Breaking News
गंदे नाले में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका


सादाबाद। क्षेत्र के सादाबाद जलेसर मार्ग स्थित, नगला ब्राह्मण एवं गांव मढ़ाका के मध्य बहने वाले गंदे नाले में मंगलवार सुबह करीब 40 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए तथा शव को नाले से बाहर निकलवाकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक के सिर और पैरों पर चोट के निशान मिले हैं, जिसे देखकर लोग युवक की हत्या की आशंका जाहिर कर रहे हैं। मौके से एक क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। मृतक के हाथ में घड़ी बंधी हुई थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि युवक आसपास के किसी क्षेत्र का रहने वाला हो सकता है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने दी मौके पर पहुंचकर अपनी जांच की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। साथ ही बरामद मोबाइल फोन के आधार पर युवक की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। सीओ अमित पाठक ने बताया कि मृतक की पहचान 42 वर्षीय वेदप्रकाश शर्मा उर्फ सोनू निवासी मौहल्ला दिल्ली वाला हाथरस के रूप मंे हुई है। घटना से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है।

जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत निस्तारण में नंबर वन रहीं तहसील सादाबाद

सादाबाद। तहसील सादाबाद ने एक बार फिर उत्कृष्ट कार्यशैली का परिचय देते हुए माह मार्च में आईजीआरएस (जनसुनवाई) पोर्टल पर शिकायत निस्तारण में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर तहसील के अधिकारियों एवं कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई।
एसडीएम मनीष चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायतें तहसील कार्यालय को ऑनलाइन भेजी जाती हैं, जिनका निर्धारित समय सीमा के भीतर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाता है। उन्होंने बताया कि शिकायतों की जांच कर संबंधित विभागों को कार्रवाई हेतु भेजा जाता है और बाद में शिकायतकर्ता से संतुष्टि की भी पुष्टि की जाती है। राज्य स्तर पर किए गए मूल्यांकन में सादाबाद तहसील को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है, जो यहां की कार्यप्रणाली और जवाबदेही को दर्शाता है। एसडीएम ने कहा कि यह सफलता टीमवर्क और पारदर्शी व्यवस्था का परिणाम है। तहसील में मार्च माह के दौरान प्राप्त सभी शिकायतों का शत-प्रतिशत निस्तारण किया गया है। वहीं अन्य तहसीलों की बात करें तो सिकंदराराऊ और सासनी को 27वीं रैंक तथा हाथरस तहसील को 59वीं रैंक प्राप्त हुई है। इस उपलब्धि से तहसील प्रशासन का मनोबल और बढ़ा है तथा आगे भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिली है।

एसडीएम ने ओलावृष्टि व बारिश से फसल में हुए नुकसान का किया आकलन


सादाबाद। क्षेत्र में बीते तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश और रविवार को हुई ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। बिसावर क्षेत्र में पकी खड़ी तथा खेतों में कटी पड़ी गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। हालात की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को एसडीएम मनीष चौधरी ने मौके पर पहुंचकर फसलों का जायजा लिया।
एसडीएम ने लेखपाल ब्रजेश कौशिक के साथ बिसावर क्षेत्र के कई गांवों में खेत-खेत जाकर जमीनी स्तर पर नुकसान का आकलन किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से बातचीत कर फसल की स्थिति की जानकारी भी ली। एसडीएम मनीष चौधरी ने फसल की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण करते हुए कहा कि बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से हुए नुकसान का पूरा आकलन कर रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी, ताकि प्रभावित किसानों को उचित राहत दिलाई जा सके। इधर, लगातार बिगड़े मौसम और आसमान में छाए बादलों ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है। सोमवार की शाम को आसमान में फिर से बादल छा गए। तेज हवाएं चलने लगीं। ऐसे में हालात यह हैं कि कई किसानों के सामने खाने के अनाज और पशुओं के चारे तक का संकट खड़ा हो गया है। क्षेत्र के किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें साफ दिखाई दे रही हैं।

