Breaking News
बाल कुंभ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग सह प्रचार प्रमुख राज नारायण बोले-बालकों को साक्षात दर्शन देने यहां आते हैं भगवान

अतरौली : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से आयोजित बाल कुंभ राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत रहा। अतरौली के पाली रोड पर सरस्वती विद्या मंदिर में कार्यक्रम में योग, व्यायाम के साथ बाल स्वयंसेवकों ने राष्ट्र सेवा का संकल्प लिया। स्वयंसेवकों का उत्साह देखते ही बनता था।


मुख्य वक्ता व विभाग सह प्रचार प्रमुख राज नारायण, जिला संघचालक राम निवास, कार्यक्रम अध्यक्ष जगवीर ने मां भारती के सामने दीप प्रज्ज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्य वक्ता ने कहा कि इस देश में बालकों ने बहुत बड़े बड़े कार्य किए हैं। देश की रज में राम और कृष्ण खेलेकूदे हैं। जिन्होंने किशोरावस्था में बड़े बड़े राक्षसों का वध किया। यह कार्य वह इसलिए कर सकें क्योंकि वह अपने गुरु, माता और पिता की आज्ञा का पालन करते थे। इससे उनके अंदर संस्कार विकसित हुई और उनकी शक्ति बढ़ी। हमें भी अपनी शक्ति को बढ़ाना है तो अपने पूर्वजों और अपने माता पिता का सम्मान करना चाहिए। राज नारायण सिंह ने कहा कि हमारे यहां बालकों में असीम शक्ति रही है। हनुमान जी ने बचपन में ही सूर्य को ग्रहण कर लिया था। ध्रुव और प्रहलाद ने अपने तपोबल से साक्षात भगवान के दर्शन किए। वीर हकीकत राय ने अपने धर्म की रक्षा के लिए अपना बलिदान दे दिया। फतेह सिंह, जोरावर दीवार में चुनवा दिए गए, मगर अपने धर्म से डिगे नहीं। हमारे यहां बालकों की कहानियां काल्पनिक नहीं, बल्कि वास्तविक है। हमें संघ संस्थापक डाक्टर हेडगेवार की तरह स्वाभिमानी होना चाहिए, जिन्होंने ने रानी विक्टोरिया के राज्यारोहण कार्यक्रम को लेकर मिली मिठाई को उठाकर फेंक दिया। डाक्टर साहब ने कहा कि जिसके हम गुलाम है, उसकी मिठाई कैसे खा सकते हैं? बालपन से वह राष्ट्र भावना से ओतप्रोत थे। राम निवास ने कहा कि बच्चों का मन बहुत प्रबल होता है। इसलिए वह कुछ भी कर सकते हैं। कार्यक्रम अध्यक्ष जगवीर ने कहा कि बच्चों को पौराणिक कथाएं जरूर पढ़नी चाहिए। जिला प्रचारक विश्व प्रताप, जिला कार्यवाह रामकरन सिंह, शारीरिक प्रमुख धर्मेंद्र, बौद्धिक प्रमुख नीरज, प्रचारक बजरंगी, शिवम आदि थे।

राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों का हो निस्तारण:जनपद न्यायाधीश
हाथरस। उच्च न्यायालय, इलाहाबाद एवं उ.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के आदेशानुसार जनपद न्यायाधीश विनय कुमार-तृतीय की अध्यक्षता में  प्रस्तावित 9 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों के निस्तारण के सम्बन्ध में प्रशासनिक अधिकारीगण के साथ वीडियो काॅन्फ्रेन्स कक्ष में सम्पन्न हुई। जनपद न्यायाधीश द्वारा समस्त प्रशासनिक अधिकारीगण से राष्ट्रीय लोक अदालत हेतु चिन्हित किये वादों एवं उनमें जारी सम्मन, नोटिस तथा अब तक जारी किये गये नोटिसों की तामीला की अद्यतन स्थिति के सम्बन्ध में जानकारी ली गयी तथा सभी प्रशासनिक अधिकारीगण को राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों के निस्तारण के सम्बन्ध में दिशा-निर्देश दिये गये। इसके अतिरिक्त उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे वाद जो काफी पुराने हैं, उन्हें सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किये जाने हेतु पक्षकारों को प्रेरित करें, जिनको सुलह-समझौते के आधार पर राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से निस्तारित किया जा सकता है को चिन्हांकित करते हुये उनके निस्तारण के सम्बन्ध में भरसक प्रयास किये जायें, जिससे इस राष्ट्रीय आयोजन को सफल बनाया जा सके। 

