Breaking News
प्रेस क्लब ऑफ हाथरस का स्थापना दिवस समारोह स्थगित, युवा पत्रकार पवन कुमार गुप्ता के आकस्मिक निधन के बाद क्लब की बैठक में लिया फैसला

हाथरस। जनपद के युवा पत्रकार पवन कुमार गुप्ता का इटावा जिले में मंगलवार को एक सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन के बाद प्रेस क्लब ऑफ हाथरस का 12 जुलाई को होने वाला स्थापना दिवस समारोह स्थगित कर दिया गया है। प्रेस क्लब ऑफ़ हाथरस के रामलीला मैदान स्थित कार्यालय पर आकस्मिक हुई बैठक में क्लब के अध्यक्ष उमाशंकर जैन ने कहा युवा पत्रकार पवन कुमार गुप्ता के आकस्मिक निधन के बाद आज लेवर कॉलोनी पार्क में हुई उठावनी में शामिल होने के बाद मेरा मन बहुत द्रवित हो गया। पवन के परिवार को ईश्वर इस दुख को सहन करने की शक्ति दें । क्लब इस दुख की घड़ी में पीडित परिवार के साथ तन मन धन से खड़ा है।

उन्होंने कहा कि पवन पत्रकारिता में उभरता हुआ युवा चेहरा था। वह बहुत ही व्यवहार कुशल व मर्दुभाषी था। लेकिन इस उभरते पत्रकार को सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। उन्होंने कहा कि ईश्वर के आगे किसी का वश नहीं चलता। पवन की सांसारिक यात्रा यहीं तक लिखी थी। पवन की कमी को कभी पूरा नही किया जा सकता है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति दें।

बैठक में प्रमुख रूप से क्लब के वरिष्ठ उपाध्यक्ष पुष्कर कुमार, राजदीप तोमर, बृजेश मिश्र, जिनेंद्र जैन, पुनीत उपाध्याय, आशीष सेंगर, उमाकांत बॉबी, शैलेंद्र कुमार सिंह ,पुलकित जैन,मोनू कुरैशी आदि मौजूद रहे

सोशल मीडिया पर अवैध असलाह के साथ वायरल पोस्ट के आरोपी को किया गिरफ्तार

कब्जे से 01 अवैध तमंचा 315 बोर व 02 जिन्दा कारतूस 315 बोर बरामद
हाथरस। सोशल मीडिया के माध्यम से अवैध असलाह के साथ एक युवक की वायरल पोस्ट संज्ञान में आयी थी । उक्त वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा द्वारा पोस्ट में दिख रहे व्यक्ति की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु थाना प्रभारी हसायन जनपद हाथरस को निर्देशित किया गया था ।
जिसके क्रम में दिनांक 09.07.2026 को थाना हसायन पुलिस द्वारा मुखबिर की सूचना पर कार्यवाही करते हुए अवैध असलहा के साथ फोटो में दिख रहे 01 आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से 01 अवैध तमंचा 315 बोर व 02 जिन्दा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ है। अभियुक्त की गिरफ्तारी के सम्बन्ध मे थाना हसायन पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है ।

हाईवे किनारे अवैध कॉलोनियों पर डीएम का एक्शन, नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई ,भूखंड खरीदने से पहले सभी दस्तावेज जांच करने की डीएम ने की अपील

