सादाबाद। बिसावर शीतगृह पर रविवार को संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में 322 वीं रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले गांव नगला बीरवल अतिया निवासी राहुल चौधरी का स्वागत और सम्मान किया गया। विधायक प्रदीप चौधरी, रालोद नेता गिरेन्द्र चौधरी एवं यथार्थ चौधरी ने राहुल चौधरी को पगड़ी बांधकर व माल्यार्पण कर तथा चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया। गिरेंद्र चौधरी ने कहा कि राहुल की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह दिखाती है कि मेहनत और लगन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। इस मौके पर रालोद जिला अध्यक्ष श्याम सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष केशव चौधरी, रामहरि चाहर, महीपाल सिंह, जगवीर सिंह चौधरी, नरेंद्र चौधरी, सोनवीर सिंह, सचिन पहलवान, लोकेंद्र चौधरी, अजय चौधरी, मनोज पंसारी सहित लोग मौजूद थे।
सादाबाद। स्थानीय हाथरस रोड स्थित अन्नपूर्णा सेवा सदन में रविवार को समाजवादी पार्टी द्वारा पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल के नेतृत्व में सहपऊ ब्लाक कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल ने सभी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को साफा पहनाकर सम्मानित किया। इसके बाद उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए केंद्र और प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को न तो किसानों की चिंता है और न ही आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार है। आलू किसानों की स्थिति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आलू की बेकद्री हो रही है और निर्यात न होने के कारण किसान भारी नुकसान झेल रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति लगातार खराब हो रही है। पूर्व विधायक ने नोटबंदी के फैसले को भी गलत ठहराते हुए कहा कि इससे देश की अर्थव्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने देश को जातिवाद के आधार पर बांटने का काम किया है, जबकि समाजवादी पार्टी हमेशा समरसता और भाईचारे की राजनीति करती रही है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार पंचायत चुनाव नहीं कराना चाहती, जबकि न्यायालय के हस्तक्षेप से चुनाव कराए जा सकते हैं। उन्होने सम्मेलन में कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और आने वाले चुनावों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। कहा कि 2027 के चुनाव में जनता ने सपा को सत्ता में लाने का मन पूरी तरह से बना लिया है। पूर्व विधायक ने कहा कि सादाबाद और मुरसान के कार्यकर्ता सम्मेलन होने के बाद वह गांव गांव हर घर जाकर पार्टी की रीति नीतियों से जनता को अवगत कराएंगे। सम्मेलन को पूर्व प्रत्याशी रामनारायण काके, पूर्व जिलाध्यक्ष चौधरी भाजुद्दीन, राकेश बघेल, जैनुद्दीन चौधरी, मोंटू चौधरी आदि ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में देवा लाला, मनोज यादव, साकेत ठेंनुआ, वीरेंद्र कुशवाह, कैलाश ठेंनुआ, रवि पहलवान, रानू सिसौदिया, भगत सिंह प्रधान, रजत अग्रवाल, चंदन अग्रवाल, अरूण अग्रवाल, केके प्रधान, गोलू प्रधान, विपिन यादव, दीपक यादव, बागड़वीर सिंह, पूरन कुशवाह, रंजीत प्रधान, रवि पचौरी, प्रेम कुमार सहित अन्य काफी सख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
सादाबाद। एसबीजे इंटर कॉलेज, बिसावर में विधायक प्रदीप चौधरी गुड्डू भैया एवं भाजपा नेता जगवेन्द्र चौधरी ने इंटरलॉकिंग सड़क का लोकापर्ण किया और छात्रों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आरओ सिस्टम का शुभारंभ किया। ग्राम प्रधान द्वारा अपने निजी खर्च से कॉलेज परिसर में इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया गया, जिससे विद्यालय आने-जाने वाले छात्रों एवं स्टाफ को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही एकमतेज फाउंडेशन द्वारा छात्रों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आरओ सिस्टम स्थापित किया गया। इसके अलावा विधायक द्वारा लगभग 160 मीटर इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया गया था। कार्यक्रम की अध्यक्षता महेंद्र सिंह आचार्य ने की। मौके पर शिक्षक संघ के मंडलीय अध्यक्ष डॉ.़ दिलीप कुमार अमौरिया, माध्यमिक शिक्षा संघ के जिला अध्यक्ष रणवीर सिंह चौधरी, प्रधानाचार्य राजेश कुमार, वीरेंद्र शर्मा, जसवीर सिंह, सुधीर चौधरी आदि थे। कार्यक्रम का संचालन रामचरण सिंह ने किया। मौके पर कॉलेज के शिक्षक योगवीर सिंह, प्रसिद्ध चित्रकार डॉ. भेद प्रकाश सिंह आदि थे।