इस अवसर पर जनपद न्यायालय, हाथरस में प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय, बाबूराम, जिलाधिकारी, अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक, चिरन्जीव नाथ सिन्हा, विशेष न्यायालय(पोक्सो अधिनियम), निर्भय नारायण राय, अपर जनपद न्यायाधीश, विजय कुमार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, सूरज मिश्रा, न्यायिक मजिस्ट्रेट, खुश्बू चन्द्रा, जेलर, देव दर्शन सिंह, आदि उपस्थित रहे।
आधार कार्यों में किसी प्रकार की न हो देरी या त्रुटि , प्रत्येक नागरिक को सभी सेवाएँ आसानी से हो उपलब्ध सीडीओ

हाथरस । विगत दिनांक जनपद स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति की बैठक विकास भवन में करते हुए मुख्य विकास अधिकारी पी0एन0 दीक्षित ने आधार कार्ड से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निदान करने और नए आधार कार्ड बनाने हेतु आम जन की सुविधा हेतु अधिक से अधिक कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आधार से जुड़े कार्यों में गति और सटीकता बनाए रखने, लाभार्थियों को सुगम सेवाएँ प्रदान करने और समयबद्ध कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंजीकरण और अद्यतन केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं का समय पर प्रावधान किया जाए। किसी भी प्रकार की शिकायत या समस्या के त्वरित निवारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधार नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहचान है और इसका सटीक एवं समय पर अद्यतन होना आवश्यक है। जनपद में आधार कार्यों में किसी प्रकार की देरी या त्रुटि न हो, और प्रत्येक नागरिक को उनकी डिजिटल पहचान से संबंधित सभी सेवाएँ आसानी से उपलब्ध हों।
बैठक के दौरान सहायक प्रबन्धक, यू०आई०डी०ए०आई०, क्षेत्रीय कार्यालय, लखनऊ संदेश श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि हाथरस जनपद ने मैंडेटरी बायोमेट्रिक अपडेट के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश में 14वां स्थान प्राप्त किया है, जो जनपद के लिए एक सराहनीय उपलब्धि है। यह उपलब्धि प्रशासन, संबंधित विभागों तथा आमजन की जागरूकता का सकारात्मक परिणाम है। मैंडेटरी बायोमेट्रिक अपडेट अर्थात 5 से 17 वर्ष तक के बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट कराना अत्यंत आवश्यक है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण द्वारा यह सुविधा सितंबर 2026 तक निःशुल्क उपलब्ध कराई गई है। अभिभावकों से अपील की जाती है कि वे अपने बच्चों का समय रहते बायोमेट्रिक अपडेट अवश्य कराएं, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने जानाकरी देते हुए बताया कि जनपद हाथरस में एक नया आधुनिक आधार सेवा केन्द्र ( 5/5 आवास विकास कॉलोनी, केडीआर कॉम्प्लेक्स, एमजी पॉलिटेक्निक गेट नंबर 1 के सामने, आगरा रोड, हाथरस) शुरू किया गया है, जहां अपग्रेडेड सेवाओं के साथ नागरिकों को बेहतर सुविधा प्रदान की जा रही है।

