Breaking News
सादाबाद- केला व्यापारी लूटकांड का खुलासा, मुठभेड़ में एक आरोपी घायल, चार गिरफ्तार

सादाबाद। थाना सादाबाद क्षेत्र में केला व्यापारी से हुई लूट की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार की देर रात एंटी थेफ्ट टीम और थाना सादाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हुई मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए करीब 1.97 लाख रुपये, आभूषण, मोबाइल फोन, अवैध तमंचा और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
सीओ अमित पाठक ने बताया कि 3 अप्रैल 2026 को मोहल्ला इस्लामनगर बाईपास, सादाबाद निवासी लवकुश ने थाना सादाबाद में तहरीर दी थी कि 2 अप्रैल की रात करीब 10 बजे उनके चाचा हरिओम अपने केला प्लांट से घर लौट रहे थे। तभी छावी मियां के बाग के पास चार अज्ञात बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल रुकवाकर मारपीट की और लगभग चार लाख रुपये नकद, सोने की अंगूठी, कड़ा व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन व क्षेत्राधिकारी सादाबाद के नेतृत्व में पांच टीमों का गठन किया गया। साथ ही एंटी थेफ्ट टीम व सर्विलांस टीम को भी सक्रिय किया गया। इसी क्रम में 4 अप्रैल को संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि लूट की घटना में शामिल बदमाश दोबारा वारदात की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की तो एक मोटरसाइकिल पर सवार चार संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर बदमाश भागने लगे। पीछा करने पर मथुरा-बिसाना रोड से लिंक राया रोड मडनई कट के पास बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें शिवम पुत्र प्रहलाद निवासी चमरपुरा थाना सादाबाद गोली लगने से घायल हो गया और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने कांबिंग के दौरान अन्य तीन आरोपी दीपू पुत्र राजपाल निवासी चमरपुरा, रंजीत कुमार पुत्र राजाबाबू निवासी खेड़ा परसौली थाना चंदपा और पवन कुमार उर्फ चुन्ना पुत्र गेदालाल निवासी नगला अर्जुन थाना खंदौली (आगरा) को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक तमंचा 315 बोर, 2 जिंदा कारतूस व एक खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, 1,97,000 रुपये नगद, एक पीली धातु की अंगूठी, कड़ा तथा लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है और उनसे विस्तृत पूछताछ की जा रही है। साथ ही अन्य संभावित घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार सिंह व एंटी थेफ्ट टीम प्रभारी सुरेंद्र कुमार सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सफलता मिलने पर राहुल का किया स्वागत


सादाबाद। बिसावर शीतगृह पर रविवार को संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में 322 वीं रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले गांव नगला बीरवल अतिया निवासी राहुल चौधरी का स्वागत और सम्मान किया गया। विधायक प्रदीप चौधरी, रालोद नेता गिरेन्द्र चौधरी एवं यथार्थ चौधरी ने राहुल चौधरी को पगड़ी बांधकर व माल्यार्पण कर तथा चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया। गिरेंद्र चौधरी ने कहा कि राहुल की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह दिखाती है कि मेहनत और लगन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। इस मौके पर रालोद जिला अध्यक्ष श्याम सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष केशव चौधरी, रामहरि चाहर, महीपाल सिंह, जगवीर सिंह चौधरी, नरेंद्र चौधरी, सोनवीर सिंह, सचिन पहलवान, लोकेंद्र चौधरी, अजय चौधरी, मनोज पंसारी सहित लोग मौजूद थे।

ओलावृष्टि से फसल नुकसान का आंकलन करने गांव-गांव पहुंचे एसडीएम, किसानों को दिया मुआवजे का भरोसा