सादाबाद। भारतीय किसान यूनियन के बैनरतले शनिवार को किसानों ने मंडलायुक्त के नाम नायब तहसीलदार अशोक कुमार गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बे मौसम बारिश से बर्बाद हुई गेहूं व सब्जी की फसल का सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा दिलाए जाने की मांग की गई। ज्ञापन में बताया गया कि बेमौसम बारिश ओलावृष्टि से गेहूं व सब्जी की फसल बुरी तरह से प्रभावित हुई है। किसान आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। ऐसी स्थिति में किसानों को तत्काल मुआवजे की आवश्यकता है। मौके पर विक्रम सिंह, चंद्रेश चौधरी, मंगलेश यादव, ओमप्रकाश, इकबाल सिंह, विश्वजीत आर्य, ओमवीर आदि थे।
सादाबाद। श्री सर्व समाज कल्याण समिति के बैनर तले हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में गुरुवार की रात सादाबाद नगर में भव्य श्री हनुमान शोभायात्रा बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ निकाली गई। शोभायात्रा में शामिल एक दर्जन से अधिक आकर्षक धार्मिक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया और पूरा नगर भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया। शोभायात्रा का शुभारंभ रमन रेती आश्रम के पूज्य संत श्री गोविंदानंद जी महाराज द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना कर किया गया। इसके बाद शोभायात्रा बीएस पब्लिक स्कूल, एसडीएम कोर्ट परिसर से प्रारंभ होकर विनोवा नगर चौराहा, हाथरस रोड, करबन नदी पुल और जवाहर बाजार होते हुए नगर के प्राचीन बगीची वाले हनुमान मंदिर पर पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया और आरती उतारी गई। जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयघोष से पूरा वातावरण गूंजायमान हो उठा। शोभायात्रा में 19 भव्य एवं आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इनमें हनुमान जी का रथ, भगवान श्रीराम का रथ, माता दुर्गा की झांकी, शिव बारात, कथकली नृत्य प्रस्तुति, श्रीनाथ जी एवं जगन्नाथ जी की झांकियां प्रमुख रहीं। इसके साथ ही दो बैंड, तीन डीजे और ढोल-नगाड़ों की गूंज ने पूरे नगर को भक्तिरस में डुबो दिया। कार्यक्रम के दौरान समिति अध्यक्ष कमल रावत ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। शोभायात्रा में जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय, बसपा नेता डॉ. अविन शर्मा, भाजपा नेता धर्मेंद्र गौतम, प्रमोद शर्मा, पंडित अनुज शर्मा, विनीत गौतम, राहुल शर्मा, लक्ष्मीकांत शर्मा, जितेंद्र दीक्षित, जितेंद्र गौतम एडवोकेट, मोहित अग्रवाल, राहुल बंसल, अनुभव लवानिया, उमेश शर्मा, सौरभ शर्मा, गगन पराशर, किशोर पचौरी, डॉ़. यतेंद्र शर्मा, अमन गौतम, दीपू शर्मा, तनुज शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
सादाबाद। अपराधियों के हौसले बुलंद होते नजर आ रहे हैं। सादाबाद के केला प्लांट मालिक से बदमाशों ने 4,04,200 रूपये की नगदी और सोने का कड़ा व अंगूठी व मोबाइल फोन लूट लिया और फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे मे हड़कंप मच गया। आनन फानन में देर रात सीओ घटना स्थल पर पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे और घटना स्थल का जायजा लिया। शुक्रवार को एएसपी ने भी घटनास्थल का मौका मुआयना किया। इस मामले में सादाबाद कोतवाली में तहरीर दी गई है। मौहल्ला इस्लाम नगर बाईपास रोड निवासी लवकुश पुत्र रामवीर ने शुक्रवार को सादाबाद कोतवाली में तहरीर देकर अपने चाचा के साथ हुई लूट की गंभीर वारदात की जानकारी देते हुए बताया कि घटना दो अप्रैल की रात करीब 10 बजे की है। चाचा हरिओम अपने भगवती कोल्ड के सामने छाबी मियां बाग स्थित केला प्लांट से घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में एक अज्ञात व्यक्ति ने उनकी बाइक रुकवा ली। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, तीन अन्य अज्ञात बदमाश मौके पर पहुंच गए। बदमाशों ने हरिओम को जमीन पर गिराकर बेरहमी से ईंट और तमंचे की बट से हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपियों ने उनके पास मौजूद 4 लाख 4 हजार 200 रुपये की नकदी, करीब 30 ग्राम सोने का कड़ा, 8 ग्राम सोने की अंगूठी और मोबाइल फोन लूट लिया तथा मौके से फरार हो गए। घटना के बाद घायल अवस्था में हरिओम को परिजन तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सादाबाद लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि हमले में उनके सिर पर गहरी चोट आई है और 18 टांके लगाए गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। क्षेत्राधिकारी (सीओ) अमित पाठक ने बताया कि मामले की तहरीर प्राप्त हो गई है और घटना की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
