारी, शिखा शर्मा, संजय पाल सिंह, प्रदीप कुमार सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सादाबाद। गांव मंस्या खुर्द, सादाबाद निवासी एवं 68 वर्षीय अंतर्राष्ट्रीय एथलीट मोहन सिंह आर्य ने चंडीगढ़ में आयोजित लेक टू लेक 30 किलोमीटर अल्ट्रा मैराथन में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने गांव, क्षेत्र, जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया। 16 अगस्त 2026 को आयोजित इस चुनौतीपूर्ण अल्ट्रा मैराथन में मोहन सिंह आर्य ने 30 किलोमीटर की दूरी 3 घंटे 58 मिनट में पूरी की। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें मेडल देकर सम्मानित किया गया। यह मैराथन पहाड़ी क्षेत्र में आयोजित हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने चंडीगढ़ से दौड़ शुरू की और करीब 30 किलोमीटर की कठिन दूरी तय करते हुए टिक्कर ताल पहुंचकर दौड़ पूरी की। पहाड़ी रास्ते और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद मोहन सिंह आर्य ने पूरे उत्साह और दृढ़ संकल्प के साथ दौड़ पूरी की।
सादाबाद। गांव सलेमपुर में बुधवार को चरी के खेत में करीब 12 फुट लंबा विशाल अजगर निकल आने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। अजगर चरी काटते समय किसान निर्मल चौधरी को दिखाई दिया। विशाल अजगर को देखते ही किसान ने शोर मचा दिया, जिसके बाद मौके पर काफी किसान पहुंच गए। सूचना पर प्रधानपति रवि पहलवान पहुंचे और वन विभाग को सूचित किया। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। वन विभाग की टीम अजगर को अपने साथ ले गई और बाद में उसे जंगल में सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया। बताया जा रहा है कि अजगर अपने शिकार की तलाश में चरी के खेत में छिपकर बैठा था। खेत में अजगर निकलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और लोग अजगर को देखने के लिए पहुंचने लगे।
हाथरस। 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महा अभियान के अंतर्गत आज ब्रह्माकुमारीज तपस्या धाम, हाथरस द्वारा राजेंद्र लोहिया विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवा विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से जागरूक कर उन्हें स्वस्थ, संस्कारवान एवं नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बीके सुमित ने कहा कि “नशा नाश की जड़ है। नशे से मुक्त रहना है तो नशे को ना, फ्यूचर को हां और नशे को ना, करियर को हां करना होगा।” उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा, “नशा नहीं, अब जुनून चाहिए जीने का, कुछ सुकून चाहिए। बेहतर कल बनाना चाहते हैं तो आज नशे को बंद करना होगा।”
उन्होंने नशामुक्त जीवन के लिए युवाओं को पांच महत्वपूर्ण सूत्र बताए—अच्छे मित्र, अच्छे सपने, ध्यान, श्रेष्ठ चिंतन और श्रेष्ठ चरित्र। उन्होंने कहा कि सकारात्मक संगति, ऊंचे लक्ष्य और श्रेष्ठ विचार युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान बीके रश्मि बहन ने उपस्थित सभी युवा विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने की प्रतिज्ञा कराई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक नशामुक्त जीवन जीने का संकल्प लिया।
कॉलेज के प्रधानाचार्य सचिन भाटिया जी ने कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए ब्रह्माकुमारीज तपस्या धाम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार होते रहने चाहिए, ताकि बच्चों के अंदर नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता बढ़े और वे नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित रहें।
कार्यक्रम के अंत में ब्रह्माकुमारीज तपस्या धाम की ओर से कॉलेज के प्रधानाचार्य सचिन भाटिया जी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में नशे के विरुद्ध जागरूकता और स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य के प्रति सकारात्मक संकल्प की भावना को मजबूत किया।
