स्कूल चलो अभियान: विद्यार्थियों ने निकाली जागरूकता रैली, अभिभावकों को किया प्रेरित
सादाबाद। नगर के संविलियन विद्यालय सादाबाद द्वितीय के छात्र-छात्राओं ने गुरुवार को ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत जागरूकता रैली निकालकर शिक्षा का संदेश दिया। रैली में बच्चों ने हाथों में आकर्षक नारे लिखी पट्टिकाएं लेकर लोगों को अपने बच्चों का स्कूल में दाखिला कराने, नियमित रूप से स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया।
रैली का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी पूनम चौधरी एवं नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राधा रमन अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर किया। यह रैली विद्यालय परिसर से शुरू होकर जवाहर बाजार, चौक बाजार, सब्जी मंडी रोड, जयंती भाई मार्ग और आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग से होते हुए पुनः विद्यालय पहुंची।
समापन पर खंड शिक्षा अधिकारी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और सभी से अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक जितेंद्र सिंह, शिक्षक योगेश शरण शर्मा, अजय गर्ग सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