हाथरस। आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हतीसा बाईपास से नगला भूस कट तक विकसित की जा रही कॉलोनियों का जिलाधिकारी ’अतुल वत्स’ ने शुक्रवार को स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्धारित मानकों एवं नियमों का पालन न पाए जाने पर उन्होंने संबंधित कॉलोनाइजरों को नोटिस जारी करने तथा नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।निरीक्षण में पाया गया कि कई कॉलोनियों के मुख्य द्वार पर स्वीकृत मानचित्र, लेआउट तथा आवश्यक अनुमतियों और अभिलेखों का सार्वजनिक प्रदर्शन नहीं किया गया है, जिससे आमजन के गुमराह होने की आशंका है। इस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी एवं विनियमित क्षेत्र के अधिकारियों को तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि यदि कोई कॉलोनी बिना स्वीकृत लेआउट के विकसित की जा रही है अथवा राष्ट्रीय राजमार्ग से प्रवेश मार्ग के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) या सक्षम प्राधिकारी की वैध अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) उपलब्ध नहीं है, तो उसके विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई करते हुए आवश्यकता पड़ने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी की जाएगी।उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की जीवनभर की पूंजी की सुरक्षा प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति को भ्रामक जानकारी देकर या नियमों का उल्लंघन कर भूखंड बेचने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे मामलों में दोषी कॉलोनाइजरों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कॉलोनियों के लेआउट स्वीकृत करने का अधिकार केवल ’जिला पंचायत क्षेत्र’ अथवा ’विनियमित क्षेत्र (नियत प्राधिकारी कार्यालय)’ को ही प्राप्त है। किसी भी कॉलोनी का विकास शुरू करने से पहले कॉलोनाइजर को सक्षम प्राधिकारी से स्वीकृत लेआउट एवं मानचित्र प्राप्त करना अनिवार्य है।उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक कॉलोनाइजर कॉलोनी स्थल पर स्वीकृत लेआउट, स्वीकृत मानचित्र संख्या तथा सड़क, विद्युत, पेयजल, सीवर एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करे, ताकि भूखंड खरीदने वाले लोगों को सही जानकारी मिल सके।अंत में जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी कॉलोनी में भूखंड खरीदने से पहले उसका स्वीकृत लेआउट, सक्षम प्राधिकारी की अनुमति एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का भलीभांति सत्यापन अवश्य करें, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी परेशानी या आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।

ग्रामीणों की शिकायत पर डीएम का निरीक्षण, जलापूर्ति में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

हाथरस।जिलाधिकारी अतुल वत्स ने विकास खण्ड मुरसान की ग्राम पंचायत चंदपा-चितावर में जल जीवन मिशन के अंतर्गत कार्यदायी संस्था बी.जी.सी.सी.पी.एल.-रामकी (जे.वी.) द्वारा संचालित निर्माणाधीन पेयजल परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की प्राथमिकता के आधार पर तत्काल मरम्मत कराने तथा सभी अवशेष निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाइपलाइन बिछाने, गृह जल संयोजन, ट्यूबवेल, पम्प हाउस तथा ओवरहेड टैंक निर्माण की प्रगति का जायजा लिया। कार्यों में लापरवाही मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रति कड़ी नाराजगी जताई। ओवरहेड टैंक की सीढ़ी पर सुरक्षा रैलिंग न मिलने और निर्माण कार्यों में खामियां पाए जाने पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या घटिया निर्माण सामग्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इसके बाद जिलाधिकारी ग्राम पंचायत चितावर पहुंचे और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर परियोजना की वास्तविक स्थिति जानी। ग्रामीणों ने बताया कि करीब छह माह पहले पाइपलाइन बिछाने के लिए इंटरलॉकिंग सड़कें खोद दी गई थीं, लेकिन आज तक उनकी मरम्मत नहीं कराई गई। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि कई घरों में पाइपलाइन बिछने के बावजूद न तो घरेलू जल कनेक्शन दिए गए हैं और न ही जलापूर्ति शुरू हुई है।
ग्रामीणों की शिकायतों और मौके पर मिली अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच कराने तथा निर्धारित समय में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष पाइपलाइन, पम्प हाउस, बाउंड्री वॉल एवं अन्य निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप निर्धारित समय में पूरे किए जाएं। साथ ही पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों का तत्काल पुनर्स्थापन कराया जाए तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों को समय पर सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

संकल्प ने “संकल्प” लेकर सेना में पाया उच्च स्थान ,अलीगढ़ के लाल ने सेना में अधिकारी बन शहर का नाम किया रोशन , घर- गांव चौधाना, स्कूल सभी जगह खुशी का माहौल