हाथरस पुलिस ने 31 लाख 6 हज़ार 500 रुपए के मादक पदार्थ का किया विनष्टीकरण

हाथरस।नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन दहन” के तहत हाथरस पुलिस ने एक बड़ी और निर्णायक कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में करीब 31 लाख 6 हजार 500 रुपये मूल्य के मादक पदार्थों का विधिसम्मत विनष्टीकरण किया गया है।
यह अभियान उत्तर प्रदेश में नशा मुक्त वातावरण बनाने के उद्देश्य से पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर 1 मार्च से 31 मई 2026 तक चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 29 अप्रैल को हाथरस पुलिस ने जनपद के विभिन्न थानों में दर्ज 48 अभियोगों से संबंधित जब्त मादक पदार्थों को नष्ट किया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित विशेष टीम द्वारा पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई। बताया गया कि लंबे समय से थानों के मालखानों में जमा इन मादक पदार्थों का विनष्टीकरण आगरा के एत्मादपुर स्थित अधिकृत वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में किया गया। इस दौरान कुल लगभग 11.427 किलोग्राम मादक पदार्थ नष्ट किए गए।
विनष्ट किए गए पदार्थों में नशीला पाउडर, स्मैक, गांजा, चरस, डोडा और अफीम शामिल हैं, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 31 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। हाथरस पुलिस ने इस कार्रवाई के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया है कि नशा तस्करों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई गई है और ऐसे अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का कहना है कि इस तरह के अभियान न केवल अपराध पर नियंत्रण लगाने में मददगार हैं, बल्कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम हैं।

कन्या इंटर कॉलेज, प्रधानाचार्या डॉ. उमा सिंह सम्मानित ,छात्राओं की उपलब्धि और बोर्ड परीक्षा परिणाम के लिए मिली सराहना

हाथरस। शिक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित राष्ट्रीय आय आधारित योग्यता परीक्षा में विद्यालय की 13 छात्राओं के सफल चयन पर कन्या इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्या श्रीमती उमा सिंह को सम्मानित किया गया। गुरूवार को सम्मान समारोह में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष रणवीर सिंह और मंडलीय प्रधानाचार्य परिषद के अध्यक्ष दिलीप कुमार अमौरिया ने कॉलेज पहुंचकर प्रधानाचार्या डॉ. उमा सिंह को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह और पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान दिलीप कुमार अमौरिया ने कॉलेज की कक्षा दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं के उत्कृष्ट परिणामों की सराहना करते हुए कॉलेज स्टाफ और प्रधानाचार्या को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यालय के उत्तरोत्तर विकास और भविष्य में हर क्षेत्र में अग्रणी बने रहने की कामना भी की। कार्यक्रम में विद्यालय के स्टाफ की ओर से भानुप्रताप (सहा. अध्यापक, अंग्रेजी), कुश कटारा (सहा. अध्यापक, सामाजिक विज्ञान), आशीष दुबे (सहा. अध्यापक, हिंदी), श्रीमती रचना रानी (प्रवक्ता, कला), श्रीमती सलोनी शर्मा (प्रवक्ता, अंग्रेजी), श्रीमती मीनाक्षी चौधरी (सहा. अध्यापिका, गणित) तथा श्रीमती सुरभि और वंदना उपस्थित रहे। समारोह के अंत में प्रधानाचार्या डॉ. उमा सिंह ने उपस्थित सभी अतिथियों और स्टाफ सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने भविष्य में भी विद्यालय को विभिन्न क्षेत्रों में सर्वश्रेष्ठ बनाए रखने और निरंतर विकास करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

साहित्यकार डॉ. लक्ष्मीनारायण गर्ग को पांचवीं पुण्यतिथि पर स्मरण कर अर्पित की श्रद्धांजलि ,गर्ग ने संगीत और साहित्य के क्षेत्र में दिया अमूल्य योगदान

