Breaking News
रामनवमी पर कन्या लांगुरा की धूम, घर-घर मातारानी के रूप में सजीं बेटियां

सादाबाद। रामनवमी के पावन अवसर पर नगर व क्षेत्र में आस्था और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। इस मौके पर घर-घर कन्या लांगुरा जिमाए गए और बच्चों की टोलियां पूरे दिन गलियों में घूमती रहीं। बेटियों को मातारानी के स्वरूप में सजाकर उनका विधि-विधान से पूजन किया गया।
सुबह से ही श्रद्धालुओं ने अपने-अपने घरों में कन्याओं को आमंत्रित कर उनके चरण पखारे, रोली-अक्षत से तिलक किया और श्रद्धा भाव से भोजन कराया। छोटे-छोटे बच्चों की टोलियां “जय माता दी” के जयकारों के साथ घर-घर पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करती नजर आईं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। नगर के प्रमुख मंदिरों मां पथवारी मंदिर, मां काली मंदिर, श्री राम मंदिर, मां चामुंडा मंदिर एवं मां शीतला माता मंदिर पर सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। भक्तों ने माता रानी की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूरे नगर में धार्मिक उत्साह और आस्था का माहौल बना रहा। मंदिरों पर पुलिस सुरक्षा भी चौकस रही।

नवरात्रि पर ब्रह्माकुमारीज ने कराए “माँ के नौ दिव्य रूपों के पावन दर्शन”

सादाबाद। नवरात्रि के पावन अवसर पर ब्रहाकुमारीज द्वारा “माँ के नौ दिव्य रूपों का पावन दर्शन” विषय पर एक विशेष आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं को नवदुर्गा के नौ स्वरूपों की सजीव झांकी के दर्शन कराए गए और उनके आध्यात्मिक महत्व, उनके गुणों तथा जीवन में उनके व्यावहारिक उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि नवरात्रि केवल एक धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि आत्म-परिवर्तन, आत्मशुद्धि और आंतरिक शक्ति जागरण का महत्वपूर्ण पर्व है। उन्होंने बताया कि माँ के नौ रूप मानव जीवन के विभिन्न गुणों शक्ति, ज्ञान, करुणा और साहस का प्रतीक हैं, जिन्हें अपनाकर जीवन को सकारात्मक दिशा दी जा सकती है। प्रभारी बीके भावना दीदी ने राजयोग ध्यान के माध्यम से उपस्थित श्रद्धालुओं को आंतरिक शांति, शक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव कराया। ध्यान सत्र के दौरान वातावरण अत्यंत शांत एवं आध्यात्मिक हो गया, जिससे उपस्थित जनों को गहन आत्मिक अनुभूति प्राप्त हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया तथा विश्व शांति और मानव कल्याण की कामना की।

भक्तों की आस्था का केंद्र है बिसावर का बृजेश्वरी देवी मां का मंदिर

सादाबाद। ग्राम पंचायत बिसावर के मजरा नगला मदारी में स्थित करीब 100 साल से अधिक पुराना प्राचीन बृजेश्वरी देवी का मंदिर भक्तों की आस्था का केंद्र बना हुआ है। मान्यता है कि यहां जो भक्त सच्चे मन से अपनी मुराद लेकर आता है, उसकी मुराद जरूर पूरी होती है। गांव में यह मंदिर नहर किनारे बना हुआ है। गांव के बुजुर्गों का कहना है कि इस मंदिर में विराजमान देवी प्रतिमा को नगरकोट से गांव के बन्नो भगत और रामगोपाल पैदल लेकर आए थे। इस मंदिर के प्रति आसपास के लोगों की विशेष आस्था है। हर बार नवरात्र में यहां दूर-दूर से भक्तों का आना-जाना लगा रहता है

  • मां आदिशक्ति बृजेश्वरी देवी का मंदिर काफी पुराना है। यहां आने वाले हर भक्त की मनोकामना पूर्ण होती है। कई ऐसे भक्त हैं, जो हर साल मातारानी की पोशाक व श्रृंगार का सामान अर्पण करने आते हैं।- रूपेश भगत, मंदिर पुजारी।
सादाबाद में पेट्रोल के लिए हंगामा, लंबी लाइनें, पुलिस की मौजूदगी में मिली पेट्रोल

