Breaking News
मीडिया डे पर प्रेस क्लब हाथरस के पत्रकारों ने की स्व-गणना, दिया जागरूकता का संदेश

हाथरस। जनगणना-2026 के अंतर्गत स्व-गणना के प्रति जनसामान्य को जागरूक करने एवं अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु जनपद प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शनिवार को “मीडिया डे” के अवसर पर प्रेस क्लब ऑफ हाथरस के रामलीला ग्राउंड स्थित कार्यालय पर क्लब पदाधिकारियों एवं पत्रकारों ने सामूहिक रूप से स्व-गणना की।

“चलो निभाएं अपनी जिम्मेदारी, करें जनगणना में अपनी भागीदारी” संदेश के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी पत्रकारों ने ऑनलाइन माध्यम से स्व-गणना की प्रक्रिया पूर्ण कर अपनी स्व-गणना पहचान संख्या (SE ID) जनरेट की।

प्रेस क्लब अध्यक्ष उमाशंकर जैन ने कहा कि जनगणना राष्ट्रहित का महत्वपूर्ण कार्य है, जिसमें सभी नागरिकों की सहभागिता आवश्यक है। इसमें हम सभी को स्व गणना कर अपनी जिम्मेदारी निभानी है वहीं समाज के लोगों को जागरूक कर उनकी स्व गणना कराकर अपना कर्तव्य भी निभाना है। उन्होंने समाज के लोगों से भी स्वयं स्व-गणना करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।

अधिकारियों द्वारा स्व-गणना की ऑनलाइन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई तथा बताया गया कि नागरिक स्वयं पोर्टल के माध्यम से सरलता एवं पारदर्शिता के साथ अपनी जनगणना कर सकते हैं। स्व-गणना से समय की बचत के साथ-साथ आंकड़ों की शुद्धता एवं विश्वसनीयता भी सुनिश्चित होती है।
मीडिया प्रतिनिधियों ने आमजन से अपील की कि वे निर्धारित अवधि में स्व-गणना अवश्य करें और जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

गौरतलब है कि शासन के निर्देशानुसार 07 मई से 21 मई 2026 तक स्व-गणना का कार्य निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में 09 मई को मीडिया प्रतिनिधियों के लिए विशेष रूप से “मीडिया डे” आयोजित किया गया।

इस अवसर पर प्रभारी सूचना अधिकारी नरेंद्र, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष पुष्कर कुमार, महामंत्री राजदीप तोमर, कोषाध्यक्ष ब्रजेश मिश्र, उपाध्यक्ष शिवम गुप्ता, मीडिया प्रभारी आशीष सेंगर, जिला मंत्री राहुल शर्मा, ऑडिटर जिनेन्द्र जैन, सदस्य उमाकांत पुंडीर, उमाकांत बॉबी, पुलकित जैन, डॉ एमएल रावत ,मोनू सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

लापता युवक का कॉलोनी में शव मिलने से फैली सनसनी, परिजनों में मचा कोहराम

सासनी। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत इगलास रोड स्थित नवनिर्मित जय दुर्गा धाम कॉलोनी के पास शनिवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की शिनाख्त 25 वर्षीय हासिम पुत्र साबिर, निवासी गढ़ऊआ छौडा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, हासिम बीते 2 मई से रहस्यमय ढंग से लापता था, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट उसके पिता ने 4 मई को कोतवाली में दर्ज कराई थी।
शनिवार करीब 11 बजे स्थानीय लोगों ने कॉलोनी के पास शव देखा, जिससे राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों में चीख-पुकार मच गई। शव से तेज दुर्गंध आ रही थी, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि मौत कई दिन पहले हो चुकी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है कि यह हत्या है

उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के तत्वावधान में लगा दो दिवसीय निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर

हाथरस। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के तत्वावधान में दो दिवसीय निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन आर. डी. हॉस्पिटल, मोहनगंज हाथरस पर किया गया। शिविर में अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के अनुभवी विशेषज्ञ डॉ. अनुभव राकेश सोनी द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया गया तथा ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें की गईं।