सादाबाद। सादाबाद में हनुमान जन्मोत्सव बड़े ही श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। पूरे कस्बे में धार्मिक माहौल देखने को मिला और जगह-जगह धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन कर बूंदी, सब्जी पूड़ी की प्रसादी का वितरण किया गया। सादाबाद तहसील परिसर में हवन-यज्ञ का आयोजन कर भगवान श्री हनुमान जी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। तदुपरांत प्रसादी का वितरण किया गया। इधर, जवाहर बाजार में अनुराग गुप्ता व अन्य श्रद्धालुओं द्वारा प्रसाद का वितरण किया गया। सिनेमाहॉल के सामने बगीची वाले हनुमान मंदिर के पास लोगों को स्टाल लगाकर प्रसाद का वितरण किया गया। मौके पर अमरीश अग्रवाल, अरूण अग्रवाल, नवल किशोर गोयल, अतुल गोयल, मोहन जिंदल, दीपक बंसल, अंकुश अग्रवाल, प्रिंयकर गर्ग, गनपति, आदि थे।
सादाबाद। पूर्व माध्यमिक विद्यालय एवं प्राथमिक विद्यालय मीरपुर के संयुक्त बैनरतले स्कूल चलो रैली गुरूवार को निकाली गई। रैली का शुभारंभ ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पोहप सिंह ने किया। रैली ने पूरे गांव में भ्रमण किया और बच्चों को स्कूल आने के लिए प्रेरित किया गया। नवीन नामांकन के लिए विद्यालय के स्टाफ के द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया। बाल वाटिका के अंतर्गत आने वाले बच्चों का भी नामांकन प्राथमिक स्तर पर कक्षा एक में कराया गया। विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक का भी आयोजन किया गया जिसमें छात्र-छात्राओं के अभिभावकों ने सहभागिता की। प्राथमिक विद्यालय प्रधानाध्यापक मोनू बंसल ने बताया कि शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है। शिक्षा अधिकार अधिनियम के अंतर्गत वर्ष 6 से 14 वर्ष तक के बच्चों को निशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा का प्रावधान सरकार द्वारा निहित है। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष सदस्य के अलावा विद्यालय स्टाफ इंचार्ज प्रधान अध्यापक हेमंत कुमार मोनू बंसल ,चारुल गर्ग अमरीश अग्रवाल वर्षा राना, शिवानी उपाध्याय, कुसुम लता, नीतू चौधरी, मंजूलता आदि थे।
सादाबाद। कस्बा स्थित अग्रसेन सेवा सदन में गुरुवार को निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर कल्याणं करोति नेत्र संस्थान, गोवर्धन रोड जचौदा एवं श्याम स्टील लिमिटेड, कोलकाता के संयुक्त तत्वावधान में लगाया गया, जिसमें काफी संख्या में क्षेत्र के नेत्ररोगी उमड़ पड़े। शिविर में अनुभवी एवं योग्य नेत्र चिकित्सकों द्वारा अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से मरीजों की आंखों की जांच की गई। कुल 161 मरीजों ने पंजीकरण कराकर अपनी आंखों का परीक्षण कराया। जांच के दौरान 41 मरीजों में मोतियाबिंद की समस्या पाई गई, जिन्हें निःशुल्क ऑपरेशन हेतु कल्याणं करोति नेत्र संस्थान, गोवर्धन रोड जचौंदा भेजा गया। डॉ. अनुभव अग्रवाल ने बताया कि इन मरीजों का ऑपरेशन संस्थान में आधुनिक तकनीक एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ किया जाएगा, जिससे उन्हें बेहतर दृष्टि मिल सकेगी। शिविर में डॉ. अनुभव उपाध्याय के नेतृत्व में चिकित्सा टीम ने सेवाएं प्रदान कीं। टीम में कोऑर्डिनेटर सुनील कुमार एवं सहयोगी रामेश्वर दयाल ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सादाबाद। संविलियन विद्यालय सादाबाद द्वितीय में गुरुवार को वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों की प्रतिभा, शिक्षा और सांस्कृतिक झलक एक साथ देखने को मिली। कार्यक्रम की शुरुआत नव प्रवेशी विद्यार्थियों के तिलक एवं स्वागत के साथ हुई, जिससे विद्यालय में उनके नए शैक्षणिक जीवन का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के मेधावी एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को शैक्षिक किट भी प्रदान की गई, जिससे उनके अध्ययन को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों को वार्षिक परीक्षाफल भी वितरित किया गया, जिससे बच्चों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यालय के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिस पर उपस्थित अतिथियों ने जमकर सराहना की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चेयरमैन प्रतिनिधि राधारमन अग्रवाल एवं खंड शिक्षाधिकारी पूनम चौधरी उपस्थित रहीं। विद्यालय के प्रधानाध्यापक जितेंद्र सिंह ने अतिथियों का स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। इस मौके पर खंड शिक्षाधिकारी पूनम चौधरी ने कहा कि विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और प्रतिभा विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जो सराहनीय है। उन्होंने बच्चों को निरंतर मेहनत करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक जितेंद्र सिंह, शिक्षक योगेश शरण शास्त्री, पूर्व सभासद मंजू देवी, एसएमसी अध्यक्ष वीरी सिंह, अभिभावकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।