सादाबाद नगर के विकास के लिए 32.73 करोड़ का बजट पास

सादाबाद। नगर पंचायत सादाबाद के सभागार में सोमवार को आयोजित बोर्ड बैठक में चेयरमैन हेमलता अग्रवाल की अध्यक्षता में करीब 32.73 करोड़ रुपये का आय-व्यय बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बैठक में अधिशासी अधिकारी विकास जैन ने बताया कि करीब 25 लाख रुपये की लागत से सादाबाद-मथुरा मार्ग पर भारत रत्न स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की स्मृति में भव्य स्मृति द्वार का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा लगभग 30 लाख रुपये की लागत से शहीद स्मारक का निर्माण प्रस्तावित है। करीब 20 लाख रुपये की लागत से विभिन्न वार्डों में पुलिया, नाली और नालों की मरम्मत कराई जाएगी। अस्थायी गौशाला के विकास के लिए करीब 25 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे, जिसमें भूसा भंडारण के लिए टीनशेड, सड़कों का निर्माण और फाटक आदि कार्य शामिल हैं। प्रगतिपुरम स्थित नलकूपों की बाउंड्रीवॉल का निर्माण, दो पार्कों का सौंदर्यीकरण और एक बच्चा पार्क को विकसित करने की योजना भी बजट में शामिल की गई है। वार्ड नंबर 1, 2 और 6 में प्रमुख स्थानों पर स्वागत द्वार बनाए जाएंगे। सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लगभग 5 लाख रुपये की लागत से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और पुराने कैमरों की मरम्मत भी कराई जाएगी। साथ ही नगर में पांच हाईमास्ट और एलईडी लाइटें लगाकर रोशनी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। बैठक के दौरान सभासदों ने जल निगम द्वारा सड़कों की खुदाई के बाद मानक अनुसार मरम्मत न किए जाने पर नाराजगी जताई। बैठक में राधा रमन अग्रवाल, वरिष्ठ लिपिक अनुपम गुप्ता के अलावा सभासद उमेश शर्मा, दिनेश वर्मा, रेशमपाल, नासिर खान, ओमवीर सिंह, राजकुमार चौधरी, रेशमी देवी बघेल, अनीस बेग, मोहम्मद चांद, मीनू देवी, उर्मिला चौधरी, मंजू देवी, नगीना बेगम, सलमा बेगम, रेखा वर्मा और शशि शर्मा आदि उपस्थित रहे।

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह की रोजगार पदयात्रा सादाबाद पहुंची


सादाबाद। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह की रोजगार पदयात्रा रविवार को आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग होते हुए सादाबाद पहुंची। इस दौरान जगह-जगह कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया।
सादाबाद पहुंचने पर सांसद संजय सिंह ने कहा कि इस पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं के लिए रोजगार की आवाज को बुलंद करना है। उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगार युवाओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है और हालात ऐसे हो गए हैं कि “बेरोजगारों की फौज” खड़ी हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब युवा रोजगार की मांग करते हैं तो उनके साथ अन्याय किया जाता है और कई बार उन पर फर्जी मुकदमे तक दर्ज कर दिए जाते हैं। सांसद ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाए, अन्यथा उन्हें हर महीने 10 हजार रुपये का बेरोजगारी भत्ता दिया जाना चाहिए। संजय सिंह ने अपने संबोधन में आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कर्मचारियों और शिक्षामित्रों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि ये सभी वर्ग लंबे समय से अपने स्थायीकरण की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश को असली मुद्दों से भटकाया जा रहा है और सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, महंगाई, गैस सिलेंडर और रोजगार जैसे बुनियादी सवालों पर जवाब देने से बच रही है। सांसद ने कहा कि वर्तमान समय में जाति और धर्म के नाम पर राजनीति कर जनता से वोट लेने की कोशिश की जा रही है, जो लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है। मौके पर आरती भट्ट सहित अन्य कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।

सादाबाद- केला व्यापारी लूटकांड का खुलासा, मुठभेड़ में एक आरोपी घायल, चार गिरफ्तार