हाथरस। ब्रज कला केंद्र के बैनर तले आगरा रोड स्थित श्री राधाकृष्ण कृपा भवन कार्यालय में पद्मश्री काका हाथरसी के सुपुत्र, प्रख्यात संगीतज्ञ, फिल्म निर्देशक-निर्माता एवं साहित्यकार डॉ. लक्ष्मीनारायण गर्ग की पांचवीं पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में उपस्थित साहित्यकारों, कलाकारों एवं गणमान्य जनों ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इससे पूर्व ‘अपना घर आश्रम’ में संगीत कार्यालय के प्रबंधक शरण गोपाल के साथ लक्ष्मण सिंह, मनीष कुमार आदि ने अशोक गर्ग की प्रेरणा से प्रभुजनों को प्रसादी भोज ग्रहण कराया।
स्मृति सभा का संचालन करते हुए ब्रज कला केंद्र के अध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने कहा कि डॉ. गर्ग ने संगीत और साहित्य के क्षेत्र में अनेक उत्कृष्ट ग्रंथों की रचना कर अमूल्य योगदान दिया। अविनाश पचौरी ने कहा कि संगीत कार्यालय के विकास में गर्ग साहब का विशेष समर्पण रहा। पंडित संतोष मुखिया ने उन्हें हाथरस की शान बताया।
हरीशंकर वर्मा ने कहा कि ‘जमुना किनारे’ फिल्म के माध्यम से उन्होंने ब्रज भाषा को सिनेमा जगत में नई पहचान दिलाई। रोशनलाल वर्मा ने उनके साहित्यिक योगदान को अमूल्य बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए आशु कवि अनिल बोहरे ने कहा कि डॉ. लक्ष्मीनारायण गर्ग शांत स्वभाव के गहन अध्येता थे, जिन्होंने गृहस्थ जीवन में रहते हुए भी सन्यासी जैसी साधना से संगीत की सेवा की।
कार्यक्रम के अंत में नगर के कवि दिनेश राज कटारा एवं गणपति गणेश को श्रद्धांजलि अर्पित कर सभा का समापन किया गया।
इस अवसर पर कवि वासुदेव उपाध्याय, बाबा देवी सिंह निडर, कपिल नरूला, संतोष उपाध्याय, पीयूष अग्निहोत्री, राजेन्द्र सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे

ग्रामीण महिलाएं बनेंगी आत्मनिर्भर, 12 दिवसीय अगरबत्ती निर्माण प्रशिक्षण का समापन

हाथरस। ब्लॉक सासनी के गांव बसई काजी में ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरएसईटीआई) द्वारा आयोजित 12 दिवसीय अगरबत्ती निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का हर्षोल्लास के साथ समापन हो गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
गुरूवार को समापन समारोह के मुख्य अतिथि और संस्थान के निदेशक सुनील कुमार झा ने स्वयं प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र सौंपे। उन्होंने संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में हुनरमंद होना बेहद जरूरी है। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम न केवल ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाते हैं, बल्कि उन्हें स्वरोजगार स्थापित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की राह भी दिखाते हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को अगरबत्ती निर्माण की बारीकियों से रूबरू कराया गया। इसमें अगरबत्ती बनाने की विधि, कच्चे माल का चयन, आकर्षक पैकेजिंग और तैयार उत्पाद को बाजार में बेचने (मार्केटिंग) के गुर सिखाए गए। प्रमाण पत्र पाकर प्रशिक्षुओं के चेहरे खिल उठे। सभी प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ संकल्प लिया कि वे इस कौशल का उपयोग कर अपना स्वयं का व्यवसाय शुरू करेंगे। इस दौरान संस्थान के अन्य कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

राष्ट्रीय जंबूरी एवं ग्रैंड फिनाले डायमंड जुबली में प्रतिभागियों को किया सम्मानित

हाथरस। भारत स्काउट गाइड उत्तर प्रदेश जनपद हाथरस के तत्वधान में जिला मुख्य आयुक्त/ जिला विद्यालय निरीक्षक श्री संत प्रकाश के निर्देशन और जिला संगठन आयुक्त श्री धीरेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में जनपद हाथरस से 86 स्काउट/ गाइड/ स्काउटर/गाइडर ने भारत स्काउट एवं गाइड उत्तर प्रदेश लखनऊ में आयोजित 19 वीं राष्ट्रीय जंबूरी/ग्रांड फिनाले डायमंड जुबली में प्रतिभाग किया था जिसमें नाइट हाइक में हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम, विभिन्न राष्ट्र और विभिन्न भारतीय प्रदेशों के स्काउट गाइड के मध्य उत्तर प्रदेश राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए गाइड कैप्टन संगीता वार्ष्णेय के निर्देशन में हनुमान चालीसा, डी. ओ .सी धीरेन्द्र प्रताप सिंह और ऋषि कुमार वार्ष्णेय के निर्देशन में ऊंट नृत्य और काली नृत्य का प्रदर्शन कर सर्वाधिक प्रशंसा प्राप्त की और जनपद हाथरस तथा भारत स्काउट एंड गाइड उत्तर प्रदेश का नाम ग्लोबल स्तर पर प्रशंसनीय पहचान बनाने पर योगदान किया। इस उपलब्धि पर आज राष्ट्रीय मुख्यालय द्वारा प्रदेश मुख्यालय से प्राप्त प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया इस अवसर पर प्रधानाचार्य/जिला आयुक्त सत्यभान गुप्ता,जिला सचिव डॉ. दिलीप कुमार अमौरिया, संयुक्त सचिव डॉ दीपक जैन, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार,डॉ राजीव कुमार अग्रवाल, राजेश कुमार, डॉ. राजीव कुमार, डॉ. उमा सिंह, जिला अध्यक्ष मा शिक्षक संघ रनवीर सिंह, जसराम सिंह, रूपेश कुमार गौतम आदि उपस्थित थे।