शिविर में बड़ी संख्या में व्यापारियों एवं आम नागरिकों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर व्यापार मंडल के जिला महामंत्री अनिल वार्ष्णेय, कोषाध्यक्ष संजीव आंधीवाल, युवा प्रदेश मंत्री राहुल गुप्ता, युवा जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र वार्ष्णेय, विकास गर्ग, ऋषि वार्ष्णेय, नगर अध्यक्ष तरुण पंकज, महामंत्री राम अग्रवाल, लोकेश अग्रवाल दाल वाले, रवि वार्ष्णेय, युवा नगर अध्यक्ष योगेश वार्ष्णेय सहपऊ वाले, महामंत्री चंदन वार्ष्णेय, अनिल गुप्ता, हेमंत गुप्ता,राजीव वार्ष्णेय घी वाले, प्रदीप बंसल, बांके बिहारी गुड़ वाले सहित अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में डॉ. अनुभव जी के पिताजी श्री राकेश कुमार जी, ताऊजी श्री राजेन्द्र बाबू वर्मा, चाचा श्री दिनेश कुमार जी सहित डॉ. श्वेता वर्मा, धीरेन्द्र कुमार, महेश कुमार, प्रमोद कुमार, दिनेश कुमार, बंटी ठाकुर, आकाश राज, डॉ. विकास, आदित्य, मनीष, सत्येंद्र वत्स, कु. शीतल, लज्जा एवं हॉस्पिटल का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

इसी के साथ जॉइंट्स ग्रुप ऑफ डायमंड हाथरस की महिला शक्ति चार्टर अध्यक्ष पूजा वार्ष्णेय, सचिव प्रभा वार्ष्णेय, आशू वार्ष्णेय, IVP पूजा वार्ष्णेय, रेशू वार्ष्णेय एवं अंजू वार्ष्णेय भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।

व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने बताया कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता एवं समाज सेवा के उद्देश्य से इस प्रकार के शिविर भविष्य में भी आयोजित किए जाते रहेंगे।

न्यू राधा कृष्ण सेवा समिति ने हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई महाराणा प्रताप की जयंती

हाथरस। न्यू राधा कृष्ण सेवा समिति द्वारा आज करवला रोड स्थित आर.बी.एस. पब्लिक स्कूल में राष्ट्र गौरव महाराणा प्रताप की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन न्यू राधा कृष्ण सेवा समिति एवं विद्यालय प्रबंधन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, जिसका उद्देश्य युवा पीढ़ी को महाराणा प्रताप के संघर्ष, त्याग और अदम्य साहस से प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ आर.बी.एस. पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर राजकुमार सिंह एवं समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक पौरुष ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा महाराणा प्रताप के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर महाराणा प्रताप के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। कार्यक्रम का संचालन समिति के जिला अध्यक्ष रनसिंह सिसोदिया द्वारा किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप केवल एक योद्धा नहीं, बल्कि स्वाभिमान, राष्ट्रभक्ति और वीरता के प्रतीक हैं, जिनका जीवन आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। इस अवसर पर समिति के जिला उपाध्यक्ष मनीष उपाध्याय, जिला कोषाध्यक्ष प्रमोद कुमार, जिला सलाहकार राकेश रसिक राघव, जिला सचिव ओमवीर सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में खुशबू पौरुष, दीक्षा वार्ष्णेय, मोनिका शर्मा, पिंकी पांडे, सुमन कुशवाहा, लता कुशवाहा, कविता कुशवाहा, मिथलेश कुशवाहा, स्वीटी अवस्थी और उमा उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शैक्षणिक स्टाफ एवं सेवा समिति के सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। अतिथियों ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी अपने धर्म, संस्कृति और देश के प्रति निष्ठावान रहना ही महाराणा प्रताप को सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने की सामूहिक शपथ ली।

नगर पालिका ने की विभिन्न आधुनिक वाहनों की खरीद , पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी ने विधिवत पूजन एवं फीता काटकर किया शुभारंभ

हाथरस। नगर की सफाई व्यवस्था एवं पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद हाथरस द्वारा 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत विभिन्न आधुनिक वाहनों एवं उपकरणों की खरीद की गई है। नगर पालिका को 03 जेसीबी 3 डीएक्स, 01 जेसीबी 4 डीएक्स, 01 मिनी पोकलेन मशीन, 05 वाटर टैंकर एवं 04 ट्रैक्टर प्राप्त हुए हैं। नगर में बढ़ती गर्मी को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा नालों की तलीझाड़ सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए इन संसाधनों को शामिल किया गया है। सभी वाहनों का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी ने विधिवत पूजन एवं फीता काटकर किया। इसके बाद उन्होंने जेसीबी मशीनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर पूर्व सांसद राजेश दिवाकर, पेयजल विभाग के जेई हर्षवर्धन, नीरज कुमार, सभासद रामजीलाल वर्मा, प्रभु दयाल दिवाकर सहित नगर पालिका के कर्मचारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

