Breaking News
प्रदेश स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन ट्रायल 12 अक्टूबर को

हाथरस। जिला खेल कार्यालय, हाथरस की ओर से वाराणसी में 15 एवं 16 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाली प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालक वर्ग एथलेटिक्स प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए जनपद के खिलाड़ियों का चयन ट्रायल 12 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा।

जिला खेल कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, चयन ट्रायल 12 अक्टूबर 2026 को अपराह्न 2 बजे से अहिल्याबाई होल्कर स्पोर्ट्स स्टेडियम, हाथरस में होगा। जनपद स्तर पर चयनित खिलाड़ी 13 अक्टूबर को पूर्वाह्न 11 बजे से अहिल्याबाई होल्कर स्पोर्ट्स स्टेडियम, अलीगढ़ में आयोजित मंडल स्तरीय चयन ट्रायल में प्रतिभाग करेंगे।

प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए खिलाड़ियों की जन्मतिथि 17 सितंबर 2010 से 16 सितंबर 2012 के मध्य होनी चाहिए। चयन ट्रायल में शामिल होने के इच्छुक खिलाड़ियों को अपने साथ आयु प्रमाण पत्र अथवा आधार कार्ड की छायाप्रति लाना अनिवार्य है।

जिला खेल कार्यालय ने पात्र खिलाड़ियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर स्पोर्ट्स स्टेडियम, हाथरस पहुंचकर चयन ट्रायल में प्रतिभाग करने की अपील की है।

व्यापार मंडल द्वारा यूपीआई ट्रांजिशन चार्ज का फूंका पुतला ,आक्रोश जताया

हाथरस। उद्योग व्यापार प्रतिदिन मंडल उतर प्रदेश के आह्वान पर हाथरस जनपद में यूपीआई पर सरकार द्वारा 15 अक्टूबर से लगाए जाने वाले ट्रांजैक्शन चार्ज 0.4% के विरोध में आज जिला अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, जिला चेयरमैन कपिल अग्रवाल के नेतृत्व में पुतला दहन कार्यक्रम संपन्न हुआ। जिसमें सरकार से मांग की गई कि वह शीघ्र इस काले कानून को वापस ले । जिससे व्यापार जगत को राहत मिल सके, सभी व्यापारी यूपीआई चार्ज मुर्दाबाद के नारे लगा रहे थे ,लोकेश अग्रवाल जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे । माननीय लोकेश अग्रवाल जी के आव्हान पर पूरे प्रदेश में यह कार्यक्रम किया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज अग्रवाल , राया वाले,प्रदेश मंत्री कपिल अग्रवाल,नगर अध्यक्ष मनोज बूटियां, जिलाध्यक्ष युवा नवीन गुप्ता,जिला महामंत्री नितिन वार्ष्णेय,नरेंद्र सिंह,कामेश वार्ष्णेय,मोनू जी,सतीश चंद्र ,आदि उपस्थित रहे।


वक्ताओं ने कहा कि 15 अक्टूबर से ₹2000 से अधिक यूपीआई ट्रांजैक्शन पर .04% ट्रांजैक्शन चार्ज व्यापारियों पर जोर देने के आदेश पारित किए गए हे, व्यापारी पर पहले ही अनेकों प्रकार के कर लगाए गए हैं यूपीआई पर ट्रांजैक्शन शुल्क लगाए जाने से व्यापार की गति कम होगी जिससे बाजार में मंदी क्या एक नया दौर आरंभ होगा तथा सरकार को भी राजस्व की हानि होगी
अतः व्यापार हित में आपसे अनुरोध है कि यूपीआई ट्रांजैक्शन पर लगाए जा रहे शुल्क वापस लिए जाने के निर्देश जारी करे। वरना इससे बड़ा आंदोलन करने पर व्यापार मंडल मजबूर होगा ।

महाराजा अग्रसेन जयंती पर 11 अक्टूबर को हाथरस में निकलेगी भव्य शोभायात्रा

श्री अग्रवाल सभा के तत्वावधान में होगा आयोजन, आकर्षक झांकियों और धार्मिक उत्साह के साथ निकलेगी शोभायात्रा

