Breaking News
महिलाओं की सुरक्षा शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता, मिशन शक्ति के तहत महिला सुरक्षा एवं जागरूकता पर विशेष ध्यान दें अधिकारी- जिलाधिकारी

हाथरस। थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ थाना कोतवाली सासनी पहुंचकर जनसमस्याओं एवं शिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान उन्होंने थाना समाधान पंजिका का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही थाने में संचालित मिशन शक्ति सेल का निरीक्षण कर महिलाओं की सुरक्षा एवं उनकी शिकायतों के प्रभावी निस्तारण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि थाना समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। प्राप्त शिकायतों पर केवल औपचारिक कार्रवाई न की जाए, बल्कि संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करें और नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ताओं को राहत प्रदान करें। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि जिन मामलों में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई आवश्यक है, उनमें दोनों विभागों की टीमें आपसी समन्वय से मौके पर पहुंचकर समस्याओं का निस्तारण करें। शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न हो तथा प्रत्येक प्रकरण में गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
थाना समाधान दिवस के साथ ही जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने थाना कोतवाली सासनी में संचालित मिशन शक्ति सेल का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने मिशन शक्ति कक्ष में तैनात महिला पुलिसकर्मियों से बातचीत कर महिलाओं से संबंधित शिकायतों की सुनवाई, कार्रवाई एवं सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। महिला शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को संवेदनशीलता एवं गंभीरता से सुनते हुए नियमानुसार त्वरित कार्यवाही की जाए। उन्होंने मिशन शक्ति के उद्देश्यों के अनुरूप महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तत्काल सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी सासनी, खंड विकास अधिकारी, थाना प्रभारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page