ग्राम महेवा में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन ,श्री टीकाराम सेवा संस्थान एवं समर्पण क्लीनिक, अलीगढ़ के संयुक्त प्रयास से 200 से अधिक ग्रामीणों को मिला स्वास्थ्य लाभ
हाथरस। शुक्रवार को ग्राम महेवा की पावन धरती पर श्री टीकाराम सेवा संस्थान एवं समर्पण क्लीनिक, अलीगढ़ के संयुक्त प्रयास से ग्रामवासियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एक निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उनके घर के निकट ही स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जाँच, चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य जागरूकता उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम में अलीगढ़ से पधारे डॉ. चंद्रकांत मित्तल जी (MBBS, MD), उनके असिस्टेंट श्री दिनेश चंद्र जी एवं फार्मासिस्ट श्री अनिल कुमार जी ने अपनी सेवाएँ प्रदान कीं। चिकित्सा टीम के सहयोग के लिए कुमारी कविता जी (B.Sc. Nursing), कल्पना कौर जी (GNM) एवं संजना कौर जी (GNM) भी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में उस समय और चार चाँद लग गए, जब दिल्ली से पधारे हेल्थ ऑर्गनाइजेशन के वरिष्ठ रिसर्चर भी इस अवसर पर हमारे बीच उपस्थित हुए। उनकी उपस्थिति संस्था एवं ग्रामवासियों के लिए अत्यंत गौरव का विषय रही।
शिविर में 200 से अधिक मरीजों की निःशुल्क बीपी, शुगर सहित विभिन्न स्वास्थ्य जाँच की गईं तथा चिकित्सकों द्वारा मरीजों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार उचित परामर्श एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
डॉ. चंद्रकांत मित्तल जी की महत्वपूर्ण घोषणा
कार्यक्रम के मुख्य केंद्र-बिंदु रहे डॉ. चंद्रकांत मित्तल जी ने शिविर के दौरान एक अत्यंत सराहनीय एवं मानवीय घोषणा की। उन्होंने कहा कि आज इस कैंप में उपस्थित जिन मरीजों को उपचार के बाद भी आराम नहीं मिलता है, वे समर्पण क्लीनिक एवं हॉस्पिटल में आकर अपना उपचार करा सकते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मरीजों से किसी भी प्रकार की चिकित्सकीय फीस नहीं ली जाएगी और यदि मरीज को अस्पताल में भर्ती करने की आवश्यकता पड़ती है तो बेड चार्ज भी नहीं लिया जाएगा। मरीज को केवल आवश्यक दवाइयों का खर्च वहन करना होगा।
डॉ. मित्तल जी की इस घोषणा का उपस्थित लोगों ने स्वागत किया। यह पहल निश्चित रूप से मानव सेवा और चिकित्सा सेवा की भावना को और मजबूत करने वाली है तथा श्री टीकाराम सेवा संस्थान के लिए भी यह एक गर्व का क्षण रहा।
गणमान्य लोगों एवं पदाधिकारियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान श्री ए.के. सिंह जी, श्री विजेंद्र सिंह जी, प्रदेश संरक्षक श्री फतेह सिंह जी, प्रदेश अध्यक्ष श्री अंकुर कुमार जी, प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री दिनेश चंद्र जी, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री राजकुमार जी, प्रदेश सचिव श्री रामनरेश जी, प्रदेश उपसचिव श्री पुष्पेंद्र जी, युवा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष श्री विष्णु कुमार जी, युवा सदस्य श्री शिवम माहौर जी, युवा सदस्य श्री दिव्यांशु माथुर , युवा सदस्य श्री अभिषेक कुमार , श्री बच्चू सिंह , श्री आकाश , श्री मोहित , श्री रजत कुमार सहित संस्था के पदाधिकारी, सदस्य, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
सभी के सहयोग एवं सहभागिता से यह चिकित्सा शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
प्रदेश अध्यक्ष श्री अंकुर कुमार का उद्बोधन
कार्यक्रम के समापन अवसर पर श्री टीकाराम सेवा संस्थान के प्रदेश अध्यक्ष श्री अंकुर कुमार ने उपस्थित चिकित्सकों, चिकित्सा टीम, संस्था के पदाधिकारियों, ग्राम प्रधान, ग्रामवासियों एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि—
“स्वास्थ्य प्रत्येक व्यक्ति का मूल अधिकार है और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। श्री टीकाराम सेवा संस्थान का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक शिक्षा, स्वास्थ्य और सेवा को पहुँचाना है। आज ग्राम महेवा में आयोजित यह निःशुल्क चिकित्सा शिविर उसी सेवा भावना का एक छोटा सा प्रयास है। हम भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों को निरंतर आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे।”
उन्होंने विशेष रूप से डॉ. चंद्रकांत मित्तल जी एवं उनकी पूरी चिकित्सा टीम, समर्पण क्लीनिक, दिल्ली से पधारे वरिष्ठ रिसर्चर तथा कार्यक्रम को सफल बनाने वाले सभी पदाधिकारियों एवं ग्रामवासियों का धन्यवाद किया।
ग्राम प्रधान श्री ए.के. सिंह जी का उद्बोधन
इस अवसर पर ग्राम प्रधान श्री ए.के. सिंह जी ने भी अपने उद्बोधन में श्री टीकाराम सेवा संस्थान एवं समर्पण क्लीनिक की इस पहल की सराहना की।
उन्होंने कहा—
“ग्राम महेवा में इस प्रकार के निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन ग्रामीणों के लिए बहुत ही उपयोगी और सराहनीय पहल है। आज बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य जाँच एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ लिया है। मैं श्री टीकाराम सेवा संस्थान, समर्पण क्लीनिक एवं पूरी चिकित्सा टीम का ग्रामवासियों की ओर से हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ। आशा है कि भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम ग्राम महेवा में आयोजित होते रहेंगे और हम सभी मिलकर समाज की सेवा के लिए इसी प्रकार कार्य करते रहेंगे।”
कार्यक्रम के अंत में सभी चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, संस्था के पदाधिकारियों, सदस्यों, ग्राम प्रधान, गणमान्य नागरिकों एवं उपस्थित समस्त ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया गया।
श्री टीकाराम सेवा संस्थान का संकल्प — शिक्षा, सेवा और समर्पण के माध्यम से समाज के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक सहयोग पहुँचाना।
श्री टीकाराम सेवा संस्थान (रजि.)
शिक्षा • सेवा • समर्पण