सादाबाद। क्षेत्र में हुई बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को हुए भारी नुकसान के बाद प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। रविवार की छुट्टी होने के बावजूद एसडीएम मनीष चौधरी के नेतृत्व में राजस्व टीम ने प्रभावित गांवों का दौरा कर हालात का जायजा लिया।
एसडीएम के साथ नायब तहसीलदार अशोक गुप्ता, राजस्व निरीक्षक व लेखपालों की टीम भी मौजूद रही। अधिकारियों ने क्षेत्र के कूपा, सुसाइन, कुरसंडा और बिसावर समेत कई गांवों में पहुंचकर खेतों में पानी में डूबी गेहूं और अन्य फसलों की स्थिति देखी। दौरान भ्रमण लेखपालों ने पीड़ित किसानों से बातचीत कर नुकसान का विस्तृत आंकलन किया और आवश्यक जानकारी एकत्रित की। कई स्थानों पर कटी हुई गेहूं की फसल खेतों में ही जलभराव के कारण खराब होती नजर आई, जिससे किसानों की चिंता और बढ़ गई है। एसडीएम मनीष चौधरी ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि फसल नुकसान की रिपोर्ट जल्द ही उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शासन स्तर से प्रक्रिया पूरी होते ही प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

संगठन को मजबूत बनाएं और आगामी चुनावों के लिए तैयार रहें कार्यकर्ता- देवेंद्र

सादाबाद। स्थानीय हाथरस रोड स्थित अन्नपूर्णा सेवा सदन में रविवार को समाजवादी पार्टी द्वारा पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल के नेतृत्व में सहपऊ ब्लाक कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल ने सभी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को साफा पहनाकर सम्मानित किया। इसके बाद उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए केंद्र और प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को न तो किसानों की चिंता है और न ही आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार है। आलू किसानों की स्थिति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आलू की बेकद्री हो रही है और निर्यात न होने के कारण किसान भारी नुकसान झेल रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति लगातार खराब हो रही है। पूर्व विधायक ने नोटबंदी के फैसले को भी गलत ठहराते हुए कहा कि इससे देश की अर्थव्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने देश को जातिवाद के आधार पर बांटने का काम किया है, जबकि समाजवादी पार्टी हमेशा समरसता और भाईचारे की राजनीति करती रही है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार पंचायत चुनाव नहीं कराना चाहती, जबकि न्यायालय के हस्तक्षेप से चुनाव कराए जा सकते हैं। उन्होने सम्मेलन में कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और आने वाले चुनावों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। कहा कि 2027 के चुनाव में जनता ने सपा को सत्ता में लाने का मन पूरी तरह से बना लिया है। पूर्व विधायक ने कहा कि सादाबाद और मुरसान के कार्यकर्ता सम्मेलन होने के बाद वह गांव गांव हर घर जाकर पार्टी की रीति नीतियों से जनता को अवगत कराएंगे। सम्मेलन को पूर्व प्रत्याशी रामनारायण काके, पूर्व जिलाध्यक्ष चौधरी भाजुद्दीन, राकेश बघेल, जैनुद्दीन चौधरी, मोंटू चौधरी आदि ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में देवा लाला, मनोज यादव, साकेत ठेंनुआ, वीरेंद्र कुशवाह, कैलाश ठेंनुआ, रवि पहलवान, रानू सिसौदिया, भगत सिंह प्रधान, रजत अग्रवाल, चंदन अग्रवाल, अरूण अग्रवाल, केके प्रधान, गोलू प्रधान, विपिन यादव, दीपक यादव, बागड़वीर सिंह, पूरन कुशवाह, रंजीत प्रधान, रवि पचौरी, प्रेम कुमार सहित अन्य काफी सख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