बुजुर्ग दंपति की फरियाद सुन डीएम पहुंचे जिला पूर्ति कार्यालय,तुरंत कार्रवाई के दिए निर्देश

हाथरस। जनपद में शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए पहचाने जाने वाले जिलाधिकारी अतुल वत्स की शुक्रवार को जनसुनवाई के दौरान बड़ी कार्रवाई देखने को मिली।जनसुनवाई के दौरान एक बुजुर्ग दंपति अपनी फरियाद लेकर जिलाधिकारी के कार्यालय पहुंचा। दंपति ने बताया कि वह लंबे समय से अंत्योदय राशन कार्ड बनवाने के लिए जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक उनका राशन कार्ड नहीं बनाया गया। बुजुर्ग दंपति की समस्या सुनते ही जिलाधिकारी अतुल वत्स तत्काल उन्हें अपने साथ लेकर जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय पहुंच गए। वहां उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव राज यादव को पीड़ित दंपति का अंत्योदय राशन कार्ड जल्द बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति कार्यालय का औचक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण में मिली खामियों पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए व्यवस्था में तत्काल सुधार करने के कड़े निर्देश अधिकारियों को दिए।

सासनी कोतवाली चौराहे के सौंदर्यीकरण और नामकरण को लेकर स्थानीय लोगों ने राज्यपाल के नाम उपजिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

सासनी। तहसील क्षेत्र के व्यस्ततम सासनी कोतवाली चौराहे के सौंदर्यीकरण और नामकरण को लेकर स्थानीय नागरिकों ने राज्यपाल के नाम उप जिलाधिकारी नीरज शर्मा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में चौराहे पर भव्य गोल चक्कर निर्माण के साथ महान चक्रवर्ती सम्राट अशोक की विशाल प्रतिमा स्थापित करने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि सासनी कोतवाली चौराहा क्षेत्र का सबसे प्रमुख और व्यस्त केंद्र है, जहां अलीगढ़-आगरा हाईवे सहित इगलास, जलेसर, विजयगढ़ और नानऊ समेत छह प्रमुख मार्ग मिलते हैं। त्योहारों और व्यस्त समय में यहां अक्सर भारी जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। नागरिकों का कहना है कि गोल चक्कर बनने से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। क्षेत्रवासियों ने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया कि हाथरस जनपद में कई महापुरुषों के नाम पर चौक और प्रतिमाएं स्थापित हैं, लेकिन अहिंसा और करुणा के प्रतीक सम्राट अशोक के नाम पर अब तक कोई चौराहा नहीं है। उन्होंने मांग की कि चौराहे का नाम ‘सम्राट अशोक चौराहा’ रखा जाए तथा वहां सम्राट अशोक की भव्य प्रतिमा और उनके शांति संदेशों की शिलालेख पट्टिका स्थापित की जाए। इस दौरान सर्व समाज के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी को भी भेजी गई है। नागरिकों का कहना है कि इससे आने वाली पीढ़ियों को सम्राट अशोक के गौरवशाली इतिहास और मानवीय मूल्यों से प्रेरणा मिलेगी।

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रविवार को आयेगी हाथरस

हाथरस प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के कार्यक्रम में सम्मलित बौने के लिये उ०प्र० राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ० बबीता सिंह चौहान 10 मई को हाथरस आयेगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अध्यक्ष दिनांक 10 मई 2026 (रविवार) को प्रातः 10:30 बजे राधे गार्डन, नवग्रह मंदिर के सामने, हाथरस में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करेंगी। यह कार्यक्रम प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा आयोजित किया जा रहा है।

