सिकंदराराऊ खंड में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया विजयदशमी उत्सव ,बीएस गार्डन बाजिदपुर में हुआ शस्त्र पूजन, गणवेशधारी स्वयंसेवकों ने निकाला पथ संचलन
हाथरस। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा सिकंदराराऊ खंड के बाजिदपुर स्थित बीएस गार्डन में विजयदशमी उत्सव हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान संघ के गणवेशधारी स्वयंसेवकों ने कस्बे में पथ संचलन निकाला। पथ संचलन में स्वयंसेवकों ने अनुशासन, एकता और संगठन के प्रति समर्पण का परिचय दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ हरिगढ़ विभाग प्रचारक गोविंद, कार्यक्रम अध्यक्ष एवं सिकंदराराऊ खंड संघचालक शिव कुमार गांधी, सिकंदराराऊ नगर संघचालक प्रवीण तथा मुख्य वक्ता पीके इंटर कॉलेज, नगला ब्राह्मण के प्रधानाचार्य प्रशांत शर्मा ने भारत माता के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया। इसके उपरांत विधि-विधान से शस्त्र पूजन संपन्न हुआ।
मुख्य वक्ता प्रधानाचार्य प्रशांत शर्मा ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शताब्दी वर्ष की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति और राष्ट्र निर्माण में योगदान की चर्चा की। उन्होंने कहा कि संघ के स्वयंसेवक समाज में सेवा, संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने स्वयंसेवकों द्वारा समाज निर्माण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए सभी से पंच परिवर्तन को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि विजयदशमी का पर्व शक्ति, साहस, संगठन और धर्म की स्थापना का संदेश देता है। ऐसे आयोजन स्वयंसेवकों में राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करने के साथ ही सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर कस्बा में पथसंचलन भी निकाला गया। ओत्थ संचलन में कदमताल मिलाकर चल रहे स्वयंसेवको पर कस्बा वासियों ने पुष्पवर्षा की।
इस अवसर पर नगर कार्यवाह सिकंदराराऊ अवधेश, खंड कार्यवाह पंकज, सह खंड कार्यवाह शिव सिंह, जिला शारीरिक शिक्षण प्रमुख राजीव पुंडीर, जिला गौ सेवा प्रमुख प्रशांत, दीपक, मनीष, प्रमुख समाजसेवी अभय प्रताप , भाजपा मंडल अध्यक्ष जितेंद्र, अमित, थान सिंह, चंद्रदेव सहित अन्य स्वयंसेवक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

