Breaking News
नगला मंशा में बाबा साहेब की जयंती पर निकली शोभायात्रा, प्रतिमा पर किया माल्यापर्ण

सादाबाद। विधानसभा क्षेत्र के गांव नगला मंशा में भारतीय संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर ग्रामवासियों द्वारा भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बसपा के वरिष्ठ नेता डॉ. अविन शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और फीता काटकर शोभायात्रा का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान बाबा साहब की प्रतिमा पर भी माल्यापर्ण किया गया।
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जगह-जगह बाबा साहेब के जयकारों के साथ माहौल गूंज उठा और लोगों ने उनके बताए मार्ग पर चल.ने का संकल्प लिया। मुख्य अतिथि डॉ. अविन शर्मा ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को समानता, न्याय और अधिकारों की मजबूत नींव दी। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा है। हमें उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में शिक्षा, एकता और जागरूकता को बढ़ावा देना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा और अंत में सभी ने बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की। आयोजन में गांव के गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और बच्चे उपस्थित रहे

आस्था सिंह ने हाईस्कूल में जिले में हांसिल किया दूसरा स्थान, एयरहोस्टेस बनने की तमन्ना

सादाबाद। जिले के हाईस्कूल परीक्षा परिणाम में इस बार गंगा इंटर कॉलेज गढ़ उमराव की छात्रा आस्था सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त कर विद्यालय और परिवार का नाम रोशन किया है। आस्था की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर है और उन्हें लगातार बधाइयाँ मिल रही हैं।
आस्था सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय मेहनत और आत्मविश्वास को दिया। खास बात यह है कि उन्होंने किसी भी कोचिंग का सहारा नहीं लिया, बल्कि घर पर रहकर ही नियमित पढ़ाई की। पढ़ाई के दौरान उन्होंने यूट्यूब जैसे ऑनलाइन माध्यमों का भी सहारा लिया और वीडियो देखकर अपनी तैयारी को मजबूत किया। आस्था का सपना आगे चलकर एयर होस्टेस बनने का है, जिसके लिए वह लगातार प्रयासरत हैं। उनके इस लक्ष्य ने उन्हें पढ़ाई के प्रति और भी समर्पित बनाए रखा। आस्था के पिता बदन सिंह और माता रेनू सिंह, जो दोनों ही सरकारी शिक्षक हैं, ने बताया कि उनके परिवार में 5 बेटियां हैं और आस्था सबसे छोटी हैं। उन्होंने हमेशा बेटियों को बेटों के बराबर माना और उन्हें पढ़ाई व खेलने की पूरी आजादी दी। परिवार की दो बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि एक बेटी बीएससी नर्सिंग और दूसरी एमएससी की पढ़ाई कर रही है। माता-पिता ने बताया कि उनकी बेटियों ने मेहनत और लगन से हमेशा उन्हें गर्व महसूस कराया है, और अब आस्था की इस उपलब्धि ने पूरे परिवार को गौरवान्वित कर दिया है।

गोविंदपुर की छात्रा दीक्षा जुरेल ने किया कमाल, इंटर में जिले में प्रथम स्थान हासिल

सादाबाद। हाथरस जिले में इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में शिवाय इंटर कॉलेज, गोविंदपुर की छात्रा दीक्षा जुरेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। कंजौली, सादाबाद निवासी दीक्षा जुरेल, पुत्री ऋषिपाल सिंह, अब आईएएस बन कर देश सेवा करने का सपना देख रही हैं।
दीक्षा ने बताया कि वह रोजाना स्कूल में करीब 5 घंटे पढ़ाई करती थीं, इसके बाद घर और कोचिंग पर भी नियमित अध्ययन करती थीं। उनकी सफलता के पीछे अनुशासन और निरंतर मेहनत की अहम भूमिका रही है।
दीक्षा के पिता ऋषिपाल सिंह पेशे से सरकारी शिक्षक हैं, जबकि माता आशा देवी गृहणी हैं। दीक्षा ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और कॉलेज के शिक्षकों को दिया है, जिनके मार्गदर्शन और सहयोग ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। दीक्षा का कहना है कि सभी छात्र-छात्राओं को अपना लक्ष्य निर्धारित कर नियमित रूप से स्कूल जाना चाहिए और सोशल मीडिया से दूरी बनाकर पढ़ाई पर पूरा ध्यान देना चाहिए। दीक्षा की इस सफलता से परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर है, वहीं उनकी उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन रही है