हाथरस। मंडी समिति परिसर में देश की महामहिम राष्ट्रपति के नाम हस्ताक्षर अभियान चलाकर आरक्षण व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई गई। अभियान के माध्यम से मांग की गई कि आरक्षण का आधार जाति नहीं, बल्कि गरीबी और आर्थिक स्थिति हो, ताकि देश के प्रत्येक गरीब एवं जरूरतमंद व्यक्ति को समान रूप से आरक्षण का लाभ मिल सके। अभियान के दौरान “आरक्षण सुधार—सबका अधिकार, सबकी आवाज” का संदेश देते हुए निष्पक्षता, पारदर्शिता, समान अवसर, योग्यता आधारित व्यवस्था, सामाजिक न्याय और आर्थिक समानता को प्राथमिकता देने की बात कही गई।
आयोजकों ने कहा कि संविधान लागू होने के 76 वर्षों के बाद भी देश का गरीब व्यक्ति अनेक कठिनाइयों के बीच मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करने को मजबूर है। ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि गरीब व्यक्ति को अब तक आरक्षण का अपेक्षित लाभ क्यों नहीं मिल पाया? आरक्षण व्यवस्था का लाभ वास्तविक रूप से जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग तक पहुंचना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आरक्षण का आधार आर्थिक स्थिति होने से जातिवाद के मकड़जाल को कम करने में मदद मिलेगी तथा सामाजिक भेदभाव, असंतोष और वर्गीय दूरी को समाप्त करने की दिशा में सकारात्मक कदम उठाया जा सकेगा। इससे योग्यता के साथ समान अवसर उपलब्ध कराने और समाज के प्रत्येक वर्ग के गरीब व्यक्ति को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
अभियान के माध्यम से यह संदेश भी दिया गया कि समान अवसर के साथ एक सशक्त, समृद्ध और एकजुट भारत का निर्माण तभी संभव है, जब विकास और अवसर का लाभ वास्तविक रूप से जरूरतमंद लोगों तक पहुंचे।
आयोजकों ने मांग की कि आरक्षण व्यवस्था की व्यापक समीक्षा कर ऐसी व्यवस्था पर विचार किया जाए जिसमें गरीबी, आर्थिक पिछड़ापन और वास्तविक जरूरतमंद को प्रमुख आधार बनाया जाए। उनका कहना है कि सामाजिक न्याय के साथ आर्थिक समानता को मजबूत करना राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए आवश्यक है। यह हाथरस की आवाज जंतरमंतर पर आंदोलन में साथ मिलकर एक राष्ट्र और एक नागरिक की आवाज़ बने “आरक्षण सुधार—सबका अधिकार, सबकी आवाज” के संकल्प के साथ हस्ताक्षर अभियान को आगे भी जारी रखने का आह्वान किया गया। और जल्द ही जिलाधिकारी के माध्यम से एक ज्ञापन देश की महामहिम राष्ट्रपति के नाम दिया जायेगा आज के अभियान में प्रवीन वार्ष्णेय, राजेश वार्ष्णेय, अनिल अग्रवाल, रवि कुमार गुप्ता, मुरारी चौधरी, भानुप्रकाश वार्ष्णेय, कन्हैया शर्मा, अंकुर अग्रवाल, नीतेश वार्ष्णेय,प्रवीन कोठरी,शिवशंकर गुलाठी,आदि लोग उपस्थित रहे
हाथरस। पूर्व सभासद सुनील चतुर्वेदी ने यूजीसी कानून एवं सवर्ण समाज के हितों को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (राम पार्टी) का दामन थाम लिया है। पार्टी में उनकी सक्रियता और सवर्ण समाज के हितों के प्रति कार्य को देखते हुए प्रदेश अध्यक्ष विश्वदीप अवस्थी एडवोकेट के निर्देशन तथा जिलाध्यक्ष विजय कुमार शर्मा एवं पार्टी महासचिव/प्रभारी निशांत उपाध्याय की संस्तुति पर उन्हें हाथरस जनपद का जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
सुनील चतुर्वेदी इससे पूर्व बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से सभासद रह चुके हैं। उनके जिला उपाध्यक्ष बनने पर पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए संगठन को मजबूत बनाने की उम्मीद जताई। सोशलमीडिया पर सुनील को बधाई की पोस्ट डालकर खुशी का इजहार कर रहे है। वहीँ पार्टी पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि सुनील चतुर्वेदी अपने अनुभव एवं सक्रियता के माध्यम से संगठन को जनपद में मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