अलीगढ़। संघ प्रांत पदाधिकारी जयप्रकाश सारस्वत के सुपुत्र संकल्प सारस्वत ने सरस्वती विधा मंदिर खैर रोड अलीगढ़ से 12 वीं कर भारत ही नहीं अपितु पूरी दुनिया में मेडिकल की पढ़ाई में विशिष्ट स्थान रखने वाले संस्थान एएफएमसी पुणे (आर्मी संस्थान ) से MBBS कर भारतीय सेना में उच्च रैंक अधिकारी के साथ-साथ डॉक्टर बनकर शहर एवं हम सबको गर्वित होने का पल दिया है ।

अलीगढ़ में विभिन्न लोगों द्वारा शुभकामनाएं देने का तांता लग गया ऐसे ही भारतीय सेना में देशहित कार्यों क़ो करते हुए, सदा गौरवन्तित करने के सुखद पल हमें देते रहो । स्वयं जयप्रकाश सारस्वत कहते हैं मैं आज जो कुछ हूँ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कार्य के कारण हूँ, गांव से निकलकर अलीगढ़ महानगर में अपना व्यापार स्थापित करने के साथ साथ सामाजिक राष्ट्रीय कार्यों में सेवा की और बच्चों को सरस्वती विद्या मंदिर में पढ़ाया जो आज नाम रोशन कर रहे हैं।

राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा ने चलाया संगठन विस्तार व जनसंपर्क अभियान, 17 सदस्य और 6 पदाधिकारी किए नियुक्त

हाथरस। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (R.A.M.) पार्टी द्वारा संगठन विस्तार एवं जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जिलाध्यक्ष विजय कुमार शर्मा के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क किया गया। इस दौरान पार्टी के महासचिव एवं हाथरस प्रभारी निशांत उपाध्याय भी साथ रहे।
अभियान के दौरान नवल नगर, रमनपुर, नगला भूरा रोड, जोगिया तथा नगला सड़क क्षेत्रों में लोगों से संपर्क कर पार्टी की नीतियों एवं उद्देश्यों की जानकारी दी गई तथा अधिक से अधिक लोगों से संगठन से जुड़ने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर पार्टी ने संगठन को मजबूत करते हुए 17 नए सदस्यों को सदस्यता दिलाई तथा 6 नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की।


जनसंपर्क अभियान के उपरांत राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष विजय कुमार शर्मा का फूल-मालाओं एवं पटका पहनाकर भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर पार्टी के महासचिव एवं हाथरस प्रभारी निशांत उपाध्याय, युवा मोर्चा जिला मंत्री यश पचौरी, युवा मोर्चा उपाध्यक्ष देवेंद्र धाकरे, युवा मोर्चा कार्यकारिणी सदस्य विपिन शर्मा, कपिल शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

युवा पत्रकार पवन कुमार गुप्ता को दी श्रद्धांजलि ,प्रेस क्लब ऑफ हाथरस कार्यालय पर हुई शोक सभा

हाथरस। जनपद के युवा पत्रकार पवन कुमार गुप्ता का इटावा जिले में मंगलवार को एक सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन के समाचार से पत्रकार जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

रामलीला मैदान स्थित प्रेस क्लब ऑफ हाथरस के कार्यालय पर अध्यक्ष उमाशंकर जैन की अध्यक्षता में शोक सभा आयोजित की गई। सभा में उपस्थित पत्रकारों ने दिवंगत आत्मा के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए गहरा दुख व्यक्त किया।