सादाबाद इंटर कॉलेज सादाबाद में छात्र छात्राओं को हीट वेब के प्रति किया जागरूक

सादाबाद। सादाबाद इण्टर कॉलेज, सादाबाद में प्रातःकालीन प्रार्थना सभा के दौरान विद्यालय के संचारी रोग प्रभारी धर्मवीर सिंह द्वारा छात्र-छात्राओं को बढ़ते तापमान के मद्देनज़र हीट वेव (लू) से बचाव एवं सुरक्षा संबंधी जानकारी प्रदान की गई।
उन्होंने विद्यार्थियों को अत्यधिक धूप में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के एवं सूती वस्त्र पहनने तथा सिर को ढककर रखने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने हीट स्ट्रोक के लक्षणों जैसे चक्कर आना, अत्यधिक पसीना आना एवं शरीर का तापमान बढ़ना आदि के बारे में भी जागरूक किया तथा आवश्यकता पड़ने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने कहा कि वर्तमान मौसम में स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है और सभी छात्र-छात्राएं बताए गए निर्देशों का पालन करें। मौके पर शिखा शर्मा, निकेश कुमार तिवारी, प्रदीप कुमार, मु. इमरान, कपिल गुप्ता, मु. शादाब, रामकैलाश प्रजापति सहित समस्त शिक्षकगण एवं अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे

ऑफिस सुपरिटेंडेंट बनने पर योगेश का किया स्वागत

सादाबाद। ग्राम पंचायत कजरौठी के मजरा गांव अलिया निवासी कुंवर योगेश कुमार ने सीजीएल परीक्षा उत्तीर्ण कर ऑफिस सुपरिटेंडेंट का पद हासिल किया है। इसे लेकर उनके आवास पर पहुंचकर उनका और उनके परिवार का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान ग्रामीणों व गणमान्य लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ग्राम पं्रधान महाराज सिंह ने कहा कि योगेश कुमार की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और कड़ी मेहनत से सफलता हासिल करने का उदाहरण भी प्रस्तुत करती है। इस अवसर पर समाजसेवी एवं जाट महासभा के जिला महामंत्री बीरेंद्र सिंह पल्हावत ने योगेश कुमार को बधाई देते हुए कहा कि वे भविष्य में और उच्च पदों पर आसीन होकर क्षेत्र का नाम रोशन करें।

श्रीमद भागवत कथा में रामवनवास प्रसंग सुनकर भावुक हुए श्रद्धालु

सादाबाद। क्षेत्र के गांव नानऊ में चल रही श्रीमद भागवत कथा का आयोजन श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में जारी है। शुक्रवार को कथा व्यास संत विष्णु चेतन महाराज ने रामवनवास और रामकथा के विभिन्न प्रसंगों का अत्यंत मार्मिक और भावपूर्ण वर्णन किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
कथा के दौरान संत ने भगवान राम के वनवास, त्याग, मर्यादा और धर्मपालन से जुड़े प्रसंगों को विस्तार से प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि राम का जीवन आदर्शों से परिपूर्ण है और उनके चरित्र से प्रत्येक व्यक्ति को जीवन में सत्य, कर्तव्य और अनुशासन का पालन करने की प्रेरणा मिलती है। कथा के बीच-बीच में भजन-कीर्तन ने वातावरण को और अधिक भक्तिमय बना दिया, जिससे उपस्थित श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए। कथा स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था और दोपहर तक पांडाल पूरी तरह भर गया। आसपास के गांवों सहित दूर-दराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंचे। आयोजन स्थल पर महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। आयोजकों ने श्रद्धालुओं के लिए बैठने, पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं का समुचित प्रबंध किया है।

अंबेडकर जयंती पर सादाबाद में निकली भव्य शोभायात्रा
हाथरस बाईपास पर अतिक्रमण के खिलाफ चला अभियान, अवैध रास्ते किए बंद