आंधी-तूफान और बारिश से गेहूं किसानों पर संकट, पकी फसल को भारी नुकसान की आशंका

सादाबाद। सादाबाद क्षेत्र में इन दिनों लगातार आंधी-तूफान और बारिश का दौर जारी है, जिससे गेहूं किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में पककर तैयार खड़ी फसल पर मौसम की मार पड़ने लगी है और कटी हुई फसल को भी भारी नुकसान होने की आशंका बनी हुई है।
कई गांवों में तेज हवाओं के चलते गेहूं की फसल जमीन पर गिरने लगी है, जिससे उत्पादन प्रभावित होने की संभावना है। वहीं जिन किसानों ने फसल काटकर खेतों में रखी हुई है, उनकी उपज बारिश से भीग रही है, जिससे गुणवत्ता खराब होने का खतरा बढ़ गया है। शुक्रवार को आई आंधी बारिश से किसानों की चिंता और अधिक बढ़ गई, वह किसी तरह अपनी फसल को बचाने की कोशिशों में जुटे हुए हैं। गांव गढी भगता के किसान महेंद्र सिंह ने बताया कि इस समय फसल पूरी तरह तैयार है और कटाई का कार्य जोरों पर होना चाहिए था, लेकिन लगातार बदलते मौसम ने उनकी मेहनत पर पानी फेरने का काम किया है। मौसम के इस रूख को देखकर किसान खासे परेशान हैं। विशेषज्ञों के अनुसार यदि इसी तरह मौसम खराब बना रहा तो गेहूं की पैदावार पर सीधा असर पड़ेगा और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। खेतों में पानी भरने और फसल के गिरने से कटाई में भी दिक्कतें आ रही हैं। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि नुकसान का सर्वे कराया जाए और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति को संभाला जा सके। फिलहाल, किसान आसमान की ओर टकटकी लगाए मौसम के साफ होने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि किसी तरह अपनी फसल को सुरक्षित कर सकें।

एसबीजे इंटर कॉलेज में विधायक ने किया इंटर लॉकिंग सड़क व आरओप्लांट का लोकापर्ण


सादाबाद। एसबीजे इंटर कॉलेज, बिसावर में विधायक प्रदीप चौधरी गुड्डू भैया एवं भाजपा नेता जगवेन्द्र चौधरी ने इंटरलॉकिंग सड़क का लोकापर्ण किया और छात्रों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आरओ सिस्टम का शुभारंभ किया।
ग्राम प्रधान द्वारा अपने निजी खर्च से कॉलेज परिसर में इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया गया, जिससे विद्यालय आने-जाने वाले छात्रों एवं स्टाफ को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही एकमतेज फाउंडेशन द्वारा छात्रों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आरओ सिस्टम स्थापित किया गया। इसके अलावा विधायक द्वारा लगभग 160 मीटर इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया गया था। कार्यक्रम की अध्यक्षता महेंद्र सिंह आचार्य ने की। मौके पर शिक्षक संघ के मंडलीय अध्यक्ष डॉ.़ दिलीप कुमार अमौरिया, माध्यमिक शिक्षा संघ के जिला अध्यक्ष रणवीर सिंह चौधरी, प्रधानाचार्य राजेश कुमार, वीरेंद्र शर्मा, जसवीर सिंह, सुधीर चौधरी आदि थे। कार्यक्रम का संचालन रामचरण सिंह ने किया। मौके पर कॉलेज के शिक्षक योगवीर सिंह, प्रसिद्ध चित्रकार डॉ. भेद प्रकाश सिंह आदि थे।

श्रीमद्भागवत कथा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, व्यास पीठ का किया भव्य स्वागत

सादाबाद। नगर के मोहल्ला प्रगति पुरम में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमडी।़ कथा स्थल पर पहुंचे व्यास पंडित दीपक कृष्ण शास्त्री (मथुरा) एवं परीक्षित महाराज महिपाल सिंह (दरोगा) का आयोजकों एवं स्थानीय लोगों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान उन्हें पटका पहनाकर एवं स्मृति स्वरूप तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया।
कथा के दौरान व्यास पंडित दीपक कृष्ण शास्त्री ने भगवान की महिमा का गुणगान करते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत कथा मनुष्य के जीवन को सही दिशा प्रदान करती है और भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से कथा के संदेश को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उमेश शर्मा (सभासद), शिशुपाल गौतम, लक्ष्मीकांत शर्मा, रिंकू बाबा, सौरव शर्मा, अशोक शर्मा एवं लखन वर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