सादाबाद। मिडिल ईस्ट में भारी तनाव के चलते जहां लोग पहले से ही एलपीजी की किल्लत से जूझ रहे हैं, वहीं अब पेट्रोल डीजल के रेट में हुई वृद्धि ने मंहगाई का बड़ा झटका दिया है। सादाबाद में नायरा एनर्जी के पंपों पर भी पेट्रोल पंाच रूपये महंगा हो गया। हालांकि अन्य कंपनियों के पेट्रोल पंपों पर अभी पुराने रेट ही लागू हैं। ऐसे में सादाबाद में गुरूवार को कुछ पेट्रोल पंपों पर वाहनों में पेट्रोल भरवाने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी तो कुछ पेट्रोल पंप वीरान पड़े रहे। चौधरी चरण सिंह प्रतिमा स्थल के सामने स्थित पारिजात पेट्रोल पंप पर गुरूवार की शाम को भारी संख्या में लोग पेट्रोल डलवाने उमड़ पड़े। पेट्रोल के लिए जब हंगामा होने लगा तो मौके पर पंप कर्मियों को पुलिस को सूचना देनी पड़ी, जिसके बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने लाइन लगवाकर पेट्रोल का वितरण कराया। मौके पर काफी लंबी लाइनें लग गईं। कई चौपहिया व दोपहिया वाहन चालक अपने वाहनों की टंकी फुल कराकर ले गए। वहीं दूसरी ओर लोग घरों में भी तेल को डंप करने में लगे रहे। हालांकि पेट्रोल पंपों पर डिब्बे या बोतल में तेल देने पर रोक लगा दी गई। वहीं, बस स्टेंड के निकट स्थित भारत पेट्रोल पंप वीरान पड़ा रहा। यहां ग्राहकों को पेट्रोल की आपूर्ति न होने का हवाला दिया गया। इसी तरह का हाल ग्रामीण क्षेत्र की पेट्रोल पंपों का रहा। कहीं भीड़ उमड़ी तो कहीं पेट्रोल पंप वीरान पड़े रहे।

ईरान-इजरायल एवं अन्य खाड़ी देशों में युद्ध के कारण वहां फंसे लोगों की सहायतार्थ जनपद में शुरू हाउस कंट्रोल रूप, ये है कन्ट्रोल रूम हेल्पलाइन नंबर 05722-227042, 297643

हाथरस । प्रभारी अधिकारी (आपदा) धर्मेन्द्र सिंह ने अवगत कराया है कि वर्तमान में पश्चिम एशिया (ईरान-इजरायल एवं अन्य खाड़ी देशों) में उत्पन्न युद्ध और तनाव की स्थिति के दृष्टिगत, जनपद हाथरस के जो नागरिक वहां प्रवास कर रहे हैं या किसी कारणवश फंसे हुए हैं, उनकी सुरक्षा और सहायता हेतु शासन एवं जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क/तैयार है। जनपदवार ऐसे प्रभावित नागरिकों का विवरण संकलित करने और उनके परिजनों को सहायता प्रदान करने के लिए जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम क्रियाशील कर दिया गया है। जिससे कि प्राप्त विवरणों को तत्काल शासन और विदेश मंत्रालय तक पहुँचाये जाने से सम्बन्धित आवश्यक सुरक्षात्मक कदम उठाए जा सकें। इस स्थिति में घबराने की आवश्यकता नहीं है, शासन एवं प्रशासन निरंतर उच्च स्तरीय अधिकारियों के संपर्क में है। यदि जनपद हाथरस का कोई भी निवासी वर्तमान में उक्त संघर्ष प्रभावित क्षेत्रों में फंसा हुआ है, तो उनके परिजन संबंधित व्यक्ति का विवरण (तहसील का नाम, व्यक्ति का नाम, पिता/अभिभावक का नाम, व्यक्ति का मो0 न0, जनपद में व्यक्ति का निवास स्थान (पूरा पता), वर्तमान में किस देश में फसे है, व्यक्ति को विदेश जाने का उद्देश्य (नौकरी एव पढाई, व्यापार आदि) से सम्बन्धित सूचना तहसीलों के अपने सम्बन्धित लेखपाल को अथवा जनपद में निम्नलिखित कन्ट्रोल रूम हेल्पलाइन नंबरों 05722-227042, 297643, पर तत्काल सर्म्पक कर उपलब्ध करा सकते हैं।