अध्यक्ष उमाशंकर जैन ने कहा कि पवन पत्रकारिता में उभरता हुआ युवा चेहरा था। वह बहुत ही व्यवहार कुशल व मर्दुभाषी था। लेकिन इस उभरते पत्रकार को सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। उन्होंने कहा कि ईश्वर के आगे किसी का वश नहीं चलता। पवन की सांसारिक यात्रा यहीं तक लिखी थी। पवन की कमी को कभी पूरा नही किया जा सकता है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति दें।
सभा के अंत में सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और “ॐ शांति” का उच्चारण किया।
शोक सभा में प्रमुख रूप से क्लब के वरिष्ठ उपाध्यक्ष पुष्कर कुमार, राजदीप तोमर, बृजेश मिश्र, शुभम गुप्ता, जिनेंद्र जैन, पुनीत उपाध्याय, आशीष सेंगर,आयोग दीपक,विनीत चौरसिया, रीतेश वार्ष्णेय बॉबी, उमाकांत पुंढीर, उमाकांत बॉबी, शैलेंद्र कुमार सिंह ,राजेश गौतम ,अभिषेक तायल ,प्रशांत भारती ,सुमित शर्मा ,कमल वार्ष्णेय ,विनीत चौरसिया ,आयोग दीपक ,सोवित शर्मा ,मनोज महेश्वरी ,सुनीत सजग ,केजी शबनम ,डॉ वीपी सिंह ,गोपाल वार्ष्णेय ,प्रमोद सिंह ,गौरव भारद्वाज विधि सलाहकार आनन्द चतुर्वेदी ,राजीव वार्ष्णेय , पुलकित जैन,मोनू कुरैशी आदि ने शोक संवेदना व्यक्त की।

जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान हेतु जिलाधिकारी ने शहर के प्रमुख जल निकासी स्थलों का किया निरीक्षण

मुख्य नालों की नियमित सफाई, जाली लगाने, पंपिंग व्यवस्था सुदृढ़ करने एवं क्षतिग्रस्त पुलिया की मरम्मत के दिए निर्देश।
हाथरस । जनपद में वर्षा ऋतु के दौरान संभावित जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने तथा शहर की जल निकासी व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने नगर पालिका परिषद हाथरस क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख जल निकासी स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने खाती खाना, गणेशगंज मुख्य ड्रेनेज, ढकपुरा रोड स्थित वाटर वर्क्स पार्क, आगरा रोड, सरस्वती इंटर कॉलेज, सरस्वती डिग्री कॉलेज, आवास विकास कॉलोनी तथा स्टेट बैंक कॉलोनी सहित शहर के प्रमुख नालों एवं जल निकासी स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि अधिकांश मुख्य नालों से जल निकासी सुचारु रूप से हो रही है। इस पर उन्होंने निर्देश दिए कि मुख्य नालों से जुड़ी छोटी नालियों पर आवश्यकतानुसार जाली लगाई जाए, जिससे कूड़ा-करकट मुख्य नालों में प्रवेश न कर सके और जल प्रवाह निर्बाध बना रहे। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से भविष्य में जलभराव की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा।
तालाब चौराहे पर स्थापित पंपिंग स्टेशन के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि पंपिंग स्टेशन तक पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पहुंच रहा है। इस पर उन्होंने पंपिंग स्टेशन से संबद्ध ड्रेनेज लाइन की तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए, ताकि पंपिंग सेट की क्षमता का पूर्ण उपयोग करते हुए जल निकासी प्रभावी ढंग से हो सके तथा निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न होने पाए।
आवास विकास कॉलोनी के निरीक्षण के दौरान एक पुलिया क्षतिग्रस्त पाई गई तथा उसके समीप कूड़ा फंसे होने के कारण जल निकासी प्रभावित हो रही थी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को क्षतिग्रस्त पुलिया की तत्काल मरम्मत कराने तथा अवरुद्ध कूड़े को तत्काल हटाने के निर्देश दिए, जिससे जल प्रवाह निर्बाध बना रहे और जल निकासी व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके। स्टेट बैंक कॉलोनी का क्षेत्र अपेक्षाकृत नीचा होने के कारण वहां जलभराव की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद को आवश्यकतानुसार अतिरिक्त पंप सेट स्थापित कर प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शहर के सभी मुख्य नालों पर जहां भी कूड़ा-करकट जमा है, उसे तत्काल हटाया जाए तथा निकाले गए कूड़े का शीघ्र उठान भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे वह पुनः नालों में न पहुंचे और जल निकासी व्यवस्था बाधित न हो। उन्होंने अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद हाथरस को निर्देशित किया कि नगर में नियमित एवं प्रभावी स्वच्छता अभियान संचालित किया जाए, कहीं भी कूड़ा एकत्र न होने पाए तथा सभी संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि नगर की स्वच्छता एवं जल निकासी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी व्यवस्थाओं की निरंतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0), उप जिलाधिकारी सदर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद हाथरस सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