सादाबाद। थाना सादाबाद क्षेत्र में केला व्यापारी से हुई लूट की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार की देर रात एंटी थेफ्ट टीम और थाना सादाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हुई मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए करीब 1.97 लाख रुपये, आभूषण, मोबाइल फोन, अवैध तमंचा और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
सीओ अमित पाठक ने बताया कि 3 अप्रैल 2026 को मोहल्ला इस्लामनगर बाईपास, सादाबाद निवासी लवकुश ने थाना सादाबाद में तहरीर दी थी कि 2 अप्रैल की रात करीब 10 बजे उनके चाचा हरिओम अपने केला प्लांट से घर लौट रहे थे। तभी छावी मियां के बाग के पास चार अज्ञात बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल रुकवाकर मारपीट की और लगभग चार लाख रुपये नकद, सोने की अंगूठी, कड़ा व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन व क्षेत्राधिकारी सादाबाद के नेतृत्व में पांच टीमों का गठन किया गया। साथ ही एंटी थेफ्ट टीम व सर्विलांस टीम को भी सक्रिय किया गया। इसी क्रम में 4 अप्रैल को संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि लूट की घटना में शामिल बदमाश दोबारा वारदात की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की तो एक मोटरसाइकिल पर सवार चार संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर बदमाश भागने लगे। पीछा करने पर मथुरा-बिसाना रोड से लिंक राया रोड मडनई कट के पास बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें शिवम पुत्र प्रहलाद निवासी चमरपुरा थाना सादाबाद गोली लगने से घायल हो गया और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने कांबिंग के दौरान अन्य तीन आरोपी दीपू पुत्र राजपाल निवासी चमरपुरा, रंजीत कुमार पुत्र राजाबाबू निवासी खेड़ा परसौली थाना चंदपा और पवन कुमार उर्फ चुन्ना पुत्र गेदालाल निवासी नगला अर्जुन थाना खंदौली (आगरा) को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक तमंचा 315 बोर, 2 जिंदा कारतूस व एक खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, 1,97,000 रुपये नगद, एक पीली धातु की अंगूठी, कड़ा तथा लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है और उनसे विस्तृत पूछताछ की जा रही है। साथ ही अन्य संभावित घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार सिंह व एंटी थेफ्ट टीम प्रभारी सुरेंद्र कुमार सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सफलता मिलने पर राहुल का किया स्वागत


सादाबाद। बिसावर शीतगृह पर रविवार को संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में 322 वीं रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले गांव नगला बीरवल अतिया निवासी राहुल चौधरी का स्वागत और सम्मान किया गया। विधायक प्रदीप चौधरी, रालोद नेता गिरेन्द्र चौधरी एवं यथार्थ चौधरी ने राहुल चौधरी को पगड़ी बांधकर व माल्यार्पण कर तथा चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया। गिरेंद्र चौधरी ने कहा कि राहुल की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह दिखाती है कि मेहनत और लगन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। इस मौके पर रालोद जिला अध्यक्ष श्याम सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष केशव चौधरी, रामहरि चाहर, महीपाल सिंह, जगवीर सिंह चौधरी, नरेंद्र चौधरी, सोनवीर सिंह, सचिन पहलवान, लोकेंद्र चौधरी, अजय चौधरी, मनोज पंसारी सहित लोग मौजूद थे।

ओलावृष्टि से फसल नुकसान का आंकलन करने गांव-गांव पहुंचे एसडीएम, किसानों को दिया मुआवजे का भरोसा


सादाबाद। क्षेत्र में हुई बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को हुए भारी नुकसान के बाद प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। रविवार की छुट्टी होने के बावजूद एसडीएम मनीष चौधरी के नेतृत्व में राजस्व टीम ने प्रभावित गांवों का दौरा कर हालात का जायजा लिया।
एसडीएम के साथ नायब तहसीलदार अशोक गुप्ता, राजस्व निरीक्षक व लेखपालों की टीम भी मौजूद रही। अधिकारियों ने क्षेत्र के कूपा, सुसाइन, कुरसंडा और बिसावर समेत कई गांवों में पहुंचकर खेतों में पानी में डूबी गेहूं और अन्य फसलों की स्थिति देखी। दौरान भ्रमण लेखपालों ने पीड़ित किसानों से बातचीत कर नुकसान का विस्तृत आंकलन किया और आवश्यक जानकारी एकत्रित की। कई स्थानों पर कटी हुई गेहूं की फसल खेतों में ही जलभराव के कारण खराब होती नजर आई, जिससे किसानों की चिंता और बढ़ गई है। एसडीएम मनीष चौधरी ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि फसल नुकसान की रिपोर्ट जल्द ही उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शासन स्तर से प्रक्रिया पूरी होते ही प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