हाथरस। महाराजा अग्रसेन जयंती के पावन अवसर पर 11 अक्टूबर, रविवार को हाथरस शहर में श्री अग्रवाल सभा के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। शोभायात्रा के संयोजक श्री हर्ष मित्तल पिंटू तथा सह-संयोजक श्री मनीष मित्तल मोनू एवं श्री सुनील बंसल के नेतृत्व में आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं।

आयोजकों ने सभी अग्रबंधुओं से करबद्ध निवेदन किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शोभायात्रा में सम्मिलित होकर आयोजन की शोभा बढ़ाएं और महाराजा अग्रसेन जी के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करें।

यह भव्य शोभायात्रा महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों, सामाजिक समरसता, एकता और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियों, धार्मिक उत्साह और समाजबंधुओं की सहभागिता से आयोजन को विशेष स्वरूप प्रदान किया जाएगा।

महिलाओं की सुरक्षा शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता, मिशन शक्ति के तहत महिला सुरक्षा एवं जागरूकता पर विशेष ध्यान दें अधिकारी- जिलाधिकारी

हाथरस। थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ थाना कोतवाली सासनी पहुंचकर जनसमस्याओं एवं शिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान उन्होंने थाना समाधान पंजिका का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही थाने में संचालित मिशन शक्ति सेल का निरीक्षण कर महिलाओं की सुरक्षा एवं उनकी शिकायतों के प्रभावी निस्तारण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि थाना समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। प्राप्त शिकायतों पर केवल औपचारिक कार्रवाई न की जाए, बल्कि संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करें और नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ताओं को राहत प्रदान करें। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि जिन मामलों में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई आवश्यक है, उनमें दोनों विभागों की टीमें आपसी समन्वय से मौके पर पहुंचकर समस्याओं का निस्तारण करें। शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न हो तथा प्रत्येक प्रकरण में गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
थाना समाधान दिवस के साथ ही जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने थाना कोतवाली सासनी में संचालित मिशन शक्ति सेल का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने मिशन शक्ति कक्ष में तैनात महिला पुलिसकर्मियों से बातचीत कर महिलाओं से संबंधित शिकायतों की सुनवाई, कार्रवाई एवं सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। महिला शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को संवेदनशीलता एवं गंभीरता से सुनते हुए नियमानुसार त्वरित कार्यवाही की जाए। उन्होंने मिशन शक्ति के उद्देश्यों के अनुरूप महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तत्काल सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी सासनी, खंड विकास अधिकारी, थाना प्रभारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने श्री दाऊजी गौशाला का किया निरीक्षण , गौवंशों के संरक्षण, पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश

हाथरस। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ विकास खंड सासनी की ग्राम पंचायत समामई रूहल में संचालित श्री दाऊजी गौशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गौशाला में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गौशाला परिसर में निर्मित टीन शेड, चारा, पेयजल एवं गौवंशों की देखभाल के लिए उपलब्ध अन्य सुविधाओं का अवलोकन किया। अधिकारियों ने अवगत कराया कि गौशाला में 100×63 फीट के टीन शेड का निर्माण कराया गया है। इसके पिलर निर्माण में हैंडपंप रीबोरिंग से प्राप्त पाइपों का उपयोग किया गया, जिससे निर्माण लागत में उल्लेखनीय बचत हुई है। इसके अतिरिक्त बीमार गौवंशों को उपचार के दौरान अलग रखने के लिए एक पृथक टीन शेड का निर्माण कराया गया है।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि गौशाला में वर्तमान में कुल 300 निराश्रित गौवंश संरक्षित हैं, जिनमें 23 नर एवं 277 मादा गौवंश शामिल हैं। इनकी देखभाल के लिए 10 केयरटेकर तैनात हैं। गौशाला में तीन टीन शेड उपलब्ध हैं तथा एक अन्य टीन शेड का निर्माण कार्य प्रगति पर है। चारा खाने के लिए तीन चरही, पेयजल के लिए पांच हॉज तथा दो समरसेबल पंप की व्यवस्था है। वर्तमान में 90 कुंतल भूसा सुरक्षित रखा गया है तथा प्रतिदिन 35 से 45 कुंतल हरा चारा उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त 2,000 कुंतल क्षमता के भूसा गोदाम का निर्माण कराया गया है।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि अब तक 12 लाभार्थियों को 24 गौवंश सुपुर्द किए जा चुके हैं। गौशाला में पेयजल, विद्युत एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए समरसेबल पंप, विद्युत आपूर्ति तथा सीसीटीवी प्रणाली संचालित है। निरीक्षण प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए क्यूआर कोड आधारित व्यवस्था भी लागू की गई है। इसके माध्यम से निरीक्षण संबंधी प्रविष्टियां ऑनलाइन दर्ज होने पर जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा उनका अवलोकन किया जा सकेगा।
जिलाधिकारी ने गौशाला में उपलब्ध व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि गौवंशों के संरक्षण, समुचित पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने शासन की मंशा के अनुरूप गौशाला का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के साथ ही परिसर में वृहद स्तर पर वृक्षारोपण कराने तथा सोलर पंप की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारी सासनी, खंड विकास अधिकारी सासनी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

वेंकटेश्वर वेलफेयर सोसाइटी द्वारा संचालित नेकी की दुकान केरक्तदान शिविर में उमड़ा उत्साह, रक्तदाताओं ने पेश की मानवता की मिसाल

हाथरस। रक्तदान महादान, किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का बना माध्यम ब्लड बैंक, बागला जिला अस्पताल में समाजसेवा एवं मानवता की भावना को समर्पित रक्तदान शिविर का आयोजन नेकी की दुकान द्वारा किया गया। शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया और जरूरतमंद मरीजों की जिंदगी बचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर संघचालक समाजसेवी डॉ पी पी सिंह जी द्वारा फीता काट कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि मानवता की सच्ची सेवा है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति, गंभीर रोगी अथवा जरूरतमंद मरीज के लिए जीवनदान साबित हो सकता है।
शिविर में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जाँच के बाद सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया। संस्थापक एडवोकेट दीपक शर्मा ने रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है, इसलिए स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। सभी रक्तदाताओं को उनके इस पुनीत कार्य के लिए सम्मानित किया गया।


अंत में आयोजकों ने आमजन से अपील की कि वे रक्तदान के प्रति फैली भ्रांतियों को दूर करें और स्वस्थ होने पर नियमित अंतराल पर स्वैच्छिक रक्तदान करके मानव जीवन बचाने में अपना योगदान दें। शिविर मेंश्रीमती नेहा जैन जी जिला प्रभारी, श्री नरेंद्र शर्मा जी, जिला संयोजक, श्री नीरज वार्ष्णेय जी, जिला सचिव, डॉ कुनाल वार्ष्णेय जी, संयोजक चिकित्सा प्रकोष्ठ, श्रीमती अर्चना शर्मा जी संयोजक धार्मिक प्रकोष्ठ, श्रीमती Renu पचौरी जी नगर अध्यक्ष, प्रदेश कोषाध्यक्ष मनीष चाँदगोटिया, अनुपम शर्मा, नैना शर्मा, इंदु सिंघल, रश्मि अग्रवाल, योगेश वार्ष्णेय,आदि सदस्यों का सहयोग प्राप्त हुआ l रक्तदान करने वालों में अनीता शर्मा, सागर कटारा ,नेहा शर्मा, रश्मि अग्रवाल,, नेहा चौधरी, सुनीता,अमित टालीवाल, राजीव गौतम,उदित शर्मा, विकास, कोमल,विनोद चौहान, प्रियांशु अग्रवाल, शिखा जैन, शिवम जैन, अंजलि, लकी कंसल,चिराग कुलश्रेष्ठ, डॉ के के शर्मा, दिलीप उपाध्याय अध्यक्ष श्री ब्राह्मण संघ शिविर, चंद्र कांत जैन, विजय शर्मा जी – जिला अध्यक्ष राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा, कालू पंडित – जिला महामंत्री, पंडित प्रदीप शर्मा- जिला मंत्री , सौरभ पाराशर – जिला उपाध्यक्ष, दीनू पंडित जी – जिला उपाध्यक्ष , अतुल अग्निहोत्री – जिला मंत्री युवा मोर्चा, संजीव गोयल पूर्व भाजपा विस्तारक,उज्ज्वल गौतम सोशल मीडिया प्रभारी,ब्लड बैंक स्टाफ में कमलेश, शमशेर आदि लोग रहे l

