Breaking News
सासनी में ‘गुरु गौरव कप 2026 का डॉ. विकास शर्मा ने किया भव्य उद्घाटन ,शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के हो रहा क्रिकेट टूर्नामेंट

सासनी। माध्यमिक शिक्षा विभाग अलीगढ़ मंडल के शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के बीच आयोजित “गुरु गौरव कप 2026” क्रिकेट टूर्नामेंट का शुक्रवार को के. एल. जैन इंटर कॉलेज, सासनी के खेल मैदान में बेहद उत्साह और गरिमा के साथ शुभारंभ हुआ। फोकस अल्ट्रासाउंड के डायरेक्टर डॉ. विकास शर्मा द्वारा टूर्नामेंट का विधिवत उद्घाटन किया गया, जिसके बाद पूरे मैदान में तालियों की गूंज के साथ खिलाड़ियों का जोश देखते ही बन रहा था।

उद्घाटन समारोह में जिला विद्यालय निरीक्षक अलीगढ़ श्री पूरन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते हुए सभी टीमों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं बल्कि अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का सबसे बड़ा माध्यम हैं। शिक्षकों द्वारा ऐसे आयोजनों में सक्रिय भागीदारी पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है।

आयोजन समिति द्वारा सभी अतिथियों का माल्यार्पण कर भव्य स्वागत और सम्मान किया गया।

डॉ. विकास शर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ खेल संस्कृति का विकास बेहद आवश्यक है। ऐसे आयोजन शिक्षकों के बीच आपसी सहयोग, ऊर्जा और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज का मार्गदर्शक होता है और जब शिक्षक खेल के मैदान में उतरते हैं तो यह नई पीढ़ी के लिए भी प्रेरणा का संदेश देता है।

कार्यक्रम के दौरान के. एल. जैन इंटर कॉलेज, सासनी के प्रधानाचार्य डॉ. दीपक जैन तथा डॉ. वीरेंद्र प्रताप सिंह ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए आयोजन समिति की ओर से आभार व्यक्त किया।

उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक, खेल प्रेमी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। पूरे मैदान में उत्साह का माहौल रहा और दर्शकों ने खिलाड़ियों का जोरदार उत्साहवर्धन किया। सभी ने इस आयोजन को शिक्षा जगत में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने वाला एक सराहनीय और प्रेरणादायक प्रयास बताया।

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page