संगठन को मजबूत बनाएं और आगामी चुनावों के लिए तैयार रहें कार्यकर्ता- देवेंद्र

सादाबाद। स्थानीय हाथरस रोड स्थित अन्नपूर्णा सेवा सदन में रविवार को समाजवादी पार्टी द्वारा पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल के नेतृत्व में सहपऊ ब्लाक कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल ने सभी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को साफा पहनाकर सम्मानित किया। इसके बाद उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए केंद्र और प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को न तो किसानों की चिंता है और न ही आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार है। आलू किसानों की स्थिति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आलू की बेकद्री हो रही है और निर्यात न होने के कारण किसान भारी नुकसान झेल रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति लगातार खराब हो रही है। पूर्व विधायक ने नोटबंदी के फैसले को भी गलत ठहराते हुए कहा कि इससे देश की अर्थव्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने देश को जातिवाद के आधार पर बांटने का काम किया है, जबकि समाजवादी पार्टी हमेशा समरसता और भाईचारे की राजनीति करती रही है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार पंचायत चुनाव नहीं कराना चाहती, जबकि न्यायालय के हस्तक्षेप से चुनाव कराए जा सकते हैं। उन्होने सम्मेलन में कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और आने वाले चुनावों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। कहा कि 2027 के चुनाव में जनता ने सपा को सत्ता में लाने का मन पूरी तरह से बना लिया है। पूर्व विधायक ने कहा कि सादाबाद और मुरसान के कार्यकर्ता सम्मेलन होने के बाद वह गांव गांव हर घर जाकर पार्टी की रीति नीतियों से जनता को अवगत कराएंगे। सम्मेलन को पूर्व प्रत्याशी रामनारायण काके, पूर्व जिलाध्यक्ष चौधरी भाजुद्दीन, राकेश बघेल, जैनुद्दीन चौधरी, मोंटू चौधरी आदि ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में देवा लाला, मनोज यादव, साकेत ठेंनुआ, वीरेंद्र कुशवाह, कैलाश ठेंनुआ, रवि पहलवान, रानू सिसौदिया, भगत सिंह प्रधान, रजत अग्रवाल, चंदन अग्रवाल, अरूण अग्रवाल, केके प्रधान, गोलू प्रधान, विपिन यादव, दीपक यादव, बागड़वीर सिंह, पूरन कुशवाह, रंजीत प्रधान, रवि पचौरी, प्रेम कुमार सहित अन्य काफी सख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

आंधी-तूफान और बारिश से गेहूं किसानों पर संकट, पकी फसल को भारी नुकसान की आशंका

सादाबाद। सादाबाद क्षेत्र में इन दिनों लगातार आंधी-तूफान और बारिश का दौर जारी है, जिससे गेहूं किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में पककर तैयार खड़ी फसल पर मौसम की मार पड़ने लगी है और कटी हुई फसल को भी भारी नुकसान होने की आशंका बनी हुई है।
कई गांवों में तेज हवाओं के चलते गेहूं की फसल जमीन पर गिरने लगी है, जिससे उत्पादन प्रभावित होने की संभावना है। वहीं जिन किसानों ने फसल काटकर खेतों में रखी हुई है, उनकी उपज बारिश से भीग रही है, जिससे गुणवत्ता खराब होने का खतरा बढ़ गया है। शुक्रवार को आई आंधी बारिश से किसानों की चिंता और अधिक बढ़ गई, वह किसी तरह अपनी फसल को बचाने की कोशिशों में जुटे हुए हैं। गांव गढी भगता के किसान महेंद्र सिंह ने बताया कि इस समय फसल पूरी तरह तैयार है और कटाई का कार्य जोरों पर होना चाहिए था, लेकिन लगातार बदलते मौसम ने उनकी मेहनत पर पानी फेरने का काम किया है। मौसम के इस रूख को देखकर किसान खासे परेशान हैं। विशेषज्ञों के अनुसार यदि इसी तरह मौसम खराब बना रहा तो गेहूं की पैदावार पर सीधा असर पड़ेगा और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। खेतों में पानी भरने और फसल के गिरने से कटाई में भी दिक्कतें आ रही हैं। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि नुकसान का सर्वे कराया जाए और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति को संभाला जा सके। फिलहाल, किसान आसमान की ओर टकटकी लगाए मौसम के साफ होने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि किसी तरह अपनी फसल को सुरक्षित कर सकें।

You cannot copy content of this page