20 जुलाई तक करें ओ-लेवल एवं सीसीसी कम्प्यूटर प्रशिक्षण के लिए आवेदन

हाथरस। अन्य पिछड़ा वर्ग के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगारपरक कम्प्यूटर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ‘ओ-लेवल’ एवं ‘सीसीसी’ कम्प्यूटर प्रशिक्षण हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी स्मृति गौतम ने बताया कि निदेशक, पिछड़ा वर्ग कल्याण, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में यह प्रशिक्षण भारत सरकार की संस्था नीलिट (NIELIT) से मान्यता प्राप्त संस्थाओं के माध्यम से कराया जाएगा।
योजना के तहत वही अभ्यर्थी पात्र होंगे जो अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से संबंधित हों, न्यूनतम इंटरमीडिएट उत्तीर्ण हों तथा उनके माता-पिता/अभिभावकों की सभी स्रोतों से वार्षिक आय एक लाख रुपये तक हो।
इच्छुक अभ्यर्थी 20 जुलाई 2026 तक योजना के पोर्टल https://obccomputertraning.upsdc.gov.in⁠� पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना की पात्रता, दिशा-निर्देश एवं अन्य जानकारी विभाग की वेबसाइट https://backwardwelfare.up.gov.in⁠� पर उपलब्ध है।
ऑनलाइन आवेदन करने के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र की हार्डकॉपी आवश्यक अभिलेखों सहित 20 जुलाई 2026 को सायं 5 बजे तक जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय, कक्ष संख्या-208, विकास भवन, हाथरस में जमा कराना अनिवार्य होगा। विभाग ने अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की है।

एम.फार्म की डिग्री प्राप्त कर पारस सैंगर ने बढ़ाया जनपद का मान

हाथरस। ” होनहार पूत के होत चिकने पांव “यह कहावत जनपद हाथरस के राजनगर निवासी पारस सैंगर पर पूरी तरह चरितार्थ होती है। अपनी प्रतिभा, कठिन परिश्रम और निरंतर लगन के बल पर उन्होंने डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) के 24वें दीक्षांत समारोह में मास्टर ऑफ फार्मेसी (एम.फार्म) की डिग्री प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे जनपद का नाम गौरवान्वित किया है। पारस की सफ़लता पर उन्हें क्षेत्रवासियों ने बधाइयां दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद हाथरस के राजनगर निवासी उमेश कुमार सैंगर के पुत्र पारस सैंगर ने अपनी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के बल पर डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) से मास्टर ऑफ फार्मेसी (एम.फार्म) की डिग्री प्राप्त की है।

दीक्षांत समारोह में डिग्री प्राप्त करने के बाद पारस सैंगर को उनके परिवार, गुरुजनों, मित्रों, शुभचिंतकों एवं क्षेत्रवासियों ने हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस उपलब्धि को लेकर परिवार में खुशी का माहौल है और क्षेत्र के लोगों ने इसे पूरे जनपद के लिए गर्व का विषय बताया।

पारस सैंगर ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों एवं परिवार के सदस्यों के निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन और प्रेरणा को देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा को प्राथमिकता देने और अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश भी दिया।

क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने पारस सैंगर की इस उपलब्धि को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि शिक्षा ही सफलता का सबसे सशक्त माध्यम है। उनकी यह सफलता निश्चित रूप से जिले के अन्य विद्यार्थियों को भी उच्च शिक्षा प्राप्त करने और अपने क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित करेगी।

पारस सैंगर की इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे हाथरस जनपद में हर्ष और गौरव का वातावरण है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल करियर के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

भव्य प्रभात परिवार आपके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है।

You cannot copy content of this page