व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल के नेतृत्व में पालिकाध्यक्ष का भव्य स्वागत,अधिकार बहाल होने पर डोल नगाड़ो के साथ बांटी मिठाई

हाथरस-इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा लोकप्रिय नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती श्वेता चौधरी दिवाकर जी नगर पालिका के वित्तीय अधिकार बहाल कर दिए जाने की खुशी में आज वसुंधरा स्थित उनके निवास स्थान जाकर ढोल नगाड़ों के साथ भव्य दिव्य स्वागत किया गया इस अवसर पर फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल फैम लोकसभा प्रभारी पंडित सत्य प्रकाश शर्मा सर्राफ रंगीला गुरुजी राजकुमार वर्मा कोठीवाल ऋषि कुमार वाष्णैय सर्राफ योगेश कुमार वाष्णैय सहपऊ वाले हेमंत कुमार वाष्णैय देवेंद्र चौहान आदि व्यापारी बंधुओ ने जन प्रिय नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती श्वेता चौधरी दिवाकर को अनेकों मालाये एवं पटका पहनाकर एवं मिष्ठान खिलाकर प्रतीक चिन्ह देकर ओर पुष्प वर्षा करके भव्य सम्मानित किया तथा हर्ष व्यक्त करते हुए नगर पालिका परिषद अध्यक्ष से अनुरोध किया की शहर के चहूमुखी विकास हेतु और अधिक तीव्र गति से प्रयास किए जाएं शहर की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए स्वागत सत्कार कार्यक्रम व्यापारी प्रतिनिधियों द्वारा किए गए सम्मान से अभिभूत होकर श्रीमती श्वेता चौधरी ने व्यापारी बंधुओ को पटका पहनाकर तथा मिष्ठान खिलाकर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा आपकी हमदर्दी आपका प्यार आपका लगाओ मुझे कार्य करने की प्रेरणा देता है मैं शहर के विकास हेतु भरपूर प्रयास करूंगी आप सभी के आशीर्वाद से शहर को कायाकल्प और सुंदर बनाने का प्रयत्न करूंगी व्यापारी प्रतिनिधियों द्वारा पूर्व सांसद श्री राजेश दिवाकर को भी आर्शीवाद प्रदान करते हुए धन्यवाद दिया

राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा राम पार्टी ने किया संगठन का विस्तार, जयनारायण शर्मा को जिला मंत्री, संजय कुमार जैन को जिला मीडिया प्रभारी, अतुल कुमार अग्निहोत्री को युवा मोर्चा जिला मंत्री की जिम्मेदारी

हाथरस। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा राम पार्टी ने हाथरस जनपद में संगठन विस्तार का क्रम जारी रखते हुए बुधवार को नए पदाधिकारियों की घोषणा की। पदाधिकारियों की घोषणा जिला महासचिव एवं प्रभारी निशांत उपाध्याय के निर्देशन में प्रदेश अध्यक्ष विश्वदीप अवस्थी एडवोकेट एवं जिलाध्यक्ष विजय कुमार की संस्तुति से की गई।

जिला महासचिव एवं प्रभारी निशांत उपाध्याय ने बताया कि राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा राम पार्टी हाथरस जनपद की तीनों विधानसभाओं में बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार पदाधिकारियों को जोड़ने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पार्टी द्वारा जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा भी की जाएगी।