सादाबाद। नेशनल हाईवे-509 की देखरेख कर रही ब्रज भूमि एक्सप्रेस प्राइवेट लिमिटेड की टीम ने शुक्रवार को हाथरस बाईपास पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाया। इस दौरान हाईवे किनारे बनी अवैध कॉलोनियों, दुकानों और मकानों के अनाधिकृत एक्सेस (रास्तों) को काटकर बंद किया गया। यह कार्रवाई ब्रज भूमि एक्सप्रेसवे के परियोजना निदेशक विनय वर्मा की अध्यक्षता एवं एनएचएआई के परियोजना निदेशक संदीप यादव के निर्देशन में की गई। अभियान के दौरान रूट पेट्रोलिंग टीम भी मौके पर मुस्तैद रही और अवैध निर्माणों को हटाने की प्रक्रिया पूरी कराई गई। परियोजना निदेशक विनय वर्मा ने बताया कि हाईवे पर यातायात सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बिना अनुमति बनाए गए रास्तों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अनधिकृत एक्सेस दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनते हैं, इसलिए इन्हें हटाना जरूरी है। कार्रवाई के दौरान ब्रज भूमि एक्सप्रेसवे की पूरी टीम सक्रिय रूप से मौजूद रही।

जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत निस्तारण में नंबर वन रहीं तहसील सादाबाद

सादाबाद। तहसील सादाबाद ने एक बार फिर उत्कृष्ट कार्यशैली का परिचय देते हुए माह मार्च में आईजीआरएस (जनसुनवाई) पोर्टल पर शिकायत निस्तारण में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर तहसील के अधिकारियों एवं कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई।
एसडीएम मनीष चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायतें तहसील कार्यालय को ऑनलाइन भेजी जाती हैं, जिनका निर्धारित समय सीमा के भीतर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाता है। उन्होंने बताया कि शिकायतों की जांच कर संबंधित विभागों को कार्रवाई हेतु भेजा जाता है और बाद में शिकायतकर्ता से संतुष्टि की भी पुष्टि की जाती है। राज्य स्तर पर किए गए मूल्यांकन में सादाबाद तहसील को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है, जो यहां की कार्यप्रणाली और जवाबदेही को दर्शाता है। एसडीएम ने कहा कि यह सफलता टीमवर्क और पारदर्शी व्यवस्था का परिणाम है। तहसील में मार्च माह के दौरान प्राप्त सभी शिकायतों का शत-प्रतिशत निस्तारण किया गया है। वहीं अन्य तहसीलों की बात करें तो सिकंदराराऊ और सासनी को 27वीं रैंक तथा हाथरस तहसील को 59वीं रैंक प्राप्त हुई है। इस उपलब्धि से तहसील प्रशासन का मनोबल और बढ़ा है तथा आगे भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिली है।

एसडीएम ने ओलावृष्टि व बारिश से फसल में हुए नुकसान का किया आकलन


सादाबाद। क्षेत्र में बीते तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश और रविवार को हुई ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। बिसावर क्षेत्र में पकी खड़ी तथा खेतों में कटी पड़ी गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। हालात की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को एसडीएम मनीष चौधरी ने मौके पर पहुंचकर फसलों का जायजा लिया।
एसडीएम ने लेखपाल ब्रजेश कौशिक के साथ बिसावर क्षेत्र के कई गांवों में खेत-खेत जाकर जमीनी स्तर पर नुकसान का आकलन किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से बातचीत कर फसल की स्थिति की जानकारी भी ली। एसडीएम मनीष चौधरी ने फसल की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण करते हुए कहा कि बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से हुए नुकसान का पूरा आकलन कर रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी, ताकि प्रभावित किसानों को उचित राहत दिलाई जा सके। इधर, लगातार बिगड़े मौसम और आसमान में छाए बादलों ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है। सोमवार की शाम को आसमान में फिर से बादल छा गए। तेज हवाएं चलने लगीं। ऐसे में हालात यह हैं कि कई किसानों के सामने खाने के अनाज और पशुओं के चारे तक का संकट खड़ा हो गया है। क्षेत्र के किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें साफ दिखाई दे रही हैं।

You cannot copy content of this page