सादाबाद में गूंजती रहीं सुंदरकांड की चौपाइयां, जगह- जगह बांटा गया प्रसाद

सादाबाद। सादाबाद में हनुमान जन्मोत्सव बड़े ही श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। पूरे कस्बे में धार्मिक माहौल देखने को मिला और जगह-जगह धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन कर बूंदी, सब्जी पूड़ी की प्रसादी का वितरण किया गया। सादाबाद तहसील परिसर में हवन-यज्ञ का आयोजन कर भगवान श्री हनुमान जी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। तदुपरांत प्रसादी का वितरण किया गया। इधर, जवाहर बाजार में अनुराग गुप्ता व अन्य श्रद्धालुओं द्वारा प्रसाद का वितरण किया गया। सिनेमाहॉल के सामने बगीची वाले हनुमान मंदिर के पास लोगों को स्टाल लगाकर प्रसाद का वितरण किया गया। मौके पर अमरीश अग्रवाल, अरूण अग्रवाल, नवल किशोर गोयल, अतुल गोयल, मोहन जिंदल, दीपक बंसल, अंकुश अग्रवाल, प्रिंयकर गर्ग, गनपति, आदि थे।

मीरपुर में रैली निकाल कर दिया स्कूल चलो अभियान का संदेश

सादाबाद। पूर्व माध्यमिक विद्यालय एवं प्राथमिक विद्यालय मीरपुर के संयुक्त बैनरतले स्कूल चलो रैली गुरूवार को निकाली गई। रैली का शुभारंभ ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पोहप सिंह ने किया। रैली ने पूरे गांव में भ्रमण किया और बच्चों को स्कूल आने के लिए प्रेरित किया गया। नवीन नामांकन के लिए विद्यालय के स्टाफ के द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया। बाल वाटिका के अंतर्गत आने वाले बच्चों का भी नामांकन प्राथमिक स्तर पर कक्षा एक में कराया गया। विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक का भी आयोजन किया गया जिसमें छात्र-छात्राओं के अभिभावकों ने सहभागिता की। प्राथमिक विद्यालय प्रधानाध्यापक मोनू बंसल ने बताया कि शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है। शिक्षा अधिकार अधिनियम के अंतर्गत वर्ष 6 से 14 वर्ष तक के बच्चों को निशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा का प्रावधान सरकार द्वारा निहित है। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष सदस्य के अलावा विद्यालय स्टाफ इंचार्ज प्रधान अध्यापक हेमंत कुमार मोनू बंसल ,चारुल गर्ग अमरीश अग्रवाल वर्षा राना, शिवानी उपाध्याय, कुसुम लता, नीतू चौधरी, मंजूलता आदि थे।

सादाबाद में निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित, 161 मरीजों की हुई जांच, 41 मोतियाबिंद मरीज चिन्हित

सादाबाद। कस्बा स्थित अग्रसेन सेवा सदन में गुरुवार को निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर कल्याणं करोति नेत्र संस्थान, गोवर्धन रोड जचौदा एवं श्याम स्टील लिमिटेड, कोलकाता के संयुक्त तत्वावधान में लगाया गया, जिसमें काफी संख्या में क्षेत्र के नेत्ररोगी उमड़ पड़े।
शिविर में अनुभवी एवं योग्य नेत्र चिकित्सकों द्वारा अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से मरीजों की आंखों की जांच की गई। कुल 161 मरीजों ने पंजीकरण कराकर अपनी आंखों का परीक्षण कराया। जांच के दौरान 41 मरीजों में मोतियाबिंद की समस्या पाई गई, जिन्हें निःशुल्क ऑपरेशन हेतु कल्याणं करोति नेत्र संस्थान, गोवर्धन रोड जचौंदा भेजा गया। डॉ. अनुभव अग्रवाल ने बताया कि इन मरीजों का ऑपरेशन संस्थान में आधुनिक तकनीक एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ किया जाएगा, जिससे उन्हें बेहतर दृष्टि मिल सकेगी। शिविर में डॉ. अनुभव उपाध्याय के नेतृत्व में चिकित्सा टीम ने सेवाएं प्रदान कीं। टीम में कोऑर्डिनेटर सुनील कुमार एवं सहयोगी रामेश्वर दयाल ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

You cannot copy content of this page