हाथरस में मन्दिर श्री बांके बिहारी लाल जी महाराज का पुनरूद्धार एवं स्थापना दिवस 8 मार्च को,फूल बंगला में विराजेगें श्री बाँके बिहारी,लगेंगे छप्पन भोग

हाथरस। लहरा बाईपास स्थित मन्दिर श्री बांके बिहारी लाल जी महाराज का पुनरूद्धार एवं स्थापना दिवस रविवार 8 मार्च को धूमधाम से मनाया जायेगा। आयोजकों द्वारा उत्सव की तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। धर्मप्रेमी जनता भी अपने आराध्य के अलौकिक दर्शनो की प्रतीक्षा कर रही है।

मन्दिर श्री बांके बिहारी लाल जी महाराज का पुनरूद्धार एवं स्थापना दिवस पर श्री बाँके बिहारी लाल के भव्य फूल बंगला में विराजमान होंगे। उन्हें छप्पन भोग लगाये जायेंगे। मन्दिर को फूलों एव लाईटों से सजाया गया है। इस अवसर पर प्रातः 10 बजे से प्रभु इच्छा तक प्रसादी का भी वितरण किया जायेगा।
उत्सव में म्यूजिशियन बी भास बैंड संगीत की छटा बिखेरेगा वहीँ विख्यात भजन प्रवाहक मोजी बाबा अपनी मधुरवाणी से भजनों का गान करेंगे।
वरिष्ठ समाज सेवी एवँ जनसत्तादल (लोकतांत्रिक) के प्रदेश सचिव रवि चौहान भट्टे वालों ने
सभी भक्तों को वार्षिकोत्सव की पावन बेला पर सादर आमंत्रित करते हुये कहा है कि श्री बाँके बिहारी लाल के अलौकिक दर्शन करके इस अविस्मरणीय उत्सव का आनन्द प्राप्त कर पुण्यार्जन करें।

हाथरस में भगवान श्री गोविंद की भव्य शोभायात्रा का हुआ स्वागत, ब्राह्मण महासभा ने दिया एकता का संदेश

हाथरस। सम्मानित वार्ष्णेय समाज द्वारा आयोजित भगवान श्री गोविंद भगवान जी की भव्य शोभायात्रा का नगर में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धा और उत्साह के साथ स्वागत किया गया। इसी क्रम में श्री ब्राह्मण महासभा (रजि.) हाथरस की ओर से शोभायात्रा का अत्यंत श्रद्धा, सम्मान और आत्मीयता के साथ भव्य स्वागत किया गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सनातन संस्कृति की यह दिव्य परंपरा केवल धार्मिक आस्था का ही प्रतीक नहीं है, बल्कि समाज की एकता, संगठन और सांस्कृतिक जागरण का भी संदेश देती है। जब समाज के विभिन्न वर्ग एक मंच पर आकर अपने आराध्य के प्रति श्रद्धा प्रकट करते हैं, तो यह सनातन समाज की मजबूती और संस्कारों की समृद्ध परंपरा को दर्शाता है।

कार्यक्रम में योगेन्द्र शर्मा, श्याम सुन्दर शर्मा, डॉ. विकास कुमार शर्मा, मदन मोहन गौड़, विशाल सारस्वत, गौरव शर्मा और गोपाल शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर शोभायात्रा का स्वागत करते हुए समाज में सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक गौरव और संगठन की भावना को और मजबूत करने का संकल्प लिया।

उपस्थित लोगों ने कहा कि धर्म, समाज और संस्कृति की यह ज्योति निरंतर प्रज्वलित रहे, ताकि आने वाली पीढ़ियाँ भी अपने गौरवशाली सनातन संस्कारों पर गर्व कर सकें।

You cannot copy content of this page