संगठन विस्तार के तहत जयनारायण शर्मा को जिला मंत्री, संजय कुमार जैन को जिला मीडिया प्रभारी, अतुल कुमार अग्निहोत्री को युवा मोर्चा जिला मंत्री तथा कल्पना पाठक को महिला मोर्चा की जिला कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया है।

पार्टी पदाधिकारियों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

7 अक्टूबर को मण्डी रहेगी बन्द,धान की आवक अधिक होने से नही हो पा रही लोडिंग

हाथरस। सचिव कृषि उत्पादन मण्डी समिति हाथरस अनिल कुमार ने बताया कि दिनांक 06.10.2026 को कृषि उत्पादन मण्डी समिति, हाथरस में धान की अत्यधिक आवक होने के कारण मण्डी स्थल पूर्णतः भर गया है। फलस्वरूप ट्रकों की लोडिंग नहीं हो पा रही है। उक्त स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए दिनांक 07.10.2026 को कृषि उत्पादन मण्डी समिति, हाथरस में कृषकों द्वारा बिक्री हेतु लाये जा रहे कृषि उत्पाद, धान आदि का प्रवेश बन्द रहेगा। दिनांक 08.10.2026 से मण्डी का संचालन यथावत् प्रारम्भ हो जाएगा।
उन्होंने सभी कृषकों एवं व्यापारियों अपील की है कि वह 7 अक्तूबर को मण्डी में बिक्रय हेतु न आयें।

नवाचार और उत्कृष्ट शिक्षण कार्य के लिए हाथरस के 20 शिक्षक सम्मानित

हाथरस। मिशन शिक्षण संवाद अलीगढ़ द्वारा आयोजित मंडल स्तरीय शैक्षिक उन्नयन संगोष्ठी एवं शिक्षण सम्मान समारोह-2026 का आयोजन जनपद अलीगढ़ में किया गया। कार्यक्रम में जनपद हाथरस के 20 शिक्षकों को उनके विद्यालयों में किए जा रहे नवाचार, शोध-अन्वेषण, प्रभावी शैक्षिक विधियों के प्रयोग एवं उत्कृष्ट शिक्षण कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

सम्मान समारोह में उपशिक्षा निदेशक एवं सह शिक्षा निदेशक अलीगढ़ श्री लक्ष्मीकांत पाण्डेय, मिशन शिक्षण संवाद के संयोजक श्री यतेंद्र सिंघल एवं उपजिला संयोजक श्रीमती प्रिया शर्मा ने चयनित शिक्षकों को प्रमाण पत्र एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

सम्मानित शिक्षकों में विकासखंड हाथरस से हेमंत कटारा, मोहित सारस्वत एवं प्रव्म प्रकाश, नगर क्षेत्र हाथरस से नेहा सक्सैना, कल्पना शर्मा एवं जितेंद्र शर्मा, सहपऊ से रवेंद्र यादव एवं भूरी सिंह, सादाबाद से पूजा एवं वेद प्रकाश, मुरसान से अंजली दूबे, सिकंदराराऊ से डॉली तोमर एवं धर्मेंद्र त्यागी, हसायन से जितेंद्र सिंह एवं विनय यादव तथा सासनी से पल्लवी चतुर्वेदी, भूपेंद्र सेंगर एवं भूपेंद्र सिंह शामिल रहे।

कार्यक्रम में शिक्षकों के विद्यालयों में किए जा रहे अभिनव प्रयोगों, शोधपरक गतिविधियों तथा विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार के लिए अपनाई जा रही प्रभावी शिक्षण विधियों की सराहना की गई। शिक्षकों ने भी अपने अनुभव एवं नवाचार साझा किए।

आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के सम्मान समारोह शिक्षकों को बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करने के साथ-साथ अन्य शिक्षकों को भी विद्यालयी शिक्षा में नए प्रयोग और नवाचार अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।

You cannot copy content of this page