मंडी में हुई लूट की घटना से व्यापारी में आक्रोश

हाथरस। विगत दिनों मंडी परिसर में हुयी लूट की घटना से उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश लोकेश अग्रवाल गुट के सभी व्यापारी बहुत आक्रोश में दिखाई दिए, पूर्व में भी इस मुद्दे पर sdm महोदय को ज्ञापन दिया जा चुका है और कई बार मंडी सचिव के माध्यम से मांग की गई है की मंडी में सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरे को दुरस्त किया जाए,साथ ही मंडी में,मंडी बंद होने के बाद असमाजिक तत्व मंडी में घूमते रहते हैं और नशीली वस्तु का सेवन करते हैं लेकिन कभी भी प्रशासन ने इस पर कोई समाधान नहीं किया, विगत दिनों घटी घटना चिंता का विषय है प्रशासन शीघ्र संज्ञान ले व सीसीटीवी, सुरक्षा व्यवस्था दुरस्त की जाए. व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष मनोज अग्रवाल राय वाले युवा महामंत्री पश्चिमी उत्तर प्रदेश श्री संजीव अग्रवाल जी,युवा जिला अध्यक्ष श्री नवीन गुप्ता जी,नगर अध्यक्ष युवा आकाश गोयल जिला चैयरमेन कपिल अग्रवाल जी जिला महामंत्री नितिन वार्ष्णेय bmb मसाले, सभी ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है. इस संबंध मे एक पत्र माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ज़ी को भेजा जा रहा हे.

अन्य खबरें पढ़ने के लिये लॉगिंग करें- bhavyaprabhat.in
समाचार एवँ विज्ञापन के लिये संपर्क करें – आशीष सेंगर9319426268

भागवत श्रवण से मनुष्य के जीवन में प्रेम, शांति और सदाचार का संचार होता है — उपेंद्रनाथ चतुर्वेदी महाराज

श्रीमद्भागवत कथा समाज को संस्कार, भक्ति और मानवता का संदेश देती है — चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य
हाथरस। आगरा रोड स्थित शिव कॉलोनी के राधा विद्या मंदिर परिसर में श्री निकुंज बिहारी राधा माधव की असीम अनुकंपा से आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। कथा का वाचन वैष्णवाचार्य परम पूज्य उपेंद्रनाथ चतुर्वेदी महाराज के मुखारविंद से किया जा रहा है। कथा परीक्षित एवं संयोजक की भूमिका महेश तिवारी एवं रजनी वाला द्वारा निभाई जा रही है।
कथा के दौरान कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं कासगंज कोऑर्डिनेटर चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य ने पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा का रसपान किया तथा भागवताचार्य उपेंद्रनाथ चतुर्वेदी महाराज को पीत वस्त्र उड़ाकर एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। सम्मान कार्यक्रम में पंडित अविनाश चंद्र पचौरी, पंडित जयशंकर पाराशर, कपिल नरूला आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कथा की व्यवस्थाएं श्री कृष्णा गौतम द्वारा संभाली जा रही हैं।
इस अवसर पर भागवताचार्य उपेंद्रनाथ चतुर्वेदी महाराज ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि मानव जीवन को सत्य, सेवा, संस्कार और सदाचार की ओर प्रेरित करने वाला दिव्य ज्ञान यज्ञ है। उन्होंने कहा कि जब-जब समाज में नैतिक मूल्यों का पतन होता है तब भगवान की कथाएं मनुष्य को धर्म और मानवता का मार्ग दिखाती हैं। भागवत श्रवण से मन की अशांति समाप्त होती है तथा व्यक्ति के जीवन में प्रेम, करुणा और भक्ति का संचार होता है। उन्होंने युवाओं से भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपराओं से जुड़ने का आह्वान किया।
वहीं चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों की जीवंत धरोहर है। वर्तमान समय में समाज को आध्यात्मिक चेतना, नैतिक संस्कार और आपसी सद्भाव की सबसे अधिक आवश्यकता है, जिसका संदेश भागवत कथा देती है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से परिचित कराते हैं। उन्होंने कथा आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि धर्म और संस्कृति के संरक्षण हेतु इस प्रकार के आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए।
कथा श्रवण करने वालों में नित्यानंद शर्मा, केडी शर्मा, हरिश्चंद्र, विनोद शुक्ला, गंगासहाय उपाध्याय, शशि शर्मा, बलबीर सिंह सहित सैकड़ों श्रद्धालु कथा का आनंद ले रहे हैं।

अन्य खबरें पढ़ने के लिये लॉगिंग करें- bhavyaprabhat.in
समाचार एवँ विज्ञापन के लिये संपर्क करें – आशीष सेंगर9319426268

You cannot copy content of this page