हाथरस। वेंकटेश्वर वेलफेयर सोसाइटी द्वारा संचालित, नेकी की दुकान का 10 वां वार्षिक उत्सव और हरियाली तीज महोत्सव, टालीवाल धर्मशाला मे बड़े ही धूमधाम से मनाया गया l कार्यक्रम का शुभारंभ प्रमुख समाजसेवी निशांत अग्रवाल, चारु अग्रवाल, दून पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य जे के अग्रवाल, विनोद कुमार एवं डॉ राजीव लोचन उपाध्याय ने संयुक्त रूप से फीता काट कर किया l कार्यक्रम में बच्चों ने साँस्कृतिक नृत्य एवं गायिकी की प्रस्तुति दी और मातृशक्तियों ने भी बड़े उल्लास के साथ गेम्स और डांस परफॉरमेंस में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया । संस्था की नई कार्यकारिणी गठित हुई और उन्हें शपथ ग्रहण कराई गई । संस्थापक अध्यक्ष श्री दीपक शर्मा जी ने संस्था के दस साल के सफर एवं कार्यों से सभी को अवगत कराया l सभी पदाधिकारियों द्वारा अतिथियों को पटका पहना कर व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया l कार्यक्रम में तीज क्वीन का खिताब राधा अग्रवाल को दिया गया l
कार्यक्रम का सफल संचालन इंदु सिंघल ने किया l डॉ बी पी सिंह , राकेश मोहन वशिष्ठ , राम बहादुर, शरद तिवारी, आशीष शर्मा नरेंद्र शर्मा, मनीष चांदगोटिया , शुभम गर्ग, राहुल गर्ग, नीरज वार्ष्णेय, डॉ कुनाल वार्ष्णेय , अंकुर अग्रवाल, अर्चना शर्मा, रजनी गर्ग, अनीता अग्रवाल, अंजलि, अनुपम , नैना, निधि, प्रसून, शीलू जैन, संजीव जैन, नेहा, नंदिनी , रिंकी, मुकुल मित्तल, विवेक कुलश्रेष्ठ ,कपिल गुप्ता आदि लोग मौजूद रहे l
हाथरस। नगर पालिका परिषद हाथरस के प्रथम तल पर स्थित कार्यालय में आने-जाने में दिव्यांगजनों को हो रही असुविधा का मामला शासन तक पहुंचने के बाद अब कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। नगर विकास अनुभाग-2, उत्तर प्रदेश शासन के संयुक्त सचिव देवेश मिश्र ने जिलाधिकारी हाथरस को पत्र भेजकर प्रकरण में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कर शासन को अवगत कराने के निर्देश दिए हैं। संयुक्त सचिव द्वारा 17 अगस्त 2026 को जारी पत्र में राज्य दिव्यांग सलाहकार बोर्ड, उत्तर प्रदेश के सदस्य सागर शर्मा द्वारा 4 अगस्त 2026 को भेजे गए पत्र का संदर्भ दिया गया है। सागर शर्मा ने नगर पालिका परिषद हाथरस के प्रथम तल पर संचालित कार्यालय में दिव्यांगजनों के पहुंचने में हो रही परेशानी को देखते हुए लिफ्ट की समुचित व्यवस्था कराने का अनुरोध किया था। शासन को भेजे गए पत्र में कहा गया कि दिव्यांगजनों को कार्यालय तक पहुंचने में हो रही असुविधा के समाधान के लिए लिफ्ट की व्यवस्था कराया जाना आवश्यक है। इस संबंध में संयुक्त सचिव ने जिलाधिकारी को निर्देशित किया है कि प्रकरण में नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही कराते हुए की गई कार्रवाई से शासन को अवगत कराया जाए।
बात दें कि राज्य दिव्यांग सलाहकार बोर्ड, उत्तर प्रदेश के सदस्य सागर शर्मा ने नगर पालिका परिषद हाथरस का कार्यालय प्रथम तल पर संचालित होने तथा दिव्यांगजनों के लिए लिफ्ट एवं अन्य सुगम सुविधाओं के अभाव के संबंध में उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री, प्रमुख सचिव, नगर विकास विभाग एवं निदेशक, नगर निकाय को ईमेल के माध्यम से शिकायती पत्र भेजा था। पत्र में उन्होंने था कि व्हीलचेयर उपयोगकर्ताओं, चलने-फिरने में असमर्थ दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों एवं अन्य जरूरतमंद नागरिकों को नगर पालिका कार्यालय तक पहुँचने में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इसे दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 तथा सुगम भारत अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने नगर विकास विभाग से मांग की है कि नगर पालिका परिषद हाथरस में प्राथमिकता के आधार पर लिफ्ट स्थापित कराई जाए तथा दिव्यांगजन-अनुकूल सभी आवश्यक सुगम सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाने की मांग की थी। शासन के इस निर्देश के बाद नगर पालिका परिषद हाथरस के प्रथम तल स्थित कार्यालय तक दिव्यांगजनों की सुगम पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में कार्रवाई की उम्मीद जगी है।