बिजली की विभिन्न समस्याओं को लेकर राष्ट्रीय लोकदल कार्यकर्ता पहुंचे ओड़पुरा बिजली घर, जिलाध्यक्ष ने अधिकारियों को क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं से कराया अवगत

हाथरस। बिजली की विभिन्न समस्याओं को लेकर राष्ट्रीय लोक दल के जिला अध्यक्ष श्याम प्रधान अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ मथुरा रोड स्थित ओढ़पुरा बिजली घर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से अधिकारियों को क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं से अवगत कराया। जिला अध्यक्ष श्याम प्रधान ने बताया कि मुरसान क्षेत्र में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली से जनता काफी परेशान है। लगातार हो रही बिजली कटौती और टूटे हुए तारों की मरम्मत न होने के कारण किसानों और आम जनमानस को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद भी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। इसी के चलते राष्ट्रीय लोक दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता स्वयं बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों के सामने अपनी मांगें रखीं। उन्होंने मनमानी करने वाले जेई और विद्युत लाइनमैन को हटाने की मांग भी की। श्याम प्रधान ने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश और केंद्र में चल रही सरकार की छवि को विद्युत विभाग के कुछ अधिकारी खराब करने का काम कर रहे हैं। चाहे स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याएं हों या अन्य तकनीकी दिक्कतें, किसी का भी समय पर समाधान नहीं किया जा रहा है। इस मौके पर बड़ी संख्या में किसान, राष्ट्रीय लोक दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

श्री हरिहरात्मक दिव्य महायज्ञ हेतु भूमि पूजन संपन्न, गांव सठिया में 19 मई से होगा भव्य आयोजन

हाथरस। गांव सठिया में आगामी 19 मई से 25 मई तक आध्यात्मिक ऊर्जा के संचार और लोक कल्याण के उद्देश्य से आयोजित होने वाले श्री हरिहरात्मक दिव्य महायज्ञ की तैयारियाँ जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में यज्ञ स्थल पर विधि-विधान के साथ भूमि पूजन का आयोजन किया गया।
बुधवार को आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व प्रधान सुमित चौधरी मौजूद रहे, जिनके द्वारा भूमि पूजन की औपचारिकताएं पूर्ण की गईं। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर यज्ञ की निर्विघ्न समाप्ति और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की गई। इस अवसर पर आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करने के लिए कुंज बिहारी, पंडित खगेन्द्र शास्त्री विशेष रूप से उपस्थित रहे, कार्यक्रम के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा और भक्तों में भारी उत्साह देखने को मिला। भूमि पूजन के दौरान दीपक भारद्वाज, शैलेश शर्मा, शिशुपाल सिंह, शांतनु, अमित चौधरी, विद्या निवास, कृष्णकान्त, कान्हा, कृष्णा, अर्चित गौतम, गौरव, मोहित वजरंगी, गोपाल आदि मौजूद रहे। आयोजन समिति ने बताया कि 19 मई से शुरू होने वाला यह सात दिवसीय महायज्ञ दिव्य और भव्य होगा। इसमें प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान और विद्वानों के प्रवचन होंगे। स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं से इस महायज्ञ में बढ़-चढ़कर सम्मिलित होने की अपील की गई है।

You cannot copy content of this page