पुलिस भर्ती परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर डीएम-एसपी ने अधिकारियों के साथ की बैठक
हाथरस।। 14 एवं 15 मार्च को उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की प्रस्तावित लिखित परीक्षा को जनपद में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए समस्त आवश्यक तैयारियों को ससमय पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुये बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा 14 एवं 15 मार्च 2026 को सिविल पुलिस बलों की भर्ती के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की जानी प्रस्तावित है। लिखित परीक्षा का उद्देश्य सिविल पुलिस के पदों पर भर्ती करना है। यह प्रत्येक निर्धारित तिथि पर दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि इस प्रकार की महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन अत्यंत संवेदनशील एवं जिम्मेदारीपूर्ण कार्य है, इसलिए सभी अधिकारी पूरी गंभीरता, सतर्कता और पारदर्शिता के साथ अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आयोजित परीक्षा दिवस में लगाए जाने वाले कार्मिकों के आई0डी0 कार्ड जारी करने के साथ ही उन पर भी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने लिखित परीक्षा आयोजित किए जाने हेतु चयनित किए गए परीक्षा केंद्र के प्रधानाचार्य से प्रकाश, पानी, फर्नीचर आदि मूलभूत सुविधाओं के उचित प्रबंध करने के साथ ही परीक्षा अवधि में शौचालयों की निमित्त रुप से साफ सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही किसी भी स्तर पर क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था तथा अन्य निगरानी तंत्र को भी सुदृढ़ किया जाए, ताकि परीक्षा की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनी रहे। जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी न्यायिक को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा केन्द्र पर सम्मिलित होने वाले जनपद के बाहर के परीक्षार्थियों के रूकने हेतु रेनबसेरों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक परीक्षा केन्द्र तक पहुंचने हेतु प्रत्येक चौराहों पर रूट चार्ट लगवाने के निर्देश दिए जिससे कि परीक्षार्थी को केन्द्र तक पहुंचने में किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।

